पुस्तक समीक्षा
रामकथा की अभिन्न एक पात्र पर समग्रता से प्रकाश डालता उपन्यास “शबरी”
- समीक्षक डाॅ (सुश्री) शरद सिंह
-------------------
उपन्यास - शबरी : सेवा भक्ति की अनन्य साधिका
लेखिका - डॉ संध्या टिकेकर
प्रकाशक - बोधि प्रकाशन, 14, केसर नगर ए, केसर चौराहा, नवजीवन हॉस्पिटल के सामने मुहाना मण्डी रोड, मानसरोवर विस्तार, जयपुर-302020 (राज.)
मूल्य - 299/-
-------------------
मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग से हिन्दी प्राध्यापक पद से सेवानिवृत्त डॉ संध्या टिकेकर मन से कवयित्री और विचारों से एक बेहतरीन उपन्यासकार हैं। आज जब अन्य साहित्यकार गुणात्मक लेखन की अपेक्षा संख्यात्मक लेखन की ओर आकृष्ट रहते हैं और हड़बड़ी में अपनी अपरिपक्व कृतियों की संख्या बढ़ाते जाते हैं, वहीं डॉ संध्या टिकेकर ठहर कर, पूरी गंभीरता से अपने उपन्यास के लिए चुने गए विषय को खंगालती हैं, शोध करती हैं और फिर उसे उपन्यास का रूप देती हैं। उनका पहला उपन्यास “मांडवी का परिताप” उनके इसी श्रमपूर्ण शोधात्मक लेखन के लिए पाठकों द्वारा अत्यंत सराहा गया। मांडवी राम कथा की अभिन्न पत्र है और भारत की पत्नी के रूप में कथा में उनकी उपस्थिति है किंतु राम कथा के पाठकों को मांडवी के बारे में भी विस्तार से जानकारी नहीं रही है। डॉ संध्या टिकेकर ने अपने उपन्यास के द्वारा मांडवी के व्यक्तित्व को एक स्वतंत्र स्थापना दी। ठीक इसी प्रकार उन्होंने राम कथा के ही एक अन्य पात्र शबरी को स्थापना देते हुए उसके जीवन व्यक्तित्व एवं विचारों पर समग्रता से प्रकाश डालते हुए अपना दूसरा उपन्यास लिखा है जिसका नाम है “शबरी : सेवा भक्ति की अनन्य साधिका”।
शबरी रामकथा की एक अत्यंत प्रतिष्ठित, समर्पित और प्रमुख भक्त पात्र हैं। शबरी का वास्तविक नाम श्रमणा था और वह भील समुदाय की शबर जाति की थी। वह ऋषि मतंग की शिष्या थीं। वह बचपन से ही दयालु थी। जब ऋषि मतंग का शरीर त्यागने का समय आया, तो उन्होंने शबरी को बताया कि भगवान श्रीराम एक दिन उनके आश्रम आएंगे। गुरु की इस बात पर विश्वास करके शबरी ने जीवनभर श्रीराम की प्रतीक्षा की। माता शबरी हर रोज सुबह उठकर रास्ते साफ करती थीं और श्रीराम के लिए मीठे बेर चुनकर लाती थीं। वह हर बेर को चखकर देखती थीं ताकि खट्टा बेर भगवान को न मिले, केवल मीठे और अच्छे बेर ही उन्हें खिलाएं। भक्ति के इस प्रेम में वह यह भूल गई थीं कि जूठे फल अर्पित नहीं किए जाते। सीता की खोज में निकलते समय भगवान श्रीराम और लक्ष्मण ऋषि मतंग के आश्रम पहुंचे। शबरी ने अत्यंत प्रेम और अश्रुधार से उनके चरण धोए और उन्हें वे बेर प्रेमपूर्वक खिलाए। भगवान श्रीराम ने न केवल उन जूठे बेरों को बड़े चाव से खाया, बल्कि शबरी को 'नवधा भक्ति' का उपदेश भी दिया और उन्हें परमधाम (मोक्ष) की प्राप्ति का वरदान दिया। इतनी पूरी कथा भी सभी व्यक्तियों को ज्ञात नहीं है। बस संक्षिप्त में अधिकांश लोग इतना ही जानते हैं की वन गमन के दौरान श्री राम को शबरी नामक एक भील वृद्धा मिली थी जो उनकी सेवा करने हेतु प्रतीक्षा कर रही थी। जय श्री राम को खिलाने के लिए बेर इकट्ठे करती थी और उन्हें चख-चख कर देखती थी कि मीठे बेर ही श्री राम को मिले खट्टे बेर वह अलग फेंक देती थी। डॉ संध्या टिकेकर ने शबरी के जीवन को आद्योपांत ढूंढा और उसे अपने उपन्यास के रूप में पाठकों के लिए सहेज कर प्रस्तुत किया है। निश्चित रूप से यह एक श्रम साध्य कार्य था जिसमें वह पूर्ण रूप से सफल रहीं।
