Thursday, March 3, 2022

बतकाव बिन्ना की | कोऊ कए कऊं की, भैयाजी हूंके मऊ की | डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह | बुंदेली कॉलम | साप्ताहिक प्रवीण प्रभात

प्रिय ब्लॉग साथियों, 
"बतकाव बिन्ना की" - ये है मेरा नया कॉलम जो बुंदेली में रहेगा। दरअसल, छतरपुर  से एक नया साप्ताहिक समाचारपत्र प्रकाशित हो रहा है जिसका नाम है "प्रवीण प्रभात"। इसके संपादक श्री प्रवीण गुप्त हैं जो बुंदेलखंड के प्रकांड विद्वान, ख्यातिलब्ध स्व.श्री नर्मदा प्रसाद गुप्त जी के सुपुत्र हैं तथा वे स्वयं भी बुंदेली भाषा, संस्कृति एवं साहित्य के विकास के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। उनके आत्मीय आग्रह पर "प्रवीण प्रभात" में मैं यह कॉलम शुरू कर रही हूं।
     बुंदेली सरल एवं सुगम क्षेत्रीय भाषा है जिसे सभी आसानी से समझ सकते हैं। मुझे आशा है कि मेरे सभी मित्र इसे पढ़ेंगे और बुंदेली बोली और मेरे कॉलम का आनंद लेंगे।
   तो आज प्रस्तुत है कॉलम का पहला लेख - "कोऊ कए कऊं की, भैयाजी हूंके मऊ की"
------------------------
Batkav Binna Ki - Bundeli Column of Dr (Ms) Sharad Singh

बतकाव बिन्ना की
कोऊ कए कऊं की, भैयाजी हूंके मऊ की
- डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह
                                  
‘‘काए बिन्ना, हमाए इते का अच्छी पढ़ाई-लिखाई नई होत है का?’’ सोचत भए भैयाजी बोले।
‘‘कोन ने कही? हमाए इते इत्ते नोने-नोने अंग्रेजी सकूल आएं। जीमें पढ के हमाए मोड़ा-मोड़ी हरें गिटर-पिटर अंग्रेजी बोलत हैं। बाकी हमें तो कछु पल्ले नईं परत, पर उने अंग्रेजी बोलत भए देख के मुदकी खुसी होत है।’’ मैंने भैयाजी से कही।
‘‘सो तो सांची कही तुमने बिन्ना, हमें सोई खुसी होत है। ऊपे जब हमाए मोड़ा-मोड़ी बो का कहाऊत है, इन्टरनेट औ व्हाटसअप की बातें करत हैं तो हमाओ जिगरा दूनो हो जात है। बाकी, हम सकूल के बारे में नई बोल रए। हम तो उन ओरन के बारे में सोच रए के जो बच्चा हरें बिदेश पढ़बे खों जात हैं।’’ भैयाजी बोले।
‘‘हां, भैयाजी! उनकी तो फिकर हमें रओ चाइए। अबई देख लेओ बा युक्रेन में हमाए इते के बे बच्चा हरें फंस गए, जो पढ़बे के लाने गए हते।’’ मोए समझ में आ गई के भैयाजी बे युक्रेन वारे मोड़ा-मोड़ी के लाने परेसान आएं। पर मोरी सोच गलत निकरी। 
‘‘हऔ, बे ओरें उते जा के फंस तो गए हैं। कछु पैलें जब ससुरो जे कोरोना सुरू भओ रओ ऊ बेरा हमाए इते के पढ़बे वारे मोड़ा-मोड़ी चीन के वोई वारी जागां में जा फंसे रए, जां से जो कोरोना की सुरुआत भई रई। ससुरो नाम याद नई आ रओ ऊ सहर को।’’ भैयाजी अपनो मूंड़ खुझात भए बोले।
‘‘वुहान नाम हतो ऊको, भैया जी।’’ मैेने सुरता दुलाई।
‘‘हओ-हऔ! ठीक कही तुमने, बिन्ना। वुहान नाम हतो ऊ जागां को। रामधई ऊके पैलें तो हमने ऊको नाम लो नई सुनो हतो। जे मोड़ा-मोड़ियन ने कहां से ढूंढ लई रई ऊ जागां? हमें तो जे समझ में नई आती के जे ओरे उते काए की पढ़ाई पढ़बे जात आएं?’’ भैयाजी को मूड़ खुझाबो बादस्तूर जारी हतो। उने ऐसे मूड़ खुझात भए देख के मोरी भैतई इच्छा भई के मैं पूंछूं-‘‘काए भैयाजी, मूंड़ में जुआं पड़ गए का?’’ बाकी मैंने पूछी नईं। काए से के उनको बुरवौ लग जातो।
‘‘बे उते मेडिकल की पढ़ाई करबे के लाने गए रए।’’ मैंने भैयाजी खों बताओ।
‘‘औ, युक्रेन में कौन-सी पढ़ाई पढ़बे के लाने गए?’’ भैयाजी ने पूछा।
‘‘उते बी मेडिकल औ बिजनेस वगैरा जेई सब पढ़बे के लाने गए रए।’’ मैंने अपनो ज्ञान बघारो। 
‘‘काए हमाए इते मेडिकल कालेज नईयां का? के बिजनेस की पढ़ाई पढ़ावे वारे नईयां? जो इते-उते बिदेस भगत फिरत हैं औ फेर कछु गड़बड़ हो जात है, सो सबई की जान संासत में पड़ जात है।’’ भैयाजी तुनकत भए बोले।
