Showing posts with label समान नागरिक संहिता. Show all posts
Showing posts with label समान नागरिक संहिता. Show all posts

Friday, December 9, 2022

बतकाव बिन्ना की | समान नागरिक संहिता औ भैयाजी को ब्याऔ | डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह | बुंदेली कॉलम | बुंदेली व्यंग्य | प्रवीण प्रभात

"समान नागरिक संहिता औ भैयाजी को ब्याऔ"  मित्रो, ये है मेरा बुंदेली कॉलम "बतकाव बिन्ना की" साप्ताहिक #प्रवीणप्रभात , छतरपुर में।
------------------------
बतकाव बिन्ना की      
समान नागरिक संहिता औ भैयाजी को ब्याऔ                             
- डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह
            भैयाजी आए, सो उनके मूंड़ पे बंधों गमछा देख के मोसे रहो नई गऔ। मैंने पूछी-‘‘भैयाजी, अबे तो सीतलहर नई चल रई फेर आप काए के लाने अपने मूंड़ पे जे गमछा बांधें फिर रए हो?’’
‘‘ने पूछो बिन्ना! बड़ो मूंड़ पिरा रओ।’’ भैयाजी मुरझाए भए बोले।
‘‘ठंड-मंड लग गई का? दिन में सो नई पड़ रई, मनो रात की बेरा जरूर ठंड हो जात आए। रात को ठंड खा लई आपने, है न!’’ मैंने भैयाजी से पूछी।
‘‘नईं, हमें ठंड नईं लगी।’’ भैयाजी ने कही।
‘‘फेर काए के लाने पिरा रओ? आपने कछू ज्यादई सोच-फिकर कर लई का? बाकी सोच-फिकर में सो आपको घूंटा दुखो चाइए।’’ मैंने भैयाजी से ठिठोली करी।
‘‘हऔ-हऔ, उड़ा लेओ मजाक! बिपदा के मारे को कोनऊ सहूरी नईं बंधात।’’ भैयाजी कछु ज्यादई दुखियारे से हो के बोले। मोए लगो कि हो न हो, बात सीरियस आए।
‘‘अरे, मैं माजक नईं उड़ा रई। आप बताओ तो के भओ है?’’ मैंने भैयाजी से फेर के पूछी।
‘‘बतानेई परहे?’’ भैयाजी बोले।
‘‘औ का! बताबे से मूंड़ की पीरा सोई कम हो जेहे।’’ मैंने भैयाजी से कही।
‘‘पीड़ा सो कम ने हुइए। मनो तुम जाने बिना पीछा सो छोड़हो नईं।’’ भैयाजी बोले।
‘‘जे तो आपने सांची कई। आप सो जानत हो के जबलों मोय पूरी बात पतो ने पर जाए, मोरे कलेजे खों ठंडक नईं परत।’’ मैंने भैयाजी से कही।
‘‘चलो, हम बता रए। बाकी हमपे हंसियो नईं।’’ भैयाजी ने कही। जाने कोन सी बात हती के बे बताबे में इत्तो हिचक रए हते। उनकी हिचक देख के मोए रहाई नईं पर रई हती।
‘‘अब बताई दो भैयाजी! बुझव्वल ने बुझाओ!’’मैंने भैयाजी से कही। जानबे के लाने मनो मोरे प्रान कलेजा से निकर के बाहरे टहलन लगे।
