Friday, February 18, 2022
स्व. पुष्पदंत हितकर एक सरल हृदय व्यक्ति थे - डॉ (सुश्री) शरद सिंह
Thursday, February 17, 2022
डॉ (सुश्री) शरद सिंह द्वारा डॉ हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय की दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के प्रथम सत्र की अध्यक्षता
Wednesday, February 16, 2022
महाकाल के अद्भुत प्रसंग | पुस्तकचर्चा | डॉ (सुश्री) शरद सिंह
चर्चा प्लस | बुन्देली लोकगाथाओं में महाभारत | डाॅ (सुश्री) शरद सिंह
चर्चा प्लस
बुन्देली लोकगाथाओं में महाभारत
- डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह ‘‘महाभारत’’ की कथा एक ऐसी कथा है जिसने लोकसाहित्य में भी लोकप्रियता प्राप्त की है। बुंदेली लोकसाहित्य में जितना स्थान रामकथा का है उतना ही स्थान ‘‘महाभारत’’ की कथाओं, पात्रों एवं चरित्रों का भी है। बुंदेली लोकगाथाओं में महाभारत कथा को न केवल गेयता प्रदान की गई है वरन इसे आंचलिक लक्षणों के साथ सुंदरता से आत्मसात कर लिया गया है। ये लोकगाथाएं ऐसी संपदा हैं जिन्हें बचाना ज़रूरी है।
बुन्देली लोक साहित्य गद्य और पद्य दोनों विधाओं में धनी है। बुन्देली में सामान्य जन जीवन से जुड़े संदर्भों के काव्य के साथ ही लोक गाथाएं भी सदियों से कहीं-सुनी जा रही हैं। इनमें भारतीय इतिहास के महाकाव्य कहे जाने वाले रामायण एवं महाभारत काल की कथाओं को भी गाथाओं के रूप में गाया जाता है। बुन्देलखण्ड में जगनिक के बाद विष्णुदास ने लगभग 14 वीं सदी में महाभारत कथा और रामायण कथा लिखी। विष्णुदास की महाभारत कथा 1435 ई. माना गया है। यह गाथा शैली में दोहा, सोरठा, चौपाई तथा छंदों सं युक्त है।
बुन्देली की प्रसि़द्ध महाभारतकाल संदर्भित लोकगाथाएं हैं- बैरायठा, कृष्ण-सुदामा, द्रौपदी चीरहरण तथा मेघासुर दानव आदि। इनके अतिरिक्त राजा जगदेव की लोकगाथा में भी पाण्डवों की चर्चा का समावेश है। महाभारत कालीन चरित्रों से जुड़ी गाथाओं का इस प्रकार बुन्देलखण्ड में रूचिपूर्वक गाया जाना इस बात का द्योतक है कि बुन्देली जन प्रकृति से जितने वीर होते हें तथा मानवीय संबंधों के आकलन को लेकर उतने ही संवेदनशील होते हैं। उन्हें व्यक्ति के अच्छे अथवा बुरे होने की परख होती है तथा साहसी, वीर, उदार, दानी और सच्चा व्यक्ति अपना आदर्श प्रतीत होता है। इसीलिए जन-जन में गाए जाने वाली बैरायठा लोकगाथा में ‘महाभारत’ महाकाव्य की लगभग सम्पूर्ण कथा को जन-परिवेश में पस्तुत किया गया है। जैसे, धृतराष्ट्र और गंाधारी के विवाह के प्रसंग को इन शब्दों में ्रप्रस्तुत किया गया है-
जब आ गई है चिठिया महाराज रे कै,
जब गंधार में हो रये हैं ब्याव रे कै
जब गंधारी को हुइये नौने ब्याव रे कै,
जब खबरंे तो मिल गईं महराज रे कै
जब गांधारी के हो रये नौने ब्याव रे कै