‘‘ऐसो ने कहो भैयाजी! बिदेश की पढ़ाई बिदेश की होत है। उते के पढ़े-लिखे को इते अच्छो काम मिलत है। जेई के लाने सबई अपने मोड़ा-मोड़ी खों बिदेश भेजबो चात हैं।’’ मैंने भैया खों समझाओ।
‘‘तुमाई जे बात हमाए गले नई उतरी बिन्ना! काए से के तुमई बताओ के, का हमाए परधानमंत्री मोदी जी बिदेस से पढ़ के आए हैं? के हमाए शिवराज सिंह भैया बिदेस से पढ़ के आए हैं। एक जने देस चला रए औ एक जने प्रदेस चला रए। जे का कोनऊ छोटो काम आए?’’ भैयाजी तर्क देत भए बोले।
‘‘बरे, इन ओरन की बात और आए। जे ओरें राजनीति वारे ठैरे।’’ मैंने भैयाजी से कही।
‘‘चलो, मान लौ, के जे ओरें राजनीति वारे हैं सो बे कोन वारे हते, जो मिसाईल मैन कहे जात आएं? अरे, बेई हमाए पुराने राष्ट्रपति स्वर्गीय अब्दुल कलाम जी, का बे सोई राजनीति वारे हते? बे तो राकेट बनाउतते। साईंसिस्ट हते बे। औ हमने उनके बारे पढ़ रखो है, बे पढ़बे के लाने कहूं बिदेस-फिदेस नई गए रए, उन्ने अपनी पूरी पढ़ाई इतई अपने देस में करी रई। तुम हमें न बनाओ!’’ भैयाजी तिनकत भए बोले।
‘‘हओ, हमने मानी के आप सांची कै रए। हमाए अब्दुल कलाम जी ने पूरी पढ़ाई इतई करी रई, अपने जेई देस में। मनो, हमाए गांधी बापू तो बैरिस्टरी पढ़बे के लाने बिदेस गए रए।’’ मैंने सोई अड़ी बिधा दई।
‘‘सुनो बिन्ना! हम समझ रए के तुम दोंदरा देबे की कोसिस कर दईं मनो ईसे असली बात ने दब जेहे। पैली तो जे के ऊ समै हमाए देस में बैरिस्टरी की पढ़ाई ने होत ती। सो बापू को पढ़बे के लाने इंग्लैंड जानो पड़ो रओ। औ, दूसरी बात जे के इंग्लैड की बैरिस्टरी की पढ़ाई उनके लाने कोनऊ ज्यादा काम ने आई। उन्ने तो नाम की बैरिस्टरी करी। बे तो जब देस लौटे तो इतई के हिसाब से उन्ने आंदोलन चलाए। अहिंसा को पाठ पढ़ाओ, चरखा चलान लगे, लठिया औ लंगुटिया अपना लई। काए से के उने लगो के इते इत्ती गरीबी है, लोगन खों पैनने के लाने पूरो कपड़ा नई मिलत है, सो हम काए पूरो कपड़ा पैनें? बिन्ना, जे बिदेस की पढ़ाई ने हती, जे हमाए इतई के संस्कार हते।’’ भैयाजी जोश में भर आए।
‘‘बात तो ठीक कै रै भैयाजी! मगर आजकल तो लोग बिदेसई की ओर भगत आएं...।’’
‘‘औ, लड़ाई-मड़ाई छिड़ जात है सो फेर उते से भगत हैं।’’ भैयाजी मोरी बात काटत भए बोले,‘‘अपने देस में इत्ते अच्छे काॅलेज आएं, इत्ती अच्छी पढ़ाई होत है। मनो, कैम्ब्रिज-वैम्ब्रिज में पढ़बे जा रएं होएं तो बी समझ सकत हैं, पर जे वुहान, युक्रेन जोग छोटी जागां में का हमाए देस से अच्छी पढ़ाई होत हूहे? हमाई करेंसी और खर्च करत रहत हैं।’’ भैयाजी तनक जादई जोस में आ गए। सो मैंने सोची के अब बात इतई रफा-दफा करो ने तो जे अबई राजनेता घांई भाषण देबे लगहें।
‘‘मैं जा रई भैयाजी! जो के टीवी में देखूं के अपने देस के कित्ते लोग उते से निकर पाए।’’ मैंने अपने हाथ जोड़े औ भैयाजी से विदा लई।
‘‘बिन्ना, ई बारे में सोचियो जरूर।’’ भैयाजी पीछे से आवाज़ देत भए बोले। 
भैयाजी की बातें कोनऊ खों बुरई लगें तो दिल पे ने लइयो। काए से के बो कहनात मनो भैयाजी के लाने बनी आए के -‘‘कोऊ कए कऊं की, दाऊ हूंके मऊ की’’। सब ओरन खों इते-उते फंसे डरे लोगन खों निकारबे की परी आए और हमाए भैया जी जे सोच रै के बे ओरे बिदेस गए काए को? मनो, भैया जी की बे जानें। मोए बतकाव करनी हती सो कर लई। बाकी आग जाने, लुहार जाने, औ धोंकन हारें की बलाए जाने, मोए का करने। 
         बतकाव हती सो बढ़ा गई, औ हंड़ियां हती सो चढ़ा गई। अब अगले हफ्ता करबी बतकाव, तब लों जुगाली करो जेई की। सो सबई जनन खों शरद बिन्ना की राम-राम!