‘‘भओ जे बिन्ना के हम पढ़ रए हते अखबार! हमें दिखा गई बा वारी खबर, जीमें समान नागरिक संहिता लागू करबे के लाने अपने शिवराज भैया ने कई हती के एक लुगाई होत भए दूसरो ब्याओ नईं भओ चाइए। जे कानून लागू हो जेहे सो, कोनऊं एक से ज्यादा घरवारी ने रख पाहे। जे पढ़के हमें ठिठोली सूझी। रामधई जाने कोन सी मनहूस घड़ी हती के हमने तुमाई भौजी से कही के, जे लेओ हम सो सोच रए हते के अपनो धरम बदल के दो-चार ब्याऔ कर लओ जाए, मनो जे कानून आ गओ सो कछू ने हो पाहे। बस, इत्तो सुनाई परी के तुमाई भौजी ने चौका सेई ऐसो फेंक बेलन मारो के किरकेट को कोनऊं बाॅलर बी ने मार पाहे। बाॅलर की बाॅल से विकेट औ गुल्ली गिरे ने गिरे बाकी तुमाई भौजी को बेलन ऐसो निशाने पे परो के हमाओ मूंड चटक गओ। जे देखो!’’ कैत भए भैयाजी अपने मूंड पे बंधो गमछा खोल दओ।
‘‘अई दईया!! जे का हो गओ?? जे इत्त्तो बरो गूम्मड़??’’ मोरी आंखें मिचमिचा के रै गईं। भैयाजी के मूंड पर जेई कोई डेढ़ इंची को गूम्मड़ निकर आओ हतो। अब मूंड़ पे इत्तो बरो गूम्मड़ हुइए सो मूंड़ पिराहेई।
‘‘देख लओ! पड़ गई सहूरी?’’ भैयाजी बोले।
‘‘अरे, काय की सहूरी? आपके मूंड़ को जे गूम्मड़ देख के सो मोरो मूंड़ पिरान लगो। कहूं कोनऊं हड्डी-मड्डी सो नईं चटक गई?’’ मैंने भैयाजी से पूछी।
‘‘जी टेम पे बेलन घलो हतो, ऊ टेम पे तो मोए सोई जे लगो हतो के गई कोनऊ हड्डी। ऐसो मूंड़ भिन्नाओ के कछू देर सो कछू समझ में ने आई के हो का गओ? ऐसो लगो के मनो छत टूट के मूंड़ पे आ गिरी होय। घींच मोड़ के ऊपर खों देखी तो समझ में आओ के छत सो अपनी जांगा पे आए, हमाओ मूंड़ई कहूं सरक गओ।’’ भैयाजी बोले।
‘‘जे सो वाकई बड़ी वारी ट्रेजडी हो गई आपके संगे!’’ मैंने भैयाजी से कही।
‘‘अब हमें का पतो रओ के तुमाई भौजी हमाई ठिठोली खों इत्ती सीरियस ले लेहें के हमाई दसा सीरियस कर देहें।’’ भैयाजी बोले।
‘‘फेर भौजी सो बड़ी दुखी भई होई हुइएं।’’ मैंने भैयाजी से पूछी।
‘‘अरे, राम को नांव लेओ! बे औ दुखी? हमने उनसे कही के हम सो तुमाए संगे ठिठोली कर रए हते औ तुमने हमाओ मूंड़ फोड़ दओ! कहूं ऐसो करो जात आए? सो बे बोलीं, हऔ ऐसी-कैसी ठिठोली? ऐसी बात तुमाए मूंड़ में आई, सो आई कैसे? अबे सो हमने तुमाओ मूंड़ चटकाओ है, औ जो कहूं तुमने दूसरो ब्याऔ के बारे में फेर के सोची बी सो जान लेओ, चलन-फिरन जोग ने बचहो!’’ भैयाजी ने बताई।
