दैनिक हिंदुस्तान के देश भर के सभी संस्करण में मेरा लेख प्रकाशित हुआ है जिसके लिए मैं आदरणीय अरुण जैमिनी जी की हार्दिक आभारी हूं 🙏💐🙏
गुरुद्वारों और लंगर के इतिहास से परिचित कराता मेरा यह लेख आशा है आप सबको भी पसंद आएगा 😊
#डॉसुश्रीशरदसिंह #DrMissSharadSingh
#दैनिकहिन्दुस्तान
#गुरुद्वारा #लंगर #इतिहास
------------------------------------
इतिहासगोई
गुरुद्वारों और लंगर का सफर
धर्मसाल ही बाद में गुरुद्वारे कहलाए
- शरद सिंह
लेखिका
यह सुखद संयोग रहा कि मुझे अनायास ही सबसे पहले ग्वालियर (मध्य प्रदेश) स्थित दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारा जाने का अवसर मिला। उस गुरुद्वारे की भव्यता ने जितना मुझे प्रभावित किया, उतना ही उसके इतिहास ने। वहां मुझे दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारे का रोमांचकारी इतिहास पता चला। सिख धर्म के छठे गुरु हरगोबिंद साहिब को वहां बंदी बनाकर रखा गया था। जब उन्हें मुक्त किया जाना था, तब उन्होंने इस शर्त पर रिहा होना मंजूर किया कि उनके साथ जितने भी बंदी हैं, उन सभी को रिहा किया जाए। उनकी शर्त मानी गई और तभी से उस स्थान का नाम दाता बंदी छोड़ पड़ गया।
इसके कुछ वर्ष बाद मैं पटना साहिब गुरुद्वारे में थी। इसी दौरान मुझे अपनी पुस्तक श्रेष्ठ सिख कथाएं लिखने का अवसर मिला। फिर तो मैं सिख इतिहास को पढ़ती चली गई। दुनिया का सबसे पहला गुरुद्वारा सन् 1521 में सिखों के पहले गुरु नानक देव जी ने रावी के तट पर करतारपुर में बनवाया था। करतारपुर आज पाकिस्तान में पंजाब सूबे के नरवाल जिले का हिस्सा है। शुरू में इसे 'गुरुद्वारा' नहीं, 'धर्मसाल' कहा जाता था। करतारपुर धर्मसाल की स्थापना के साथ ही संगठित पूजा, लंगर की परंपरा की शुरुआत हुई थी। खास बात यह थी कि हरेक समुदाय के लिए इसे खुला रखा गया।
गुरुद्वारा का शाब्दिक अर्थ ही है- गुरु का द्वार, आध्यात्मिक अथों में गुरु का स्थान ! भला गुरु के स्थान में किसी शिष्य को क्यों रोका जाए? भले ही वह शिष्य दीक्षित न हो, जिज्ञासावश आ गया हो। गुरुद्वारे में इसीलिए सभी धर्मों और पंथों के लोगों का स्वागत किया जाता है। इनको सम्मान से 'गुरुद्वारा साहिब' कहा जाता है। हरेक गुरुद्वारे में एक दरबार साहिब होता है, जहां पवित्र गुरुग्रंथ साहिब को ऊंचे सिंहासन पर स्थापित किया जाता है। सिख धर्म में गुरुग्रंथ साहिब को शाश्वत गुरु की मान्यता है।
दुनिया भर में दस गुरुद्वारे ऐतिहासिक महत्व के हैं- तख्त श्रीहरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर), तख्त श्रीकेसगढ़ साहिब, तख्त श्रीहरमंदिरजी पटना साहिब, तख्त श्रीदमदमा साहिब, तख्त सचखंड श्रीहुजूर साहिब, गुरुद्वारा बंगला साहिब, गुरुद्वारा शीशगंज साहिब, गुरुद्वारा श्रीहेमकुंड साहिब, गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ साहिब और ननकाना साहिब। इनमें अमृतसर स्थित तख्त श्रीहरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) को सिख धर्म में सबसे पवित्र स्थल माना जाता है।
चौथे गुरु रामदास जी ने अमृतसर की स्थापना की और उनके बाद पांचवें गुरु अर्जन देव जी ने 1588 ई. में श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) की नींव रखी। वर्ष 1606 में यहां पर गुरुग्रंथ साहिबकी स्थापना की गई। बाद में 19वीं शताब्दी में महाराजा रणजीत सिंह ने इसके गुंबद पर सोने की परत चढ़वाई, जिससे यह 'स्वर्ण मंदिर' कहलाया।
