Showing posts with label भारत मोदी के बाद. Show all posts
Showing posts with label भारत मोदी के बाद. Show all posts

Tuesday, November 24, 2026

पुस्तक समीक्षा | प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कदमों की सटीक पड़ताल करती पुस्तक | समीक्षक डॉ. (सुश्री) शरद सिंह | आचरण

पुस्तक समीक्षा  
प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कदमों की सटीक पड़ताल करती पुस्तक
- समीक्षक डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह
-------------------
पुस्तक   - भारत मोदी के बाद: विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधान सेवक
संपादक - डॉ. सुजाता मिश्र
प्रकाशक - हंस प्रकाशन, (पब्लिशर्स एण्ड डिस्ट्रीब्यूटर्स) बी-336/1, गली नं. 3, दूसरा पुस्ता सोनिया विहार, नई दिल्ली, 110094
मूल्य - 395/-
-------------------
कोई भी व्यक्ति अपने निर्णय से ही अपनी पहचान बनाता है। विशेष रूप से राजनीतिक क्षेत्र में जब पद देश के प्रधानमंत्री का हो तो उसका निर्णय पूरे देश के वर्तमान और भविष्य को प्रभावित करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभालने के बाद अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जिनमें से कुछ निर्णय ऐसे हैं जिन्होंने समूचा परिदृश्य ही बदल दिया और जिनके कारण भविष्य में नई संभावनाओं  के द्वार खुल गए। नरेंद्र मोदी 26 मई 2014 से भारत के प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार के कई निर्णय ऐसे हैं जिन्होंने नया इतिहास रच दिया। इन्हीं स्वर्णिम कार्यों की पड़ताल की गई है पुस्तक “भारत मोदी के बाद: विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधान सेवक” में। इस पुस्तक का संपादन किया है हिंदी साहित्य की युवा लेखिका डॉ सुजाता मिश्र ने। 

