चर्चा प्लस
त्योहार की खुशी को शोक में बदल देती है एक लापरवाही
- डाॅ (सुश्री) शरद सिंह
देश भर में दिवाली की रात को आग से 13 मौतें दर्ज की गईं। कई हादसे दर्ज नहीं कराए गए होंगे। कहीं पटाखों से आग लगी तो कहीं, बम और अनारदानों के अचानक फटने से लोग गंभीर रूप से घायल हुए। कई पटाखे तय डेसीमल ये अधिक शोर वाले निकले जिससे लोगों के कानों के पर्दों में गंभीर क्षति पहुंची। आग लगने से एक 2 माह के मासूम से 107 वर्ष का वृद्ध जिंदा जल गए। उन्हें मिला कर 13 लोग जिंदा जले। अनेक सड़क हादसे भी हुए। ये आंकड़े भयावह हैं। दीवाली की रात ऐसी, इतनी भयानक तो नहीं होनी चाहिए। एक छोटी-सी लापरवाही भी रोंगटे खड़े कर देने वाले परिणाम दे सकती है। यही बताते हैं इस वर्ष दिवाली की रात के दिल दहला देने वाले हादसे।
दिवाली की रात को लक्ष्मी पूजन के बाद मैं अपने परिचितों के घर रात्रि भोजन और दिवाली मनाने के लिए आमंत्रित थी। मुझे मेरे घर से लेने के लिए वे लोग आए। उनके घर पहुंच कर हमने अनारदाने चलाए, फुलझड़ियां चलाईं। फुलझड़ी चलाने के दौरान एक हादसा होते-होते बचा। मेरी फुलझड़ी अचानक ब्लास्ट हो गई। बम फटने जैसी आवाज आई। मेरी उंगलियों में हल्की जलन हुई। कानों में देर तक सीटी-सी बजती रही। उंगलियों को धोया तो पता चला की उंगलियों और अंगूठे में हल्के फफोले आ गए हैं। यद्यपि सुबह तक सब ठीक हो गया और कानों में सीटियां बजना तो कुछ देर बाद ही ठीक हो गई थी लेकिन मुझे लगा कि यदि यह फुलझड़ी किसी छोटे बच्चे के हाथों में होती तो उसे कितनी गंभीर चोट लग सकती थी। उसके कान के कोमल पर्दे गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो सकते थे। अब यह तो निजी और सरकारी अस्पतालों के आंकड़े ही बता सकते हैं कि उस रात इस तरह के हादसे के कितने शिकार बने। वह फुलझड़ी पारंपरिक फुलड़यिों से हट कर थी। लंबी थी, कागज से कवर्ड थी। देखने में सुरक्षित लग रही थी। किन्तु सुरक्षित निकली नहीं। क्या उसे बनाने वालों ने इस बारे में ध्यान नहीं दिया होगा? क्या इस तरह के उत्पादों का कड़ाई से क्वालिटी जांच होती है? शायद नहीं। क्वालिटी कंट्रोल की यह लापरवाही किसी के लिए भी भारी पड़ सकती थी।
दिवाली की रात को आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक नुकसान मध्य प्रदेश में हुआ, जहां अलग-अलग अग्निकांडों में 13 लोगों की जान गई। कटनी (बरही) में एक तीन मंजिला क्रॉकरी दुकान और रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों जिसमें 2 महीने के मासूम बच्चे समेत 3 बच्चे शामिल थे। उनकी दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में मकान में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं जिनमें से एक 2 महीने का था। वहीं, सिवनी जिले में सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से 6 लोगों की जान चली गई। इनमें एक 16 साल का किशोर भी शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है किन्तु इससे हादसे का कलंक दूर नहीं हो सकता है और न मृतक वापस जीवित हो सकते हैं। यह बस एक सांत्वना है जो सरकार अपनी ओर सक दे सकती है।
सिवनी (छपारा) में एक घर में लगी आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के 6 लोगों जिसमें 16 वर्षीय किशोर भी शामिल था, की मौत हो गई।
उज्जैन में एक अन्य घर में आग लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जिसकी उम्र 107 वर्ष बताई गई है। छतरपुर में पटाखों और आग से जुड़ी घटनाओं में बच्चों सहित करीब 35 लोग घायल हुए।