              -----------------------------
#बतकावबिन्नाकी #डॉसुश्रीशरदसिंह #बुंदेली #बुंदेलखंड #बिन्ना #भैयाजी #बतकाव #BatkavBinnaKi #DrMissSharadSingh #Bundeli
#Bundelkhand #Binna #Bhaiyaji #Batkav #वुहान #युक्रेन #Wuhan  #ukraine

Wednesday, March 2, 2022

चर्चा प्लस | रूस-यूक्रेन युद्ध और तेलघानी के बैल | डाॅ (सुश्री) शरद सिंह | सागर दिनकर

चर्चा प्लस  
रूस-यूक्रेन युद्ध और तेलघानी के बैल
- डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह                                                                                        
       आज अधिकांश लोग नहीं जानते हैं कि तेलघानी किसे कहते हैं? मेरे साथ के या मुझसे बड़ी उम्र के कुछ लोगों को शायद याद होगी तेलघानी। उनमें से कई ने देखी भी होगी। लेकिन समय के साथ लुप्त हो गई वह तेलघानी। आज रूस-यूक्रेन युद्ध के संशय भरे माहौल में तेलघानी को याद करना विचित्र लग सकता है क्योंकि इनका प्रत्यक्षतः आपसी संबंध भी नहीं है। लेकिन राजनीतिक लिप्सा तो एक तेलघानी है जिसमें हम बैल के समान गोल-गोल घूम रहे हैं। युद्ध की दशाएं बदली हैं पर मंशा नहीं। वह भी गोल-गोल घूम रही है।
मैं राजनीति की विद्यार्थी कभी नहीं रही। महाविद्यालय में पहुंच कर जब मैंने बायोलॉजी ग्रुप से सीधे छलांग लगा कर आर्ट ग्रुप में प्रवेश किया तो मेरे सामने कुछेक विकल्प ही थे। मेरा दाखिला पन्ना के छत्रसाल शासकीय महाविद्यालय के कला संकाय में होना था। मैं बीकाॅम करना चाहती थी। लेकिन मुझे पता चला कि बीकाॅम में लड़कियों को एडमीशन नहीं दिया जाता है। इसका कारण अजीब-सा था। मैंने अपनी मां को बताया जिन्हें मैं नन्ना जी कहती थी। कॉलेज के प्राचार्य वर्मा जी थे जिनकी पत्नी नन्ना जी के साथ स्कूल में व्याख्याता थीं। अतः मेरे कहने पर नन्ना जी ने वर्मा आंटी से तय कर के उनके घर जा कर वर्मा जी से इस बारे में बात की कि ‘‘बच्ची बीकॉम में दाखिला चाहती है और वह कह रही है कि उसे दाखिला नहीं दिया जा रहा है।’’ मैं भी वहां मौजूद थी। वर्मा जी ने बड़े शांत भाव से बताया कि जिस समय बीकाॅम की कक्षाएं लगती हैं उस समय आर्ट वाले जा चुके होते हैं और साईंस वाले आए नहीं होते हैं। इस बीच के समय में कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं होता है जो लड़कियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी ले सके। मामला वहीं ख़त्म हो गया। मुझे बीए में दाखिला लेना पड़ा। आज सोचती हूं तो समझ में नहीं आता है कि क्या बीकाॅम में पढ़ाने वाले प्राध्यापक भी छात्राओं की रक्षा नहीं कर सकते थे? क्या बीकॉम के छात्र इतने उद्दण्ड थे? इन प्रश्नों के उत्तर मुझे आज भी नहीं मिल पाए हैं। बहरहाल, फर्स्ट ईयर का फॉर्म भरते समय मेरे पास विषयवार विकल्प थे-हिन्दी साहित्य, अर्थशास्त्र, इतिहास और राजनीति विज्ञान। बेहद सीमित विकल्प क्यों कि इनमें से मात्र तीन विषय ही चुने जा सकते थे। मैंने चुना हिन्दी साहित्य, अर्थशास्त्र और इतिहास। मजे की बात यह कि एक मात्र मैं ही ऐसी छात्रा थी जिसने राजनीति शास्त्र नहीं लिया था। अतः राजनीतिशास्त्र के पीरियड में मुझे कक्षा के बाहर अकेले खड़े रहना पड़ता था, शेष सभी छात्र-छात्राएं अरस्तू-प्लेटो के सिद्धांतों से जूझते रहते थे। गनीमत ये थी कि मुझे यह कह कर राजनीतिशास़्त्र पढ़ने के लिए बाध्य नहीं किया गया कि ‘‘कक्षा से बाहर अकेली खड़ी रहना एक छात्रा के लिए ठीक नहीं है।’’ ऐसा नहीं है कि मैंने राजनीति बिलकुल नहीं पढ़ी। मैंने राजनीति पढ़ी लेकिन इतिहास के अंतर्गत। समूचे घटनाक्रम के साथ। जिसमें राजनीतिक सिद्धांतों के साथ सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और मनोवैज्ञानिक दशाएं भी शामिल थीं। काॅलेज में मैं इतिहास पढ़ रही थी और घर में आने वाले अख़बार और पत्रिकाएं ईरान-ईराक युद्ध और गाज़ापट्टी के रक्तपात की घटनाएं पढ़ाती थीं। इतिहास के पन्ने अशांत थे और तत्कालीन वर्तमान के पन्ने भी धधक रहे थे। उस समय फस्र्टईयर के कोर्स में प्राचीन भारत का इतिहास पढ़ाया जाता था। सेकंड ईयर के कोर्स में मध्यकालीन भारत का इतिहास और थर्ड ईयर में आधुनिक भारत का इतिहास। इसी क्रम में विश्वइतिहास भी शामिल था। प्रथम विश्वयुद्ध, द्वितीय विश्वयुद्ध, चीन का इतिहास, जापान का इतिहास आदि-आदि। उन दिनों भी इतिहास पढ़ते समय मुझे यही लगता था कि यह मानव संस्कृति का एवं मानव सभ्यता का इतिहास नहीं है अपितु युद्धों का इतिहास है। मुझे समझ में आ गया था कि युद्ध एक ऐसी मानवीय प्रवृत्ति है जो उससे कभी अलग नहीं होगी। 

प्रथम विश्व युद्ध में 30 ज्यादा देश शामिल हुए। इसमें दो धुरी थी। एक ओर 17 से ज्यादा मित्र देश थे, जिनमें सर्बिया, ब्रिटेन, जापान, रूस, फ्रांस, इटली और अमेरिका आदि थे। दूसरी ओर जर्मनी, ऑस्ट्रिया, हंगरी, बुल्गारिया और ओटोमन साम्राज्य  यानी टर्की था। जर्मनी के चांसलर बिस्मार्क के बारे में मशहूर था कि ‘‘वह एक साथ पांच गेंदों से खेलता है और पांचों गेंदे हवा में रहती हैं, एक भी उसके हाथ से गिरती नहीं है।’’ ये गेंदे पांच राष्ट्र की प्रतीक थीं- ऑस्ट्रिया, हंगरी, बुल्गारिया, टर्की और फ्रांस। फ्रांस जल्दी ही बिस्मार्क की चालों को समझ गया और विरोध में उतर आया। युद्ध की भूमिका बन चुकी थी। वही आदिम मुद्दा - वर्चस्व और ज़मीन के टुकड़े का। युद्ध शुरू हुआ चंद देशों के बीच लेकिन जल्दी ही उसने विश्वव्यापी रूप ले लिया। जिसके विस्तार एक जिम्मेदार ब्रिटेन भी था। उस समय ब्रिटेन का उपनिवेशवाद अपने पूरे विस्तार पर था अतः उसके आधीन आने वाले सभी देशों को उस युद्ध का हिस्सा बनना पड़ा।
प्रथम विश्व युद्ध में 43,86,000 सैनिक मारे गए, 83,88,000 घायल हुए और 36,29,000 लापता हुए। इस युद्ध में लगभग 11 लाख भारतीय सैनिकों ने भी भाग लिया था जिनमें से 75 हज़ार शहीद हुए थे। यह 28 जुलाई 1914 से 11 नवंबर 1918 तक चला था।

राजनीतिक लिप्सा इतना रक्तपात कर के नहीं रुकी। प्रथम विश्वयुद्ध की समापन की संधियों में ही द्वितीय विश्वयुद्ध के बीज बोए जा चुके थे। प्रथम विश्वयुद्ध ने सभी देशों की आर्थिक कमर तोड़ दी थी। जर्मनी ने विजय प्राप्त की थी लेकिन वह धीरे-धीरे उस आर्थिक मंदी की ग़िरफ्त में आ गया जिसे इतिहास में 1930 की ‘विश्व आर्थिक मंदी’ के नाम से जाना जाता है। जब आमजनता परेशान हो तो उनमें जोश जगाने वाला नेता उन्हें पसंद आता है। एडोल्फ हिटलर ने आमजनता के इस मनोविज्ञान को समझा और उसे जर्मनी का जननायक बनते देर नहीं लगी। राजनीति के इतिहास में एक और युद्ध का पन्ना जुड़ना तय हो गया। यह पहले से अधिक भयानक साबित हुआ। इसमें और अधिक संहारक हथियारों का प्रयोग किया गया। यह सन् 1939 से 1945 तक होने वाला एक विश्वव्यापी युद्ध था। इस युद्ध में दो प्रमुख प्रतिद्वंद्वी गुट धुरी शक्तियां (जर्मनी, इटली और जापान) तथा मित्र राष्ट्र (फ्रांस, ग्रेट ब्रिटेन, संयुक्त राज्य अमेरिका, सोवियत संघ और कुछ हद तक चीन) शामिल थे। यह युद्ध मित्र राष्ट्रों तथा धुरी राष्ट्रों के बीच लड़ा गया था। मित्र देशों की अगुवाई अमेरिका, फ्रांस और ग्रेट ब्रिटेन द्वारा किया गया जबकि धुरी शक्तियों का नेतृत्व जर्मनी, इटली और जापान द्वारा किया गया था। इस युद्ध में लगभग 70 देशों की थल-जल-वायु सेनाएं शामिल थी। इसके साथ ही युद्ध में विभिन्न राष्ट्रों के लगभग 10 करोड़ सैनिकों नें भाग लिया था, जिसमें 5 से 7 करोड़ लोगो की जानें गई और 2 करोड़ से अधिक लोग घायल हुए थे। जब यह