डॉ. सुजाता मिश्र ने हंसराज कॉलेज, दिल्ली से बी.ए. (हिंदी ऑनर्स) तथा दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य में एम.ए. किया है। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल से ‘‘आचार्य विनय मोहन शर्मा के व्यक्तित्व एवं     कृतित्व’’ पर पीएच.डी. सुजाता मिश्र वर्तमान में डॉ हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर में बतौर अतिथि विद्वान अध्यापनरत हैं। वे एक समीक्षा पुस्तक का संपादन कर चुकी हैं तथा “हिंदी सिनेमा की स्त्री यात्रा” नामक पुस्तक लिख चुकी हैं। डॉक्टर सुजाता मिश्र के लेखन में उनका अपना एक मौलिक दृष्टिकोण एवं विषय की विविधता दिखाई देती है। विषय के आकलन के प्रति उनकी उत्सुकता उन्हें नवीन विषय की ओर आकर्षित करती है। यही कारण है कि जहां एक ओर उन्होंने भारतीय सिनेमा में स्त्री यात्रा की पड़ताल की वहीं वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों को परखने के लिए उत्सुक हो उठीं। उनके द्वारा संपादित पुस्तक “भारत मोदी के बाद: विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधान सेवक” में विभिन्न मनीषियों द्वारा लिखे गए कुल 22 लेख हैं - नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का उदय - प्रो. बल्देव भाई शर्मा, डिजिटल हुआ इंडिया : कहाँ से चले थे, कहाँ आ पहुँचे - बालेन्दु शर्मा दाधीच, अप्रतिम संचारक और संवादकला के महारथी - प्रो. संजय द्विवेदी, असंभव को संभव बना दिया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी - डॉ. (सुश्री) शरद सिंह, मोदी सरकार में विज्ञान और प्रौद्योगिकी : एक व्यापक समीक्षा (2014-2025) - डॉ. अग्निवेश श्रीवास्तव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत पुनर्स्थापना - डॉ. अवधेश कुमार, लेंस से नेतृत्व तक : एक प्रेरक अनुभव - सुनील कुमार सक्सेना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा का विकासः जेन जी की नज़र से - दीक्षा चड़ार, मैं जवाहर लाल नेहरू बोल रहा हूं... मोदी जी - पंकज झा, सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तनः मोदी शासन की तीन-सूत्रीय रणनीति - डॉ. मधु थवानी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राएँ: भारत की नई वैश्विक कूटनीति - डॉ. स्वाति अमित कुमार देसाई एवं ममता मीणा, तकनीक और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की तरफ बढ़ता भारत - डॉ. शशांक द्विवेदी, भारत की विदेश नीति 2014 के बाद: लोकतंत्र से वैश्विक नेतृत्व तक - डॉ. दीपिका गुप्ता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व मॉडलः एक राजनैतिक विश्लेषण - मनोज कुमार ध्रुवे एवं डॉ. ममता भक्कड़, संकल्प से सिद्धि रू सिद्धि से समृद्धि - डॉ. ज्योति सिंह, विकसित भारत - डॉ. नीलिमा पिम्पलापुरे, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत: 2014 से 2025 तक का नीतिगत, आर्थिक और सामाजिक परिवर्तनों का विश्लेषण - आशीष कुमार ‘‘अंशु’’, जनधन खाता और भारत की विकास यात्रा - अरुण शेखर, मोदी जी का नेतृत्व - सेवा और सुशासन का संकल्प - ब्रजेन्द्र कुमार पप्पू, वर्ष 2014 स्वाभिमान भारत के स्वर्णिम काल का आरम्भ है - संजीव दीक्षित, विकसित भारत के स्वप्नद्रष्टा प्रधानमंत्री - आदित्य अम्बर तथा विद्यार्थियों के मार्गदर्शक प्रधानमंत्री मोदी - तूलिका श्री। सबसे अंत में समाहार के रूप में डॉ सुजाता मिश्र ने सरकार की प्रमुख उपलब्धियां का बिंदुवार संक्षिप्त ब्यौरा दिया है।

अपनी पुस्तक के संबंध में डॉ सुजाता मिश्र ने लिखा है कि “यह पुस्तक मोदी सरकार की उपलब्धियों का एक संतुलित और विवेकपूर्ण विश्लेषण प्रस्तुत करने का प्रयास है। इसमें केवल नीतियों और योजनाओं की सूची प्रस्तुत नहीं की गई है, बल्कि उनके वास्तविक प्रभाव, सामाजिक परिणामों और दीर्घकालिक महत्व को समझने का प्रयास किया गया है। साथ ही, उन चुनौतियों, सीमाओं और आलोचनाओं को भी शामिल किया गया है, जो किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वाभाविक रूप से उभरती हैं। आर्थिक सुधार, डिजिटल क्रांति, सामाजिक कल्याण योजनाएँ, बुनियादी ढाँचा विकास और विदेश नीति जैसे विविध क्षेत्रों में हुए परिवर्तनों को इस पुस्तक में सरल और स्पष्ट भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उद्देश्य यह है कि सामान्य पाठक भी जटिल नीतिगत विषयों को आसानी से समझ सके और तथ्यों के आधार पर अपनी स्वतंत्र राय बना सके।”

संपादक डॉ सुजाता मिश्र अपनी प्राक्कथन में यह भी स्पष्ट किया है कि “यह पुस्तक न तो किसी प्रकार का प्रशस्ति-ग्रंथ है और न ही केवल आलोचना का मंच, बल्कि यह एक संतुलित विमर्श का प्रयास है, जो पाठकों को सोचने, समझने और प्रश्न करने के लिए प्रेरित करता है। लोकतंत्र की शक्ति इसी में निहित है कि उसके नागरिक जागरूक, विचारशील और सूचित हों। वो अपनी चुनी हुई सरकारों के कार्यों, नीतियों पर आलोचनात्मक चिंतन करें, उनका मूल्यांकन करे।”