‘‘ऐसी कई उन्ने?’’ मोए हंसी आई गई।
‘‘हमें पतो रओ के तुम हंसहो जरूर हमाई दसा पे।’’ भैयाजी मों बनात भए बोले।
‘‘अरे नईं भैयाजी, मैं आपकी दसा पे नईं हंस रई, मोए तो जे बात सोच के हंसी आ गई के सारी भौजियां ऐसईं हो जाएं सो कोनऊं कानून की जरूरतई ने परहे। सबरे लुगवा एकई घरवाली से खुसा रैहें, दूसरी के बारे में सोचबे की हिम्मतई ने करहें। ई तरहा ब्याऔ के मामले में समान नागरिक संहिता खुदई लागू हो जेहे।’’ मोए फेर के हंसी आ गई।
‘‘हंस लेओ, हंस लेओ! मोरी दसा सो ऊंसई हो गई के- खाओ न पियो औ गिलास फोड़ो बारा आना!’’ भैयाजी बोले। फेर कहन लगे,‘‘बात का है बिन्ना के कछू हरें मनो खाली दूसरो, तीसरो ब्याऔ करबे के लाने धरम बदल लेत आएं। ऐसो करो नई चाइए। ऐसो कर के एक तो आप धरम को मज़ाक बनात हो, ऊपे लुगाइयन की जिनगी से खिलवाड़ करत हो। बाकी तुमाई भौजी जे मामले में बड़ी कड़क ठैरीं। बे हंसी-ठिठोली में बी ऐसी बातें सहन नईं करत आएं। उनको कैनो रैत आए के आप ने गलत बात सोची तो जे मानो के आप के मन में बा गलत करबे की इच्छा कहूं ने कहूं, कोनऊं रूप में पाई जात है। ई मामले में सो बे ठक्का-ठाई ठैरीं। हम का, हमाई जांगा कहूं कोनऊं ओर होतो, सो ऊको मूंड बी बे चटका देतीं।’’ भैयाजी बोले।
‘‘सो सही, सो आए! ऐसो सोचोई काए जाओ चाइए? जेई लाने जे समान नागरिक संहिता कानून आ जेहे सो अच्छो रैहे! न रैहे बांस औ न बजहे बांसुरी। अब आपई सोचो के ऐसो कहूं ने होतो सो आपको बी ने सूझतो। औ ने आपको मूंड़ फूटतो!’’
‘‘हऔ, जे कानून ससुरा लागू होई जाए! वैसे बी, सबई जने के लाने एकई टाईप को कानून रओ चाइए। जे नईं के एक बेचारो एक ठइयां पे गुजारा करे औ दूसरा चार ठइयां ले आए।’’ भैयाजी बोले।
‘‘आपने फेर के बोई मूंड़ फोड़बे वारी बात कही। भौजी ने ठीकई करो, जो करो! बाकी अभई आपके दिमाग की पूरी सफाई नईं भई आए। एकाध बेलन औ परो चाइए।’’ मैंने भैयाजी से कई।
‘‘रैन दे बिन्ना! अब कभऊं ऐसो ने कैबी! अब तुम हमाओ मूंड़ फोड़ देओ, अच्छो रैहे के मैं इते से खिसक लेऊं।’’ कैत भए भैयाजी अपने मूंड़ पे फेर के गमछा बांधत भए चले गए।  
बाकी मोए सोई बतकाव करनी हती सो कर लई। रई बात समान नागरिक संहिता की, सो जे कानून लागू भओ चाइए। ईसे सबई को भलो हुइए, चाय बो कोनऊं जात, धरम को होय। तो अब अगले हफ्ता करबी बतकाव, तब लों जुगाली करो जेई की। सो, सबई जनन खों शरद बिन्ना की राम-राम!