विश्वयुद्ध अपने चरम पर था तब लगभग 25 लाख से अधिक भारतीय सैनिक पूरे विश्व में धुरी-राष्ट्रों की सेनाओं से लड़ रहे थे। लगभग 87 हजार से अधिक भारतीय सैनिक युद्ध में मारे गए थे। इस विनाशकारी युद्ध में परमाणु बम का भी इस्तेमाल हुआ था, जिसके कारण अनेक लोग बीमारी और भुखमरी का शिकार हुए। हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराए जाने की कलंकित घटना के साथ इस युद्ध का पटाक्षेप हुआ। रूस ने अपार जनहानि सही और उतनी ही प्रशंसात्मक जीवटता का भी परिचय दिया। लेकिन क्या किसी ने भी द्वितीय विश्वयुद्ध से सबक लिया? युद्ध की भयावहता रूस, पोलैंड, आस्ट्रिया, फ्रांस आदि योरोपीय देशों से अधिक कोई नहीं समझ सकता है। क्योंकि उनके घरों भीतर तक रक्त की नदियां बहीं। लेकिन वही रूस आज फिर एक युद्ध छेड़ कर बैठा है। युद्ध के दोषियों की सूची में सिर्फ रूस नहीं है। अमेरिका सामरिक नियंत्रण पाने की आड़ में अवसर तलाशता रहता है। वहीं ईराक, ईरान और अन्य खाड़ी देश कभी भी भड़क जाते हैं। चीन सामरिक तैयारियां करता रहता है। पाकिस्तान को तो उछलने की आदत ही पड़ चुकी है। अफगानिस्तान की वर्तमान दशा हमारी आंखों के सामने है।
आज स्थितियां और अधिक जटिल हो गई हैं। आज जब दो देशों के बीच युद्ध होता है तो बाकी समर्थ देशों के हाथ आर्थिक रूप से बंध जाते हैं। साथ ही ख़तरा है अब जैविक और रासायनिक हथियारों का। जिन्हें बनाना और रखना तो हर देश चाहता है लेकिन इनके प्रयोग से डरता भी है। हर देश जानता है कि तीसरा विश्वयुद्ध समूची मानव जाति के लिए घातक सिद्ध होगा। दूसरी ओर आतंकवादी गतिविधियां और हथियारों का बाज़ार है जो वैश्विक शांति को भंग करने के लिए लालायित रहता है। 

आज कोई भी सशक्त देश अपने गिरेबान में झांकना नहीं चाहता है। इसीलिए मैंने बात शुरू की थी तेलघानी से। जब मैं छोटी थी तब पन्ना शहर में एक तेलघानी हुआ करती थीं। बड़ा बाज़ार में। जहां तक मुझे याद है वे लोग पठान थे। उनके परिवार की औरतें सलवार कुर्ता पहनती थीं। सिर पर दुपट्टा डालती थीं लेकिन तेलघानी चलाने में घर के पुरुषों की मदद करती थीं। बहुत बड़ी-सी ऊखल के चारो ओर दो बैल एक-दूसरे के पीछे गोल-गोल घूमते रहते थे। उनकी आंखों पर इस तरह के पट्टे बंधे होते थे कि वे सामने ही देख सकते थे, साईड में नहीं। इसका कारण नन्ना जी ने बताया था कि इससे उन्हें यह भ्रम बना रहता है कि वे सीधे रास्ते पर कहीं दूर चले जा रहे हैं और इससे वे न तो चकराते हैं और न थकते हैं। यानी वे भ्रम में रहते थे। बैलों के घूमने से ऊखल में रस्सियों से बंधा मूसल भी घूमता था जिससे सरसों, तिल आदि के दाने पिसते थे और उनसे तेल निकलता था। मुझे उस दृश्य को देखने में बहुत मजा आता था। लेकिन यही दृश्य अप्रत्यक्ष रूप से हम राजनीतिक इतिहास से वर्तमान तक जी रहे हैं। हमें भ्रम है कि हम सभ्यता में बहुत आगे निकल आए हैं लेकिन फिर ये युद्ध? ये कौन-सी सभ्यता की निशानी हैं? हम तो तेलघानी के बैलों की तरह छोटे-बड़े युद्धों के पीछे-पीछे घूम रहे हैं। तेलघानी का जमाना चला गया लेकिन युद्धों का नहीं। युद्ध कहीं भी हो दुनिया के हर देश पर उसका असर पड़ता है। इसका ताज़ा उदाहरण हमारे देश का सेंसेक्स है जो युद्ध छिड़ते ही औंधे मुंह जा गिरा। इसका असर कच्चे तेल, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों पर पड़ता है जिससे कमर टूटती है आमजनता की। काश! हम कभी अपनी युद्ध-प्रवृत्ति को छोड़ पाते और गर्व से कह पाते कि अब हम सही मायने में सम्य और सुसंस्कृत हो गए हैं।            
         ------------------------------
(02.03.2022)
#शरदसिंह  #DrSharadSingh #चर्चाप्लस #दैनिक #सागर_दिनकर #युद्ध #रूस #युक्रेन #तेलघानी #बैल #प्रथमविश्वयुद्ध #द्वितीयविश्वयुद्ध