यूं भी जब किसी सत्ताधारी के कार्यों का मूल्यांकन उसके कार्यकाल में किया जाता है तो प्रायः पाठकवृंद की प्राथमिक धरणा यही होती है कि पुस्तक में कार्यों का महिमा मंडन किया गया होगा। प्रस्तुत महिमामंडन में भी कोई बुराई नहीं है बशर्ते वे कार्य महिमा किए जाने योग्य हों। प्रथम ब्लर्ब पर गाजियाबाद, उ.प्र के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और संपादक प्रोफेसर बल्देव भाई शर्मा ये विचार इस पुस्तक के महत्व को रेखांकित करते हैं - “आज का भारत पुनरोदय के दौर से गुजर रहा है। यह ऐसा नया भारत है, जिसे विश्व आशा और सम्मान की दृष्टि से देख रहा है। योग और ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम’’ जैसे भारतीय विचारों ने वैश्विक जीवन में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है। भारत ने जी-20 जैसे मंचों के माध्यम से विश्व कल्याण और सहयोग की अपनी प्राचीन भावना को आधुनिक वैश्विक नेतृत्व से जोड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, आत्मनिर्भरता, विज्ञान एवं अंतरिक्ष, डिजिटल तकनीक, शिक्षा, आधारभूत संरचना और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।”
जब कार्य जनहित के हों तो उनका आकलन किया जाना, उन्हें रेखांकित किया जाना आवश्यक हो जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में उनके द्वारा लिए गए लौह निर्णयों में तीन तलाक की समाप्ति, ऑपरेशन सिंदूर का अभियान, प्रौद्योगिकी आत्मनिर्भरता और नई शिक्षा नीति जैसे निर्णयों को गिना जा सकता है। सुविख्यात तकनीकविद एवं राजभाषा गौरव पुरस्कार से सम्मानित लेखक बालेन्दु शर्मा दाधीच ने अपने लेख “डिजिटल हुआ इंडिया: कहाँ से चले थे, कहाँ आ पहुँचे” में लिखा है कि “सन् 2015 में में सिर्फ 19 प्रतिशत लोग इंटरनेट से जडे थे और 15 प्रतिशत के पास मोबाइल था। आज हमारी दो तिहाई आबादी इंटरनेट से जुड़ी है जबकि 78 फीसदी से ज्यादा सन् 2015 में, जब डिजिटल इंडिया कार्यक्रम की शुरुआत हुई तब देश लोग मोबाइल फोन रखते हैं।” फिर भी ‘एक दशक की यात्रा’ की चर्चा करते हैं- “डिजिटल इंडिया के तहत देशभर में हाई-स्पीड इंटरनेट पहुँचाने के लिए 'भारतनेट' जैसी योजनाएँ शुरू की गई। आज गाँव-गाँव में कॉमन सर्विस सेंटर खुले हैं, जहाँ लोग जन्म प्रमाणपत्र, पेंशन, बैंकिंग और बिजली बिल जैसी सरकारी सेवाएँ ऑनलाइन ले सकते हैं।”

 माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष तथा पूर्व में भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली के महानिदेशक रहे प्रो. संजय द्विवेदी ने “अप्रतिम संचारक और संवादकला के महारथी: मोदी की बातों में है माटी की महक” शिक्षक से लेख लिखते हुए मोदी जी की विशिष्ट संवाद क्षमता पर प्रकाश डाला है। प्रो. द्विवेदी ने लिखा है कि “नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व का विश्लेषण करते हुए अक्सर लोग ये प्रश्न पूछते हैं कि आखिर उनकी सफलता का राज क्या है? आखिर वो कौन सी चीज है, जो उन्हें भारत की मौजूदा राजनीति में नेताओं की भीड़ में सबसे अलग और सबसे खास बनाती है? असल में नरेंद्र मोदी की यात्रा एक साधारण इंसान के असाधारण बनने की कहानी है। वो आज जिस मुकाम पर हैं, इसमें उनकी संवाद शैली की सबसे अहम भूमिका है।”