दिल्ली (नरेला) में हाथ में पटाखा फटने से 10 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई।
महाराष्ट्र में आग की घटनाओं में 6 से अधिक लोगों की मौत हुई। धाराशिव में एक किराने की दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने मकान में दिवाली की रात आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। मुंबई के लोखंडवाला, विद्याविहार, अंधेरी, डोंगरी मुंबई और ठाणे के कई इलाकों जैसे विद्याविहार की कमर्शियल इमारत, अंधेरी के गैरेज और डोंगरी की दुकानें में आग लगने की घटनाएं हुईं, हालांकि गनीमत रही कि वहां जनहानि नहीं हुई। मुंबई के डोंगरी इलाके में आग से कई दुकानें और झुग्गियां जल गईं, जबकि दादर के कामगार स्टेडियम में लगी आग पर दमकलकर्मियों ने 17 मिनट में काबू पा लिया। महाराष्ट्र के ठाणे में 17 मंजिला बिल्डिंग में आग लगी।
राजस्थान फालना में पटाखा की दुकान में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। उत्तर प्रदेश के बांदा में कबाड़ की दुकान में आग लगने से करीब 20-25 लाख रुपए का नुकसान हुआ। पुणे में आग की 63 घटनाएं हुईं, इनमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जम्मू के नेहरू मार्केट में आग से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं, जबकि नागपुर में टीवीएस शोरूम में आग लगने से कई दोपहिया वाहन जल गए।
इसके अलावा असम के जोनाई, पुणे के वडगांव शेरी, मुंबई के विद्याविहार, सिक्किम के गंगटोक में सरकारी आवास और गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
दिवाली की रात को हुए हादसों का एक रूप और सड़क दुर्घटनाओं के के तौर पर सामने आया। यहां भी मैं अपना अनुभव साझा करना चाहती हूं। हमें दिवाली मना कर एक-दो और परिवारों से मिल कर लौटने में रात के लगभग साढ़े बारह बज गए थे। उस समय आमतौर पर सड़कों पर आवाजाही न्यूनतम हो जाती है। किन्तु दिवाली की रात उस समय सड़कों पर युवा शोर करते हुए अपनी बाईक दौड़ा रहे थे। गोया उन पर कोई रोक-टोक नहीं थी, या फिर उन्हें किसी का भय नहीं था। सड़कों पर पुलिस का भी अता-पता नहीं था। हम लोगों की गाड़ी के बाजू से एक बेलेरो टाईप की गाड़ी ओवरटेक कर के आगे निकली। वह लगभग लहराती हुई जा रही थी। उसकी चाल देख कर ही लग रहा था कि उसका चालक नशे में है। उस चलती गाड़ी की खिड़कियों से 18-20 साल के युवा कमर तक बाहर निकल कर शोर कर रहे थे और अपने हाथ हिला रहे थे। ऐसा लग रहा था कि उनके हाथों में कोई चीज थी, शायद शराब की बोतल रही हो। हम लोगों ने उस गाड़ी से दूरी बना कर उसके पीछे चलना ही ठीक समझा। यदि हम उसे ओवरटेक करते तो उससे भिड़न्त भी हो सकती थी, अन्यथा वे लोग जिद में आ कर हमसे रेस करने क उतारू हो सकते थे। कुछ देर बाद हम अपने घर की ओर मुड़ लिए और वे लोग सीधे हाईवे वाले रास्ते पर बढ़ गए। उस रात उनका क्या हुआ होगा, कुछ कहा नहीं जा सकता है। संभावना तो पूरी है कि उनकी गाड़ी जरूर कहीं दुर्घटनाग्रस्त हुई होगी।
वे सारे युवक अपने-अपने घरों में अपने दोस्तों के साथ दिवाली मनाने का कह कर निकले होंगे। उनके परिवारजन सारी रात उनके लौटने की प्रतीक्षा करते रहे होंगे। लेकिन वे लौटे कि नहीं, या फिर किस दशा में लौटे यह तो उनके परिजन ही जानते होंगे। दिवाली जैसे शालीन और पारंपरिक त्योहार पर ऐसी डेयरिंग किस लिए? दिवाली तो बुराई पर अच्छाई की विजय स्थापित कर श्रीराम के अपने घर लौटने का पुनीत पर्व है, उसमें ऐसी उद़दंडता क्यों?