#War #Russia #Ukraine  #FirstWorldWar #SecondWorldWar

Tuesday, March 1, 2022

पुस्तक समीक्षा | लाॅकडाउन में उपजी एकांतिक मनोदशा पर केन्द्रित उपन्यास | डॉ (सुश्री) शरद सिंह | आचरण

प्रस्तुत है आज 01.03.2022 को  #आचरण में प्रकाशित मेरे द्वारा की गई लेखिका डॉ लक्ष्मी पांडेय के उपन्यास "लॉकडाउन" की समीक्षा... आभार दैनिक "आचरण" 🙏
---------------------------------------
पुस्तक समीक्षा
लाॅकडाउन में उपजी एकांतिक मनोदशा पर केन्द्रित उपन्यास
समीक्षक - डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह
---------------------------------------
उपन्यास - लाॅकडाउन
लेखिका - लक्ष्मी पांडेय
प्रकाशक- अनुज्ञा बुक्स,1/10206, लेन नं. 1ई, वेस्ट गोरख पार्क, शाहदरा, दिल्ली-110032
मूल्य   - 495 रुपए 
-------------------------------------
विश्वव्यापी कोरोना आपदा ने इस सदी को आरंभ में ही इतना भयाक्रांत कर दिया कि इसका प्रभाव जनमानस पर पड़ना स्वाभाविक था। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि सन् 2020-21 का पूरा साल कोरोना के आतंक से जूझता रहा। समूचा विश्व लॉकडाउन हो गया। सन् 2020 में स्कूल बंद, काॅलेज बंद, दूकानें बंद, सबकुछ बंद सिवाय अत्यावश्यक सेवाओं के। पहली लहर के दौरान लगाया गया लाॅेकडाउन एक ऐसा अनुभव था जिससे पहले कभी कोई नहीं गुज़रा था। लाॅेकडाउन ने जीवनचर्या ही बदल दी थी। हर परिवार एकाकी हो गया था और उसके लिए यह और भी त्रासद था जो व्यक्ति अपने घर में एकाकी रह रहा था। ऐसे एकाकी वातावरण में इंटरनेट की आभासीय दुनिया मानसिक सहारा दे रही थी लेकिन वास्तविकता और आभास में क्या अंतर होता है, यह पाठ उस दौर ने पढ़ा दिया। कोरोना और लाॅकडाउन के दौरान, इन दोनों विषयों पर विविध विधाओं में प्रचुर साहित्य रचा गया। हर साहित्यकार लाॅकडाउन के संत्रास भरे अनुभव को लिपिबद्ध कर देना चाहता था। इसी दौर में लेखिका लक्ष्मी पाण्डेय ने भी एक उपन्यास लिखा जिसका नाम है-‘‘लाॅकडाउन’’। इससे पूर्व उनके दो उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं। आलोचना के क्षेत्र में उनकी विशेष उपस्थिति है।
‘‘लाॅकडाउन’’ उपन्यास एक ऐसी स्त्री की मनोदशा का विवरण प्रस्तुत करता है जो अपने घर में प्रायः अकेली रहती है। काम के अलावा घर से बाहर जाने की उसकी प्रवृत्ति भी नहीं है जिसके लिए लेखिका ने ‘‘घरघुस्सू’’ शब्द का प्रयोग किया है। यह एक शब्द है जो उपन्यास की नायिका कमलिनी की स्थिति, परिस्थिति एवं मनोविज्ञान की अच्छी-खासी झलक दिखा जाता है। किन्तु लाॅकडाउन की यही सबसे बड़ी विडंबना रही कि एक ‘‘घरघुस्सू’’ स्त्री भी घर से बाहर की दुनिया को देखने के लिए व्याकुल हो उठी। प्रतिबंध में व्यक्ति छटपटाता है, यह जीव-प्रवृत्ति है। यदि किसी पशु को भी उसकी इच्छा के विरुद्ध खूंटे से बांध दिया जाए तो वह रस्सी तुड़ा कर, खूंटा उखाड़ कर भागने का यत्न करता है। वह उसी स्थिति में खूंटे से बंधना स्वीकार कर पाता है जब उसे समझ में आ जाए कि इसी में उसकी भलाई है। लाॅकडाउन में इंसान ने समझ लिया कि घर की क़ैद में रहने में ही भलाई है। लेकिन इस सबके बावजूद मन तो विचरणशील होता है। तन को क़ैद किया जा सकता है, मन को नहीं। लाॅकडाउन के बंधन में रह रही एकाकी कमलिनी का मन मानो और अधिक वाचाल और चिंतनशील हो गया। उपन्यास में कई दृश्य ऐसे हैं जब नायिका कमलिनी स्वयं से ही वार्तालाप करती है। देखा जाए तो यह उपन्यास एकालाप (मोनोलाॅग) शैली के अधिक निकट है। बीच-बीच में फोन पर संवाद इस एकालाप को तोड़ते हैं लेकिन लाॅकडाउन की एकांतिक स्थिति पुनः एकालाप की ओर मोड़ ले जाती है। एकांतिक शब्द वैष्णव संप्रदाय का एक नाम भी है किन्तु लाॅकडाउन के संदर्भ में यह शब्द एकान्त की विकट स्थिति का पर्याय बन गया। जिसे अंग्रेजी में ‘‘साॅलीट्यूड’’ कहा जा सकता है यानी एकांत को जीने वाला।  