वरिष्ठ साहित्यकार, स्त्रीविमर्शकार, इतिहासकार एवं कॉलमिस्ट डॉ. (सुश्री) शरद सिंह ने अपने लेख “असंभव को संभव बना दिया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019 ने लागू करके” में लिखा है कि “इस कानून को लागू करने और मुस्लिम महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की व्यक्तिगत और राजनीतिक भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है। यदि उनकी दृढ़इच्छाशक्ति नहीं होती तो यह कानून कभी पारित नहीं हो पाता। जिस कुशलता से जनमत प्राप्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मुस्लिम महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने वाला कानून पारित करा कर स्थापित किया और असंभव को संभव कर दिखाया वह इतिहास में अवश्य गाढ़े रंग से रेखांकित किया जाएगा।”
गुजरात यूनिवर्सिटी, सूरत में असिस्टेंट लोक प्रशसान विभाग की प्रोफेसर डॉ. दीपिका गुप्ता ने अपने लेख “भारत की विदेश नीति 2014 के बादः लोकतंत्र से वैश्विक नेतृत्व तक” मैं प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीतियों पर समुचित दृष्टि डाली है। उन्होंने लिखा है कि “विदेश नीति के क्षेत्र में भी भारत ने केवल क्षेत्रीय शक्ति की सीमाओं में रहते हुए कार्य नहीं किया। मोदी युग में भारत ने वैश्विक मंचों पर सक्रिय नेतृत्व अपनाया और लोकतंत्र के मूल्यों को वैश्विक नीति में समाहित किया। इसके लिए जी 20-अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री, ग्लोबल साउथ समिट जैसे मंचों का प्रयोग किया गया। इन पहलों ने यह सुनिश्चित किया कि भारत की विदेश नीति केवल सुरक्षा और सामरिक हितों तक सीमित न रहे, बल्कि वैश्विक न्याय, मानवता और विकास के संदर्भ में एक उत्तरदायी वैश्विक नेता के रूप में उभरे।”

प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में  आकलनकर्ता लेखकों को हमेशा आकर्षित किया है। विभिन्न भाषाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों पर कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनके बीच डॉ सुजाता मिश्र की पुस्तक “भारत मोदी के बाद: विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधान सेवक” हिन्दी भाषा में विशेषरूप से उन बिन्दुओं पर प्रकाश डालती है जिन्हें मोदी जी के ऐतिहासिक कदम कहा जा सकता है। किसी भी राजनीतिज्ञ अथवा देश प्रमुख की वे नीतियां ही इतिहास रचती हैं जिनसे सघन जोखिम को अपनाते हुए भी व्यापक लोकहित सिद्ध होता है। डाॅ. सुजाता ने लेखों के चयन में इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए पूरी सजगता एवं तटस्थता बरती है। उनकी दृष्टि किसी प्रभावित व्यक्ति की नहीं वरन एक आकलनकर्ता की दृष्टि है। इसीलिए यह पुस्तक प्रधानमंत्री मोदी पर लिखी गई अन्य पुस्तकों के बीच अपनी अलग अर्थवत्ता स्थापित करती है। पुस्तक में रखे गए सभी लेख महत्पूर्ण हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सत्ता सम्हालने के बाद भारत के परिदृश्य में जो व्यापक परिवर्तन आया है उसे जानने और समझने के लिए यह पुस्तक बेहद सहयोगी एवं उपयोगी है।              
-------------------------     
#पुस्तकसमीक्षा #डॉसुश्रीशरदसिंह 
#DrMissSharadSingh #bookreview #bookreviewer 
#पुस्तकसमीक्षक #पुस्तक #आचरण