ननकाना साहिब (अब पाकिस्तान में) सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का जन्मस्थान है। पंजाब के रूपनगर (रोपड़) जिले के आनंदपुर साहिब शहर में तख्त श्रीकेसगढ़ साहिब गुरुद्वारा स्थित है। यह सिखों के पांच पवित्र तख्तों में से एक है, जहां सन् 1699 में गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना की थी।
पटना (बिहार) स्थित तख्त श्रीहरमंदिर जी गुरुद्वारा 'पटना साहिब' के नाम से ख्यात है। यह गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मस्थली है, वहीं तलवंडी (पंजाब) में तख्त श्रीदमदमा साहिब पांच तख्तों में से एक है, जहां गुरु गोबिंद सिंह जी लंबे समय तक ठहरे। गोदावरी तट पर नांदेड़ (महाराष्ट्र) में स्थित तख्त सचखंड श्रीहुजूर साहिब गुरु गोबिंद सिंह जी से जुड़ा पवित्र तख्त है। नई दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारे का संबंध आठवें गुरु हरकिशन साहिब से है, तो तो पुरानी दिल्ली का शीशगंज साहिब गुरुद्वारा नौवें गुरु तेग बहादुर जी की शहादत से जुड़ा है।
उत्तराखंड के चमोली में स्थित श्रीहेमकुंड साहिब गुरुद्वारा गुरु गोबिंद सिंह जी की तपस्या स्थली रहा। इसी तरह, मध्य प्रदेश के बुरहानपुर स्थित गुरुद्वारा भी दसवें गुरु (गुरु गोबिंद सिंह जी) के प्रवास से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहर है।
गुरुद्वारों में लंगर की प्रथा का आरंभ गुरुनानक देव जी ने ही किया था। इसका एकमात्र उद्देश्य था समानता, निःस्वार्थ सेवा और भेदभाव को मिटाना। लंगर प्रथा से जुड़ी एक रोचक कथा है। यह गुरुद्वारा सच्चा सौदा से जुड़ी बताई जाती है। दरअसल, गुरु नानक देव जी के पिता मेहता कालू जी ने 20 रुपये देकर उन्हें ऐसा व्यापार करने को भेजा, जिसमें वह कुछ मुनाफा कमा सकें। गुरु नानक देव को रास्ते में कुछ साधु मिले, जो कई दिनों से भूखे थे। उन्होंने उन 20 रुपयों से साधुओं को छककर भोजन कराया।
जब गुरु नानक देव से पूछा गया- आप तो इन रुपयों से व्यापार करने निकले थे, अब कैसे कारोबार करेंगे ? उन्होंने मुस्कराकर कहा- मैंने तो व्यापार कर लिया, यही तो सच्चा सौदा था। जिस जगह पर यह घटना घटी, वह आज पाकिस्तान के शेखूपुरा जिले के फारूकाबाद (चूहड़काना) में पड़ता है। वहीं पर गुरुद्वारा सच्चा सौदा स्थित है, जो लंगर परंपरा की पहली निशानी है। सिखों के तीसरे गुरु अमर दास जी ने गोइंदवाल साहिब में लंगर प्रथा में यह अनिवार्य नियम बनाया कि उनसे मिलने से पहले हर व्यक्ति को लंगर में बैठकर भोजन करना होगा। इसको पहले पंगत, बाद में संगत कहा गया।
लंगर में सिर्फ सादा शाकाहारी भोजन तैयार होता है, ताकि सब समान रूप से इसे छक सकें। लंगर सामाजिक समानता का प्रतीक है। समभाव का मंत्र देते हुए गुरु नानक देव जी ने उद्घोष किया था- इक ओंकार अर्थात ईश्वर एक है।
---------------------------
पिछले वर्ष हमें भी ग्वालियर के इस भव्य गुरुद्वारे में जाने का अवसर मिला था, वास्तव में सिख गुरुओं ने समाज और विश्व के लिये बहुत योगदान दिया है। सिख धर्म के बारे में आपके इस आलेख से बहुत उत्तम जानकारी मिलती है
ReplyDelete