जब देखे समर महराज रे कै
इसी गाथा में द्यूतक्रीड़ा तथा चीर-हरण का अत्यंत दृश्यात्मक वर्णन मिलता है-
जब जूटो तो पकरो ओने आज रे कै
जब रानी खों लै गव अपने साथ रे कै
जब आ गई सभा के नोने बीच रे कै
जब सबरो से करी है गुहार रे कै
जब कोऊ खों ने आई लाज रे कै
जब भरी कचेरो महराज रे कै
जब कोनऊ ने करे सहाय रे कै
जब पांच पती मौजूद रे कै
जब हर से लगा दई ओने टेर रे कै
जब कैसे तो रये हो नोने सोय रे कै
इस विवरण में जिन तथ्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है वे ध्यान देने योग्य हैं कि जब व्यक्ति अनुचित कर्म करने लगता है तो ‘धरम’ और ‘राज’ दोनों गंवा बैठता है। इसी प्रकार जब ‘पांच पती’ अर्थात् सगे-संबंधी भी रक्षा नहीं कर पाते हैं उस समय ‘हरि’ अर्थात् ईश्वर सहायता करता है। यह मानव मन की वह अवस्था है जो राजनीतिक अस्थिरता एवं असुरक्षा के दौर में प्रभावी हो उठती है। यही भाव ‘चीरहरण’ लोग गाथा में मिलते हैं।
दुश्शसन द्वारा चीरहरण किए जाने पर द्रौपदी पतियों द्वारा निर्धारित नियति नियति को चुपचाप स्वीकार करने के बदले सहायता के लिए कृष्ण को पुकारती है-
हे श्याम मेरी सुध लइयो, रे प्रभु मोरी लाज बचइयो रे
शकुनी दुर्योधन ने मिल के, कपट के पांसे डारे
जुआ खेल के पति हमारे, राजपाट सब हारे
मोरी बिगड़ी आज बनइयो, रे प्रभु मोरी लाज बचइयो रे
इसी गाथा में द्रौपदी की पुकार सुन कर श्री कृष्ण के आने का वर्णन भी कम महत्वपूर्ण नहीं है क्योंकि इसमें इस बात का ध्यान रखा गया है कि श्री कृष्ण द्रौपदी की लाज बचाने पहुंचे तो किन्तु किस साधन अथवा किस वाहन से?
बेगी चलो गरुड़ मोरे भाई, कारज बिगड़ो जाई
नौ सौ कोस हस्तिनापुर बसो है, जल्दी देव पहुंचाई, बेगी चलो .....
नौ गज चलत हवा से आगंे, दस गज की ऊंचाई
तीन लोक को भार जो लावे, और चाल प्रभु कहंा से आई, बेगी चलो .....
तो, गरुड़ पर सवार हो कर श्री कृष्ण सभा में पहुंचे जहंा द्रौपदी के पांचों पति मूक दर्शक बने बैठे थे और द्रौपदी सहायता के लिए पुकार रही थी किन्तु कृष्ण के आते ही दृश्य बदल गया-
पांचई पति मौन हो बैठे, अर्जुन भीम सही
हरि से द्रौपति टेर करी
जब नन्दलाल आये सभा में, बढ़ गओ चीर सही
खेंचत चीर दुसासन हारे, चीर पे भीर भरी
बुन्देली लोकगाथाओं में महाभारत के विविध प्रसंगों के साथ ही विविध पात्रों एवं चरित्रों को भी स्थान दिया गया है। ‘कृष्ण सुदामा’ लोकगाथा में कृष्ण और सुदामा की मित्रता का सुन्दर वर्णन है।
दोई पढ़ें इक गुरुकुल में, नन्द नन्दन और सुदामा।
ईंधन की हुई महा तबाही, घर में से मिसरानी आई
जल्दी लकड़ी दो मंगवाई, अधकचरी है दाल
भोजन खों हो गई शामा, नन्द नन्दन और सुदामा।
जब गुरुकुल के लिए ईंधन हेतु लकड़ियां लाने कृष्ण और सुदामा जंगल में गए उसी समय दोनों की मित्रता का अनुकरणीय भविष्य तय हो गया।