इतना ही नहीं अनेक युवा आनी-अपनी बाईक पर सवार हो कर विश्वविद्यालय मार्ग की ओर दौड़ रहे थे। कमाल की बात ये है उनमें से कुछ के साथ युवा लड़कियां भी थीं। हमने अनुमान यह लगाया कि ये वे युवतियां होंगी जो यहा पढ़ाई करने आई होंगी और पीजी में रह रही होंगी। क्यों कि घरों से या छात्रावास से तो उस आयु की लड़कियों को आधी रात के बाद अपने ब्वायफ्रेंड्स के साथ बाईक पर दिवाली मनाने की अनुमति तो हरगिज नहीं मिलेगी। उन युवतियों का भविष्य क्या होगा, इस पर कोई भी टिप्पणी करना व्यर्थ है।
दूसरे दिन सुबह अखबार में दिवाली की रात को हुए सड़क हादसों की खबरें पढ़ कर मुझे कोई आश्चर्य नहीं हुआ। क्यों कि ऐसे लापरवाह युवक नशा करते हुए गाड़ी दौड़ाएंगे तो खुद तो हादसे के शिकार होंगे ही बल्कि दूसरों को भी हादसे की चपेट में धकेल देंगे। दिवाली की रात को देश के अलग-अलग हिस्सों में कई दर्दनाक सड़क हादसे हुए जिसमें कई लोगों की जान चली गई। मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर जगाहेड़ी के पास एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर और बिजली के पोल से टकराने के बाद पलट गई और उसमें आग लग गई। इस हादसे में एक महिला और बच्चे समेत 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) में मऊ तहसील क्षेत्र में रामनगर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक मारने से वह बेतरतीब ढंग से पलट गई। इस हादसे में 4 लोगों (दो मासूम बच्चों सहित) की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। यह वाहन मध्यप्रदेश के रीवा से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा था।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे (उत्तर प्रदेश) में लखनऊ के पारा इलाके में राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस बेकाबू होकर खाई में पलट गई, जिससे 3 लोगों की मौत हो गई और 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए। गरियाबंद (छत्तीसगढ़) में राजिम के तिला एनीकट के पास एक कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई, जिससे एक ही परिवार के 4 सदस्यों (पति-पत्नी और उनके दो बच्चों) की मौत हो गई। बक्सर (बिहार) में डुमरांव थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव में दिवाली की रात बाइक अनियमित रूप से पानी में फिसलने से 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दिवाली की एक रात में घटित उससे जुड़े तमाम हादसों को देखते हुए कुछ बातों पर ध्यान देना ही होगा, सरकार को भी और समाज को भी।
क्या यह बेहतर नहीं रहेगा कि दिवाली के पर्व को भी ‘‘ड्राई डे’’ यानी शराब प्रतिबंधित दिवस घोषित कर दिया जाए।
क्या यह बेहतर नहीं रहेगा कि दिवाली की रात को पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और शराब पी कर गाड़ी दौड़ाने वालों को सख्ती से़ पकड़ा जाए।
क्या यह बेहतर नहीं होगा कि निर्धारित समय के बाद पटाखे फोड़ने वालों को कड़ाई से रोका जाए।
क्या यह बेहतर नहीं होगा कि निर्धारित डेसिमल से अधिक आवाज वाले पटाखे बेचने वालों को बिक्री पूर्व जांच कर के पकड़ा जाए।
समाज और परिवारों को भी अपने युवाओं के प्रति सजग होना होगा यदि वे नहीं चाहते हैं कि उनके घर के युवा हादसों के शिकार हों।
सबसे अंतिम बात यह कि यदि हम हिन्दुओं के पवित्र और खुशियों भरे त्योहार दिवाली की गरिमा एवं प्रतिष्ठा बनाए रखना चाहते हैं तो ऐसे संवेदनशील समय में सिर्फ हिन्दुत्व के नारेबाजी से नहीं बल्कि उस सजगता से काम लेना होगा जिससे यह त्योहार प्रदूषित होने से बच जाए। यहां प्रदूषण से मेरा आशय पटाखों की बारूद के प्रदूषण से नहीं वरन सांस्कृति प्रदूषण से है जो आगे चल कर और गंभीर रूप ले सकता है।
-----------------------
(दैनिक, सागर दिनकर में 11.11.2026 को प्रकाशित)
------------------------
#DrMissSharadSingh
#डॉसुश्रीशरदसिंह #चर्चाप्लस #सागरदिनकर #charchaplus #sagardinkar
No comments:
Post a Comment