जब बात शोधात्मक साहित्य लेखन की हो तो सामग्री दो भागों में आकलित की जाती है। पहला भाग की शोध का विषय कितनी गहराई से ढूंढ निकाला गया है और दूसरा भाग कि उसे विषय अनुसार कितनी रोचकता से प्रस्तुत किया गया है। डॉ संध्या टीके करने अपने उपन्यास के कलेवर को पांच शीर्षकों में विभक्त किया है - करुणा, सेवा, महाप्रयाण, स्मृतियाँ और मुक्ति।
प्रथम शिक्षक करुणा के अंतर्गत शबरी के जीवन का वह प्रथम चरण है जब वह सांसारिकता के बोध से चकित हो जाती है। उसे वह सांसारिकता मिथ्या लगती है और तब वह वन की ओर चल पड़ती है। जहां उसके जीवन का दूसरा अध्याय प्रतीक्षारत है। दूसरे शीर्षक “सेवा” में शबरी ऋषि मतंग का शिष्यत्व ग्रहण करती है। ऋषि मतंग से ज्ञान प्राप्त करती है। ऋषि मतंग उसे सेवा भाव का सच्चा अर्थ समझते हैं। आश्रम की झोपड़ी में रहते हुए सीमित साधनों में जीवन यापन करना शबरी को बखूबी आ जाता है। यूं भी उसके जीवन का ध्येय भौतिक वस्तुएं प्राप्त करना नहीं वरन श्री राम के प्रतीक्षा करना था।
तीसरे शीर्षक “महाप्रयाण” में महर्षि मतंग द्वारा पितृवत शबरी का पालन-पोषण करना तथा पूर्ण आयु प्राप्त करने पर मृत्यु को प्राप्त होने का विवरण है। पिता समान महर्षि मतंग का साथ छूटने पर शबरी के लिए श्री राम का नाम और उनकी प्रतीक्षा ही एकमात्र सहारा रह जाता है।
चौथे शीर्षक “स्मृतियां” में महर्षि मतंग की अमूल्य स्मृतियां के अतिरिक्त बालि और सुग्रीव का भी उल्लेख है। पांचवे और अंतिम शीर्षक “मुक्ति” में शबरी की श्री राम से भेंट होती है। यह सबसे हृदय ग्राही और भावुक कर देने वाला प्रसंग है। एक स्त्री जिसने आयु की सीढ़ियां चढ़ते हुए पूरा जीवन श्री राम की प्रतीक्षा में व्यतीत कर दिया और अंततः उसकी तपस्या सफल हुई तथा उसे श्री राम को अपने चुने हुए चख-चख कर छांटे हुए मीठे बेर खिलाने का अवसर मिलता है। यही तो उसके जीवन का परमधाम और परम सुख था। जीवन का अध्याय पूरा होते ही वह भी महाप्रयाण की ओर अग्रसर होती है और इस सांसारिकता से मुक्त हो जाती है। शबरी की इस रोमांचित कर देने वाली कथा को डॉ संध्या टीकेकर ने बहुत ही सुंदर ढंग से अपने उपन्यास में पिरोया है। पांच शीर्षकों में प्रस्तुत इस कथा के प्रत्येक पृष्ठ पर कथा का वह प्रवाह है जो पाठकों को शबरी के जीवन से सहजता के साथ जोड़ता चला जाता है।
उपन्यास में भील संस्कृति की सुंदर झांकी प्रस्तुत की गई है। यह उदाहरण देखिए- “तिर्की के माथे पर चमकीला बोर झूल रहा था। माँग के बीच का टीका उसकी सुंदरता को बढ़ा रहा था। उसने नाक में बड़ी सी गोल नथनी पहन रखी थी। कानों में बड़े भारी, चाँदी के कुण्डल झूल रहे थे। गले में चाँदी की मोटी सी हँसुली सुन्दर लग रही थी। मोतियों की और धातुओं की कई लड़ों वाली मालाओं से उसकी गर्दन सजी हुई थी। हाथ भर पहनी हुई चूड़ियाँ, चाँदी के कड़े, उसके हिलने-डुलने मात्र से किंण-किंण ध्वनि कर रहे थे। उसकी भुजा पर बँधा चाँदी का बाजूबंद उसकी सुंदरता को बढ़ा रहा था। चाँदी की ही करधनी, उसके वस्त्रों के रंगों से मिलकर अधिक जगमगा रही थी। उसके छोटे-नाजुक पैरों में चाँदी की झाँझर विशेष शोभा पा रही थी।”