चने चबा तेने सब लीने, हमको तनक भी न दीने
पिटबे के लांछन कर लीने
यह सोच किया है कान्हा, नन्द नन्दन और सुदामा।
‘मेघासुर’ लोकगाथा में पांडवों के साहस एवं कौशल का वर्णन मिलता है। मेघासुर संग्राम से पूर्व देवी भवानी पांडवों को एक मढ़िया बनाने का निर्देश देती हैं-
बोले भुवानी सुनो पांडवा, ले के गजा तुम जाय
गजा लाये जब अर्जुन डगरे, धरनी झोंका खाय
भरे समुंद समतल करे माया, मढ़ के करे विस्तार
कै गज की माई नींव डराऊं, कै गज के विस्तार
नौ गज की माई नींव डराओ, दस गज के विस्तार
को तेरी ईंट जमाई जालपा, को देवे ईट गिलाव
अर्जुन तेरी ईट जमाई जालपा, भिम्मा देत गिलाव
वन मढ़िया समतल भई, माया मढ़ के करे विस्तार
बैठो-बैठो मोरी आदभुवानी, सोने छत्र धराय
बैठ के पाई आदभुवानी, मेघ भये तैयार
‘राजा जगदेव’ लोकगाथा में भी पाण्डवों का उल्लेख आया है। यह उललेख प्रश्नों के रूप में है। किसने पृथ्वी को रचा? किसने संसार को रचा? किसने पाण्डवों को बनाया? पाण्डवों को किस उद्देश्य से बनाया गया? इन प्रश्नों का उत्तर भी इन्हीं के साथ दिया गया है कि देवी ने पाण्डवों को बनाया। पृथ्वी से अन्याय और अधर्म का विनाश करने के लिए पाण्डवों की रचना की गई।
कौना रची पिरथवी रे दुनियां संसार, कौना रचे पंडवां उनई के दरबार
बिरमा रची पिरथवी रे दुनियां संसार, माई रचें पंडवां रे अपने दरबार
रैबे खों रची पिरथवी रे दुनियां संसार, रन खों रचे पंडवा रे अपने दरबार ।।
लोक गाथाएं लोक परम्पराओं के साथ चलती हैं। इनमें जन की आस्था, विश्वास और धारणाएं निहित होती हैं। लोग गाथाएं जन के चरित्र को समझने में मदद करती हैं। कुल मिला कर ये सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक एवं चारित्रिक परम्पराओं का प्रतिबिम्ब होती हैं। भारतीय जनमानस को चरित्रों की विविधता से परिपूर्ण ‘महाभारत’ महाकाव्य ‘रामायण’ के बाद सबसे अधिक प्रभावित करता है। बुन्देली जनमानस इससे अलग नहीं है। अन्याय, दासता के विरुद्ध युद्धघोष करने वाले बुन्देलों के लिए महाभारतकालीन प्रसंगों का विशेष महत्व होना स्वाभाविक है। अतः इसमें तनिक भी संदेह नहीं है कि संघर्षपूर्ण अवसरों पर ये लोक गाथाएं आमजन में साहस का संचार करती रही होंगी। आज भी सुदूर ग्रामीण अंचलों में ये लोकगाथाएं गाई जाती हैं। यद्यपि आधुनिकता के आज के दौर में इन लोकगाथाओं के मूल स्वरूप के लुप्त होने का भय बढ़ चला है।
------------------------------
#शरदसिंह #DrSharadSingh #चर्चाप्लस #दैनिक #सागर_दिनकर #लोकगाथा #बुंदेली #बुंदेलखंड #lokgatha #bundeli #bundelkhand #bundelisahitya
Tuesday, February 15, 2022
पुस्तक समीक्षा | मुखर प्रतिरोध की लोकधर्मी कविताएं | डॉ (सुश्री) शरद सिंह | आचरण