 -----------------------------   
(09.12.2022)
#बतकावबिन्नाकी #डॉसुश्रीशरदसिंह #बुंदेली #बुंदेलखंड #बिन्ना #भैयाजी #बतकाव #BatkavBinnaKi #DrMissSharadSingh #Bundeli
#Bundelkhand #Binna #Bhaiyaji #Batkav #बुंदेलीव्यंग्य

Thursday, December 8, 2022

चर्चा प्लस | समान नागरिक संहिता के कठिन रास्ते में वोट बैंक | डॉ (सुश्री) शरद सिंह | सागर दिनकर

चर्चा प्लस  
समान नागरिक संहिता के कठिन रास्ते में वोट बैंक
        - डाॅ (सुश्री) शरद सिंह                                                                                      
       हमारे देश की विशेषता है, विविधता में एकता। इस विविधता पर हम गर्व करते हैं। फिर भी कभी-कभी यह विविधता कानूनी परेशानियां पैदा कर देती है। तब प्रश्न उठने लगता है कि जब भारत के सभी नागरिक एक समान हैं तो उन पर एक-सा कानून लागू क्यों नहीं होता? देश की स्वतंत्रता के बाद से ही यह प्रश्न सुगबुगाता रहा है लेकिन वोट बैंक टूटने का डर जोख़िम उठाने नहीं देता है। लेकिन एक बार फिर आवाज़ उठ रही है, वह भी सत्तापक्ष की ओर से। क्या सत्तापक्ष जोखिम उठा सकेगा? क्या वोट बैंक टूटने का भय सच या मिथ्या? चलिए देखते हैं कि क्या कठिनाइयां हैं समान नागरिक संहिता में।
सबसे पहले तो समझना होगा कि समान नागरिक संहिता दरअसल है क्या? विश्व के अधिकतर आधुनिक देशों में ऐसे कानून लागू हैं। समान नागरिक संहिता से संचालित पन्थनिरपेक्ष देशों की संख्या बहुत अधिक है-जैसे कि अमेरिका, आयरलैंड, पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया, तुर्की , इंडोनेशिया, सूडान, इजिप्ट, जैसे कई देश हैं जिन्होंने समान नागरिक संहिता लागू किया है। भारत में समान नागरिक संहिता लागू नहीं है, बल्कि भारत में अधिकतर निजी कानून धर्म के आधार पर तय किए गए हैं। हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध के लिए एक व्यक्तिगत कानून है, जबकि मुसलमानों और इसाइयों के लिए अपने कानून हैं। मुसलमानों का कानून शरीअत पर आधारित है अन्य धार्मिक समुदायों के कानून भारतीय संसद के संविधान पर आधारित हैं।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी अर्थात यूनीफाॅर्म सिविल कोड) पर देश में पहली बार ब्रिटिश सरकार ने सन 1885 में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए अपराधों, सबूतों और अनुबंधों जैसे विभिन्न विषयों पर भारतीय कानून के संहिताकरण में एकरूपता लाने की आवश्यकता पर बल दिया था। यद्यपि इसमें भी वह अपने मूल उद्देश्य को भूली नहीं और उसने रिपोर्ट में हिंदू और मुस्लिमों के व्यक्तिगत कानूनों को इस एकरूपता से बाहर रखने की सिफारिश की। अन्यथा फूट डालो, राज करो का उनका उद्देश्य पूरा कैसे होता? फिर सन 1941 में हिंदू कानून को संहिताबद्ध करने के लिए बी.एन. राव समिति गठित की गई। बी.एन. राव समिति  ने कई सिफारिशें की। इन सिफारिशों के आधार पर हिंदुओं, बौद्धों, जैनों और सिखों के लिए निर्वसीयत उत्तराधिकार से संबंधित कानून को संशोधित एवं संहिताबद्ध करने हेतु वर्ष 1956 में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के रूप में एक विधेयक को अपनाया गया। यद्यपि मुस्लिम, ईसाई और पारसी समुदाय के अपने अलग-अलग व्यक्तिगत कानून थे। जिन्हें यथावत रहने दिया गया।