उपन्यास की नायिका रात के सन्नाटे में कुत्तों के भूंकने की आवाज़ के बीच अपने एकाकीपन पर टिप्पणी करती हुई कहती है कि -‘‘ मेरे जैसे लोग जो जीवन भर क्वॉरेंटाइन में रहते हैं, वे ऐसे भयों से जूझते हुए कोई न कोई टोटका, तरीका ढूंढ ही लेते हैं कि जब ऐसी स्थिति आएगी तो वह क्या करेंगे कि भय मुक्त हो सकें। मैंने भी एक रात ऐसी स्थिति में कांपते मन के साथ अपने आराध्य भगवान शिव का स्मरण किया और जाने किस प्रेरणा से मुझे लगा कुत्ते जो देख रहे हैं उनका सामना करने के लिए शिव को रौद्र रूप में उपस्थित होना होगा, तभी वे उन्हें चुप करा पाएंगे। मुझे उसी रूप का स्मरण करना चाहिए और मैंने ऊं रुद्राय नमः का जाप मन ही मन करना आरंभ कर दिया। पांच बार, दस बार, ग्यारह, बारह  और अनुभव हुआ कि सन्नाटा व्याप्त है, कुत्तों ने रोना बंद कर दिया है। मन में तब से यह आस्था दृढ़ हो गई है।’’(पृ 21)
अकेलेपन में जीवन से जुड़े हर तथ्य पर क्या, क्यों, कैसे की भांति प्रश्न जाग उठते हैं। मन चिंतनशील हो कर उनके उत्तर ढूंढने लगता है। प्रश्नकर्ता भी मन और उत्तर देने वाला भी वही मन। समग्र के प्रति आंतरिक दृष्टिकोण की समुचित उपस्थिति। मन में प्रश्न उपजा कि लातूर में भूकंप क्यों आया था? इसका उत्तर मन ने जो दिया उसमें कोरोना आपदा का उत्तर भी समाहित था। उपन्यास की नायिका के शब्दों में -‘‘ यह अत्याचार नहीं हम मनुष्यों के कुकर्मों का फल है। कभी-कभी जो कुकर्म करता है वही फल पाता है किंतु कभी-कभी उसके किए का फल पूरा परिवार या पूरा समाज या पूरा राष्ट्र या पूरी मानवता पाती है। कोरोना का निर्माण किसी न किसी एक दिमाग की उपज थी, उसका फल पूरी मनुष्य जाति भोग रही है। पेड़ों को काटकर पहाड़ों को, मैदानों को निर्वस्त्र कर देना, उन पहाड़ों पर होटलों का निर्माण, बस्तियां बसाना, पानी के लिए उन्हें छेद डालना, उन्हें भीतर से कमजोर करेगा ही। ऐसे में पहाड़ों पर बसे हुए आशियाने कब्र बन जाएं तो आश्चर्य कैसा?’’(पृ 22)
लाॅकडाउन ने समूचे विश्व में सन्नाटा पसार दिया। विदेशों की जो सड़कें चैपहियों की लंबी कतारों से ढंकी रहती थीं उन पर पशु-पक्षी विचरण करने लगे-‘‘ भारत ही नहीं, विदेशों के ऐसे दृश्य दिखाती टीवी एंकर प्रसन्नता से गदगद थी। पोलैंड में हिरणों का झुंड सड़कों पर मनमानी दिशाओं में भ्रमण करता दिखा, वेल्स में बकरियों का झुंड, जापान में हिरण, पेरिस में बतखों के जोड़े आराम से टहलते दिखे।’’ मानो प्रकृति अपना स्थान बदल रही थी और इन दृश्यों को हमें दिखा रही थी हमारे घर में रखी टीवी। प्रकृति का आभासीय अनुभव। सुंदर पर प्रत्यक्ष नहीं, ग्राह्य नहीं। 
एकाकीपन में एकालाप जब आत्मालाप की ओर बढ़ जाता है तो एक और दृश्य प्रस्तुत होता है-‘‘ नीचे कमरे में आ गई, मन ऊपर छत पर ही जा रहा है दौड़ दौड़ कर। कपड़े बदल लिए, सूखा सूती कपड़े का गाउन बड़ा सुखद लगा। भीगे बालों को पतले तौलिए से रगड़कर खुला छोड़ दिया देह में स्फूर्ति सीे भर गई लेकिन मन दबोच रहा है पूरे अस्तित्व को, सोनवा के पिंजरा में बंद भइलैं हाय, एक मीठी खनकती सी हंसी गूंजती है। चौंंक जाती है, कौन हंसा? लॉक डाउन चल रहा है। स्वाभाविक है सन्नाटा होना। ऐसे में न सखी सहेली आ सकती है न पड़ोसी न नौकर-चाकर, न इस शाम को पोस्टमैन, कोई नहीं। ये कौन हंसा?’’(पृ 48)