प्रस्तुत है आज 15.02.2022 को #आचरण में प्रकाशित मेरे द्वारा की गई कवि एवं समाजवादी चिंतक श्री रघु ठाकुर के काव्य संग्रह "स्याह उजाले" की समीक्षा... आभार दैनिक "आचरण" 🙏
---------------------------------------
पुस्तक समीक्षा
मुखर प्रतिरोध की लोकधर्मी कविताएं
समीक्षक - डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह
---------------------------------------
काव्य संग्रह - स्याह उजाले
कवि - रघु ठाकुर
प्रकाशक - देशभारती प्रकाशन, सी-585, गली नं.7, अशोक नगर, निकट रेल्वे फाटक, दिल्ली- 110093
मूल्य - 150 रुपए
-------------------------------------
लोगों को चाहिए
हर रोज पूरी तरह,
पौष्टिक, न्याय की रोटी
न्याय की रोटी भी
जनता के हाथों ही पकनी चाहिए
भर पेट, पौष्टिक प्रति दिन
- जर्मन कवि बर्तोल्त ब्रेख्त की कविता की ये पंक्तियां आमजन की पैरवी करती हुई राजनीतिक संवाद करती हैं। ठीक इसी तरह कवि, लेखक एवं समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर की कविताएं समाज के पक्ष में अपना स्वर मुखर करती हैं। वे असंदिग्ध तौर पर राजनीतिक कवि हैं। वे बाजार, पूंजीवाद और सांप्रदायिकता के विरुद्ध हैं। उनकी कविताओं में एक विशिष्ट मानवीय ऊष्मा है जिसे अंग्रेजी में ‘‘ग्रैंड ह्यूमैनिटी’’ कहते है। यह उष्मा रघु ठाकुर की कविताओं को जनविमर्श का माध्यम बना देती है। यह कहना गलत नहीं होगा कि रघु ठाकुर राजसत्ता से तो दूर रहे हैंे किन्तु शब्द की सत्ता पर उनकी जबस्र्दस्त पकड़ है। जीवन के सामयिक संकटापन्न संदर्भों को वे अपनी कविताओं में ढाल कर जीवन के प्रामाणिक पाठ की तरह प्रस्तुत करते हैं। दरअसल रघु ठाकुर स्पष्टवादी हैं। वे अपनी बात कहने में किसी प्रकार की लाग-लपेट का सहारा नहीं लेते हैं। यूं तो रघु ठाकुर की कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं किन्तु ‘‘स्याह उजाले’’ उनका तीसरा काव्य संग्रह है। गांधी शांति प्रतिष्ठान, नई दिल्ली में आयोजित अपने कविता संग्रह ‘स्याह उजाले’ के विमोचन के अवसर पर रघु ठाकुर ने स्पष्टवादिता के साथ मुखर होते हुए कहा था कि ‘‘आज सांसदों की स्थिति अपने दलों में बंधुआ मजदूर जैसी ही है। आज सांसद दूसरों के बारे में तो मुखर हैं, लेकिन अपने बारे में नहीं। सांसदों में अपने दलों के खिलाफ बोलने का साहस नहीं है। इस कविता संग्रह में समाज की पीड़ा का जिक्र करने का प्रयास किया गया है।’’ जो उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा वही सच की आंच उनकी कविताओं में भी देखी जा सकती है।
‘‘स्याह उजाले’’ कविता संग्रह में कुल 49 कविताएं हैं। इनमें एक कविता है ‘‘सुनो लोहिया’’। इस कविता में रघु ठाकुर राजनीति में मौजूद वैचारिक छद्मवाद पर तीखा प्रहार करते हुए कहते हैं कि -
पर, इन चेलों सेध् कैसे बचोगे?