देश की स्वतंत्रता के बाद से समान नागरिक संहिता की मांग समय-समय पर उठाई जाती रही है। इसके तहत ऐसे कानून की अनुशंसा की जाती है जिसमें किसी धर्म, लिंग और लैंगिक झुकाव की परवाह नहीं की जाएगी। जवाहरलाल नेहरू ने भी समान नागरिक संहिता का समर्थन किया था लेकिन उन्हें कई वरिष्ठ नेताओं द्वारा विरोध का सामना करना पड़ा था। जिससे मामला जहां के तहां अटक गया था। कानून में समरूपता लाने के लिए विभिन्न न्यायालयों ने भी कई बार अपने निर्णयों में कहा कि सरकार को एक समान नागरिक संहिता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
वर्तमान में भारत में गोवा ही एकमात्र ऐसा राज्य है जहां समान नागरिक संहिता लागू है। यह अवश्य है कि अधिकांश भारतीय कानून, सिविल मामलों में एक समान नागरिक संहिता का पालन करते हैं, जैसे- भारतीय अनुबंध अधिनियम, 1872, नागरिक प्रक्रिया संहिता, संपत्ति हस्तांतरण अधिनियम, 1882, भागीदारी अधिनियम, 1932, साक्ष्य अधिनियम, 1872 आदि। वैसे राज्यों ने कई कानूनों में संशोधन किए भी हैं परंतु धर्मनिरपेक्षता संबंधी कानूनों में अभी भी विविधता है।
भारत में हिन्दुओं के लिए हिन्दू कोड बिल लाया गया था। देश में इसके विरोध के बाद इस बिल को चार हिस्सों में बांट दिया गया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने इसे हिन्दू मैरिज एक्ट, हिन्दू सक्सेशन एक्ट, हिन्दू एडॉप्शन एंड मैंटेनेंस एक्ट और हिन्दू माइनोरिटी एंड गार्जियनशिप एक्ट में बांट दिया था। समय के साथ इसमें और संशोधन हुए और इस कानून ने महिलाओं को सीधे तौर पर सशक्त बनाया। इनके तहत महिलाओं को पैतृक और पति की संपत्ति में अधिकार मिला। भिन्न जातियों के लोगों को परस्पर वैवाहिक संबंध बनाने का अधिकार मिला। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया कि कोई व्यक्ति एक पत्नी  के रहते दूसरी शादी नहीं कर सकता है।
वहीं देश के मुस्लिमों के लिए मुस्लिम पसर्नल लॉ बोर्ड बनाया गया। इसके अंतर्गत शादीशुदा मुस्लिम पुरुष अपनी पत्नी को महज तीन बार तलाक कहकर तलाक दे सकता था। यद्यपि मुस्लिम पर्सनल लॉ में तलाक के और भी तरीके दिए गए हैं, लेकिन उनमें से तीन बार तलाक भी एक प्रकार का तलाक माना गया है, जिसे अब भारतीय कानून के विरुद्ध घोषित किया जा चुका है। देखा जाए तो तीन तलाक की पृष्ठभूमि में भी अप्रत्यक्ष रूप से बहुविवाह प्रेरणा का काम करता रहा है। मुस्लिम पसर्नल लॉ विशेष परिस्थिति में एक से अधिक पत्नियां रखने की भी अनुमति देता है।
यहां फिर उल्लेख करना आवश्यक है कि समान नागरिक संहिता का उल्लेख भारतीय संविधान के भाग 4 के अनुच्छेद 44 में है। इसमें नीति-निर्देश दिया गया है कि समान नागरिक कानून लागू करना हमारा लक्ष्य होगा। सर्वोच्च न्यायालय भी कई बार समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में केन्द्र सरकार के विचार जानने की पहल कर चुका है। समान नागरिक संहिता में शादी, तलाक और जमीन-जायदाद के बंटवारे में सभी धर्मों के लिए एक ही कानून लागू होगा।