मराठी भाषी डॉ संध्या टिकेकर को हिंदी पर भी पूरा अधिकार है। उनका भाषा ही कौशल एवं शैली उपन्यास को यथायोग्य रोचकता प्रदान करता है। वे हिंदी की प्राध्यापक रह चुकी है इसलिए जितना अधिकार उन्हें मराठी पर है उतना ही अधिकार हिंदी पर भी है इसीलिए वे एक अच्छी अनुवादक भी हैं। लेखन के लिए विभिन्न पुरस्कार एवं सम्मानों के साथ उन्हें अनुवाद कार्य के लिए भी “सप्तपर्णी सम्मान” से सम्मानित किया जा चुका है। हिंदी का शब्द ज्ञान एवं हिंदी पर उनकी गहरी पकड़ इस उपन्यास में स्पष्ट दिखाई देती है। यथास्थिति छोटे-बड़े संवादों का सटीक प्रयोग उपन्यास के कथा प्रवाह को रोचकता से आगे बढ़ता जाता है। संवाद योजना का एक उदाहरण देखिए -
ज्ञानी शुक तो जैसे उसकी प्रतीक्षा ही कर रहा था, बोला- "कब से आवाज दे रहा हूँ! तुम स्वस्थ तो हो न ! इतने दिनों से दिखाई नहीं दीं इसलिए चिंता हुई।"
"भगिनी ! तुम जानती हो इन बीते दिनों में महर्षि ने कितनी महत्वपूर्ण बातें बताईं, सूक्त समझाये। महर्षि तो ज्ञान का अथाह सागर हैं। मोती सा एक-एक शब्द चुनकर सूक्तों का अर्थ इतनी सरलता से समझाते हैं कि मुझ जैसे अज्ञानी को भी समझ में आ जाता है।"
कहा। "किन्तु तुम तो ज्ञानी शुक हो! तब अज्ञानी कैसे हुए!" शबरी ने मंद स्मित में कहा।
"अरे, वह सब मैं नहीं जानता किन्तु सुनो तो उन्होंने उस दिन वर्ग में 'सम्पूर्ण शरणागति' पर प्रकाश डाला था। तुम कहो तो मैं उसका सारांश तुम्हें बता सकता हूँ।"
"हाँ क्यों नहीं, महर्षि के मुख से निकली ज्ञान की उस धारा से भला कौन वंचित रहना चाहेगा। कहो ज्ञानी ! कहो। 'कहते हुए शबरी कर जोड़ कर, श्रद्धाभाव से ज्ञानी के कहे को सुनने लगी।”
जहां तक मुझे ज्ञात है, शबरी के जीवन पर हिंदी में एक भी स्वतंत्र उपन्यास नहीं लिखा गया है। अन्य भाषाओं में शबरी पर दो उपन्यास मिलते हैं। जिनमें एक है कन्नड़ के प्रसिद्ध लेखक बरगुरू रामचंद्रप्पा का उपन्यास "शबरी"। इसमें शबरी के चरित्र को सामाजिक न्याय, समानता और व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष के रूप में प्रस्तुत करता है। इसका अंग्रेजी अनुवाद "शबरी : ए नावल" नाम से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित किया गया। दूसरा उपन्यास है "ऑन द बैंक्स ऑफ पंपा"। यह प्रसिद्ध तेलुगु लेखिका वोल्गा द्वारा लिखा गया है। इसमें शबरी की कथा का नारीवादी और पारिस्थितिक (इकोक्रिटिकल) विवरण है। इस प्रकार “शबरी : सेवा भक्ति की अनन्य साधिका” पहला उपन्यास है जिसे डॉक्टर संध्या टिकेकर ने लिखा है और यह उपन्यास राम कथा की सशक्त एवं समर्पित पात्र के रूप में शबरी के जीवन का यथास्थित विवरण प्रस्तुत करता है। जिससे यह उपन्यास और अधिक महत्वपूर्ण सिद्ध होता है। इसमें ना तो नारीवाद है और श्रीराम के प्रति अंधभक्ति। यह उपन्यास तटस्थता पूर्वक शबरी के चरित्र को तथा उसके जीवन को पाठकों के सामने रखता है। राम कथा के पात्रों को जानने में रुचि रखने वाले पाठकों को यह उपन्यास विशेष रूप से पसंद आएगा। साथ ही शबरी पर हिंदी में प्रथम उपन्यास के रूप में इसे स्थान प्राप्त होगा।
-------------------------
#पुस्तकसमीक्षा #डॉसुश्रीशरदसिंह
#DrMissSharadSingh #bookreview #bookreviewer
#पुस्तकसमीक्षक #पुस्तक #आचरण
No comments:
Post a Comment