जो पीछे से नारा लगाकर
पीठ में छुरा भोंक रहे हैं
इन गद्दारों से कैसे बचोगे
लोहिया, तुम विरोधियों से जीत गए
पर यह कैसी नियति
कि तुम अपने ही सिपहसालारों
और अपने ही समर्थकों की
फौज से हार गए।
शहरों के विकास के नाम पर हरियाली का जो विनाश हो रहा है उसे देख कर कवि का उद्वेलित होना स्वाभाविक है। शहरों में लागू की जा रही स्मार्टसिटी संकल्पना के तहत सड़कों का चैड़ीकरण करने के चक्कर में दशकों पुराने पेड़ों को बेरहमी से काटा जा रहा है। यह देख कर कवि शहर को संबोधित करते हुए ‘‘ओ शहर’’ शीर्षक कविता में अपनी पीड़ा व्यक्त करता है तथा व्यवस्था पर कटाक्ष करता है कि -
शहर तुम्हें अब प्रगति के पथ पर चलना है
अब तुम पिछड़े मत रहो
अब तुम्हें स्मार्ट बनना है
यह हरियाली के पल्लव वस्त्र उतार दो
यह तो आदिम मानव के हैं
यह लताओं के वल्कल फेंक दो
यह तो ऋषि-मुनियों के जमाने के हैं
अब तो जींस, पैंट का जमाना है
तुम्हें भी अब कंक्रीट के
वस्त्रों से सजना है।
वैश्वीकरण के नाम पर बहुराष्ट्रीय कंपनियों की घुसपैंठ और श्रम का शोषण देख कर कवि रधु ठाकुर को श्रमिको के भविष्य की चिंता सताने लगती है। वे इस आर्थिक षडयंत्र को भली-भांति समझते हुए अपनी कविता ‘‘भयावह भविष्य’’ में आगाह करते हैं कि-
अब फिरंगी आएंगेध्विदेशी पूंजी लाएंगे
कारखाने बिठाएंगे ध्मुनाफा ले जाएंगे
तुम्हारा सोना भी लूट कर ले जाएंगे
तुम्हारे ही घर में घुसकर
तुम्हें लूट कर ले जाएंगे
तुम्हारे श्रम को ध्सस्ता खरीद कर
तुम्हें वैश्वीकरण पढ़ाएंगे।
सरकारी टैक्स और मंहगाई के समीकरण को आड़े हाथों लेते हुए कवि ने अपने उद्गार प्रकट किए हैं। चुटीलापन लिए हुए एक रोचक कविता है ‘‘बसंतागमन’’। कविता की कुछ पंक्तियां देखिए -
सखी यह कैसो बसंत आयो
कैसे हो उत्साह
जब अपनी ही सरकार ने
बात-बात पर टैक्स लगायो
सखी यह कैसो बसंत आयो?
एक संवेदनशील कवि जिसका सरोकार राजनीति और समाज से समान रूप से हो वह स्त्री की दलित अवस्था को सहन नहीं कर सकता है। कवि इस बात से व्यथित है कि समाज के सारे बंधन स्त्री पर ही थोप दिए जाते हैं गोया स्त्री होना ही उसका सबसे बड़ा अपराध हो। इस संबंध में एक कविता है-‘‘नारी का अपराध’’-
उनका अकेले निकलना गुनाह है
उन्हें घर की चारदीवारी के अलावा
बंद सभी राह है
उनके ऊपर पुरुष का साया जरूरी है
उन्हें एक मर्द की छाया जरूरी है
पर पुरुष माने ऐरा गैरा मर्द नहीं
मित्र नहीं, दोस्त नहीं
केवल खाबिंद की ही हाजरी जरूरी है ...
रघु ठाकुर समय की नब्ज पर उंगली रख कर कविता रचने वाले कवि हैं। वे अपनी कविता के द्वारा न केवल अपने समय का सीधा, तीक्ष्ण और अन्दर तक तिलमिला देने वाला भयावह साक्षात्कार कराते हैं अपितु हर थके-हारे व्यक्ति का साहस जगाते, उसके पक्ष में खड़े दिखाई देते हैं। इसीलिए उनकी कविता में प्रतिरोध, असहमति और कटाक्ष के स्वर मुखर हैं। ‘‘स्याह उजाले’’ की कविताएं समाज और राजनीति में व्याप्त विद्रूपता को दिखाने वाले आईने की भांति हैं। इन कविताओं से गुजरते हुए इनसे प्रभावित हुए बिना नहीं रहा जा सकता है। यह काव्य संग्रह हर मनोभाव के पाठक के लिए पठनीय और विचारणीय है।
----------------------------
#पुस्तकसमीक्षा #डॉशरदसिंह #डॉसुश्रीशरदसिंह #BookReview #DrSharadSingh #miss_sharad #आचरण