बाबा साहब अम्बेडकर, जिनके प्रयासों से हिन्दू कोड बिल पारित हो सका था, उन्होंने कहा था कि ‘‘मैं व्यक्तिगत रूप से समझ नहीं पा रहा हूं कि किसी धर्म (मजहब) को यह विशाल, व्यापक क्षेत्राधिकार क्यों दिया जाना चाहिए। ऐसे में तो धर्म, जीवन के प्रत्एक पक्ष पर हस्तक्षेप करेगा और विधायिका को उस क्षेत्र पर अतिक्रमण से रोकेगा। यह स्वतंत्रता हमें क्या करने के लिए मिली है? हमारी सामाजिक व्यवस्था असमानता, भेदभाव और अन्य चीजों से भरी है। यह स्वतंत्रता हमे इसलिए मिली है कि हम इस सामाजिक व्यवस्था में जहां हमारे मौलिक अधिकारों के साथ विरोध है वहाँ सुधार कर सकें।’’ क्योंकि हिन्दू कोड बिल लाने के पीछे उनका उद्देश्य तत्कालीन परिस्थितियों में हिन्दू महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करना था।  
ऐसे कई चर्चित मामले सामने आए जब तीन तलाक और बहुविवाह को चुनौती दी गई। सन 1985 में शाहबानो मामला, 1995 में सरला मुद्गल मामला आदि। इन मामलों के दौरान यह बात उठाई गई कि ‘तीन तलाक’ और बहुविवाह जैसी प्रथाएं एक महिमहिलाओं के सामजिक सम्मान को चोट पहुंचाने के साथ ही उनमें असुरक्षा की भावना बढ़ाती हैं। याचिकाकर्ताओं द्वारा इन्हें महिलाओं के मौलिक अधिकारों का भी हनन माना गया। याचिकाकर्ताओं ने विवाह, तलाक, भरण-पोषण और गुजारा भत्ता (पूर्व पत्नी या पति को कानून द्वारा भुगतान किया जाने वाला धन) को विनियमित करने वाले व्यक्तिगत कानूनों में एकरूपता की मांग की थी। याचिकाओं में तलाक के कानूनों के संबंध में विसंगतियों को दूर करने और उन्हें सभी नागरिकों के लिए एक समान बनाने तथा बच्चों को गोद लेने एवं संरक्षकता के लिए समान दिशा-निर्देश देने की मांग की गई थी। यहां याद रखने योग्य बात है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 44 में कहा गया है, ‘‘राज्य भारत के पूरे क्षेत्र में नागरिकों के लिए एक समान नागरिक संहिता को सुरक्षित करने का प्रयास करेगा।’’
अतः यदि आज समान नागरिक संहिता की बात फिर से उठाई जा रही है तो इसे वर्तमान सामाजिक एवं आर्थिक परिप्रेक्ष्य में देखा जाना चाहिए न कि उस परिप्रेक्ष्य में जब हिन्दू कोड बिल या मुस्लिम पर्सनल लाॅ लागू किए गए। स्थितियां बहुत बदल चुकी हैं। आज एक से अधिक विवाह परिवार की आर्थिक स्थिति को बुरी तरह से बिगाड़ देता है। बहुपत्नियां यानी बहुत सारे बच्चे। इस मंहगाई में सबका भरण-पोषण करना और उन्हें अच्छा जीवन दे पाना कठिन है। यह माना जा रहा है कि समान नागरिक संहिता लागू होने से भारत की हर धर्म की महिलाओं की स्थिति में सुधार आएगा। कुछ धर्मों के पर्सनल लॉ में महिलाओं के अधिकार सीमित हैं। इतना ही नहीं, महिलाओं का अपने पिता की संपत्ति पर अधिकार और गोद लेने जैसे मामलों में भी एक समान नियम लागू होंगे। नागरिक संहिता लागू होने से भारत की महिलाओं, बच्चों के साथ ही पुरुषों की स्थिति में भी सुधार आएगा।
एक समान नागरिक संहिता पूरे देश के लिए एक कानून सुनिश्चित करेगी जो सभी धार्मिक और आदिवासी समुदायों पर उनके व्यक्तिगत मामलों जैसे संपत्ति, विवाह, विरासत, गोद लेने आदि में लागू होगा। इससे हिंदू विवाह अधिनियम (1955), हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम (1956) और मुस्लिम व्यक्तिगत कानून आवेदन अधिनियम (1937) जैसे धर्म पर आधारित मौजूदा व्यक्तिगत कानून तकनीकी रूप से भंग हो जाएंगे।
कुछ राज्यों ने समान नागरिक संहिता लागू किए जाने की दिशा में प्रयास आरम्भ कर दिए हैं जिनमें एक है उत्तराखंड। लेकिन वह इसे लागू करने में जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं तथा जनमत पर आधारित परामर्श और सुझावों पर कार्य करना चाहते हैं। इसीलिए उत्तराखंड के लिए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का मसौदा तैयार करने वाली विशेषज्ञों की समिति का कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) राधा रतूड़ी द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया कि समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने के उद्देश्य से गठित समिति का कार्यकाल अगले साल 27 मई तक बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में राज्य में 30 विभिन्न स्थानों पर लोगों के साथ परामर्श किया जा चुका है और अब तक लगभग 2.25 लाख सुझाव प्राप्त हुए हैं। यद्यपि सार्वजनिक परामर्श प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है, समिति समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने से पहले सुझावों का विस्तार से अध्ययन करेगी।
वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने भी समान नागरिक संहिता लागू किए जाने का पक्ष लेते हुए स्पष्ट कहा कि ‘‘एक से ज्यादा शादी कोई क्यों करे? एक देश में दो विधान क्यों चलें? एक ही होना चाहिए। समान नागरिक संहिता में एक पत्नी रखने का अधिकार है, तो एक ही पत्नी होनी चाहिए।’’
एक बात तो स्पष्ट है कि भाजपा अथवा भाजपा समर्थित कुछ राज्य समान नागरिक संहिता को ले कर बहुत उत्साहित हैं, शेष राज्यों में इसी उत्साह की आवश्यकता का अनुभव किया जा रहा है। राजनीति विश्लेषक इस बात पर भी नज़र गड़ाए हुए हैं कि आगामी आम चुनावों में इसका कैसा असर पड़ेगा? लोकतंत्र में कोई भी कानून जबरन नहीं लादा जा सकता है। किसी भी कानून को बदलने या लागू करने के लिए संबंधित समुदायों की सहमति भी जरूरी होती है। फिर यह तो धर्म और समाज दोनों से संयुक्त रूप से जुद्दा मुद्दा है। इसलिए इसकी राह आसान नहीं है।
इस संदर्भ में यदि विदेशी परिदृश्य देखा जाए तो मुस्लिम बाहुल्य देश जैसे पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया, तुर्की, इंडोनेशिया, सूडान और इजिप्ट आदि  समान नागरिक संहिता कानून को अपने यहां लागू कर चुके हैं। अर्थात् इस तरह का कानून धर्म की राह में बाधा नहीं पहुंचाता है अपितु आम नागरिकों के अधिकार को बढ़ाता है। कानून विशेषज्ञों का मानना है कि लगभग अप्रासंगिक होते जा रहे जिन पुराने पर्सनल लाॅ के कारण जिन अधिकारों से वंचित रहना पड़ता है, वे अधिकार भी इस कानून के लागू होने पर प्राप्त हो सकेंगे। देश में जब भी किसी नवाचार की बात होती है तो कुछ विरोध के स्वर भी बुलंद होते हैं। यही तो लोकतंत्र की विशेषता है। यह विशेषता किसी भी कानून को लागू करने के लिए पुख़्ता धरातल तैयार करती है। विरोध की एक कठिन राह से गुज़र कर जो कानून लागू होता है, वह ठोस और असरदार परिणाम भी देता है। यही आशा की जा सकती है समूचे देश में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने की उतार-चढ़ाव वाली प्रक्रिया से। यूं भी जो कानून सभी नागरिकों को समान कानूनी अधिकार दे उसे स्वीकार किए जाने में कोई विशेष बाधा नहीं आनी चाहिए बशर्ते राजनीतिक दलों द्वारा अपने वोट बैंक टूटने का भय अस्वीकार कर दिया जाए। 
  ----------------------------
#DrMissSharadSingh #चर्चाप्लस  #सागरदिनकर #डॉसुश्रीशरदसिंह 
#समाननागरिकसंहिता  #वोटबैंक