‘‘ये कौन हंसा?’’ कमलिनी को इसका उत्तर मिलता है इन शब्दों में-‘‘ मैं कहां जाऊंगी भला, छाया भी कहीं जाती है? मैं तुम्हें समाहित हूं। छाया कहो, मन कहो, आत्मा कहो, जो भी कहो तुम्हारे भीतर कि तुम हूं मैं, सब तुम्हें छोड़कर चले जाए लेकिन जब तक इस संसार में तुम्हारी उपस्थिति है मैं तुम्हें नहीं छोड़ सकती तुम हो तो मैं रहूंगी ही।’’(पृ 49) इस बिन्दु पर पहुंच कर कथानक नास्टैल्जिक होने लगता है। यह एकांतिकता के प्रभाव की पराकाष्ठा है जब व्यक्ति तन्मयता से आत्मालापी बन जाता है। 
फोन पर कमलिनी की बातें अपनी दो-तीन परिचिताओं से भी होती रहती है किन्तु उनके जीवन की समस्याएं नायिका के चिंतन को और गहन कर देती हैं। यद्यपि उस दौर में एक विशिष्ठ बौद्धिक बदलाव आ रहा था। लॉकडाउन के कारण साहित्यिक समारोह-सेमीनार स्थिगित हो गए थे, वहीं आभासीय दुनिया डट कर संवाद के द्वार खोल रही थी गूगल मीट, जूम, फेसबुक लाइव, व्हाट्सएप, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि के ज़रिए। इससे हुआ यह कि लोकल कार्यक्रम अनायास ही ग्लोबल हो गए। स्थानीयता और वैश्विकता दोनों एकसार होने लगी। घर बैठे लोग देश-विदेश से जुड़ने लगे चर्चा और गोष्ठियां करने लगे। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय भी आॅनलाईन क्लासेस और वेबिनार पर सिमट गए। किन्तु मनुष्य तो सामाजिक प्राणी है। उसे तो परस्पर मिलना-जुलना पसंद है। वह भी प्रत्यक्ष भेंट-मुलाक़ात। छात्रावास में रह कर एक छात्र जीवन के जो पाठ पढ़ता है वह घर के अपने कमरे में रह कर नहीं पढ़ सकता है। क़ैद चाहे जेल की हो या घर की, जब लंबी हो जाए तो खड़िया से दीवार पर लकीरें खींच-खींच कर गिनने जैसी स्थिति हो जाती है। उपन्यास की नायिका भी इसी मनोदशा से गुज़र रही होती है। वह सोचती है -‘‘ 25 मार्च से लाॅकडाउन हुआ है, आज पूरे 1 माह 7 दिन हो गए। शिक्षण संस्थाएं छात्रावास तो 17-28 मार्च से खाली होना शुरू हो गए थे। जीवन बदल गया इन दिनों। बड़े-बड़े महल अटरियां खामोश मुंह बंद किए खड़े हैं। महंगी गाड़ियां अपने कवर में दुबकी शांत भाव से इमारतों के एक कोने में खड़ी हैं। उन्हें झाड़ने-पोंछने वाला कोई नहीं है। नौकर-चाकर, माली, ड्राइवर सभी अपने-अपने घरों में बंद हैं। ब्रांडेड कपड़े अलमारियों में आराम फरमा रहे हैं और जिंदगी हाफपेंट, बरमूडा, टी-शर्ट गाउन, सलवार कुर्तों या पुरानी सूती साड़ियों में कट रही है। महंगे जूते अलमारियों में बंद हैं। स्लीपर पहने-पहने ही हर कोई दूध, सब्जी, किराने का सामान लेने मोहल्ले के निकटवर्ती दुकानों तक आ जा रहा है, वह भी पुलिस की निगरानी में। इनमें अमीर भी हंै गरीब भी।’’(पृ 56)
उपन्यास में उन मजदूरों की भी चर्चा है जो महानगरों को छोड़ कर अपने घरों की ओर लौट पड़े थे और रेल की पटरी पर सो जाने के कारण उनमें से कुछ की जानें भी चली गई थीं। यद्यपि यह प्रसंग तर्क-विर्तक के रूप में रखा गया है जिसमें नायिका को मजदूरों से सहानुभूति है किन्तु नायिका के साथी को यह मजदूरों की मूर्खता लगती है। इस बिन्दु पर पाठकों के लिए भी सहमति-असहमति की पूरी गुंजाइश है। किन्तु शैली में प्रवाह है और भाषा भी कथानक के अनुरुप प्रभावी है। उपन्यास में पौराणिक कथाओं, महाभारत तथा रामायण के प्रसंगों पर भी चिंतन-मनन है। बीच-बीच में लोकगीत एवं कविताओं के द्वारा भी कथानक को विस्तार दिया गया है। यदि इस बात को ध्यान में रखा जाए कि यह एक ऐसी स्त्री के मनोवैज्ञानिक पक्ष का विवरण है जो सबके होते हुए भी एकाकीपन झेल ही रही थी, उस पर लाॅकडाउन ने उसे ओर भी एकांतिक बना दिया और इन परिस्थितियों में उसका किसी भी विषय पर अपने इच्छानुसार चिंतन करना स्वाभाविक है तो कथानक सहल प्रतीत होगा। इस उपन्यास को पढ़ना लाॅकडाउन के त्रासद कैद वाले समय के अनुभवों को जीने के समान है। लेखिका लक्ष्मी पाण्डेय का संभवतः इसे लिखने का उद्देश्य भी यही है कि लोग लाॅकडाउन के समय को न भूलें और उससे सबक लें। कुलमिला कर ‘‘लाॅकडाउन’’ एक मनोचिंतन रचता पठनीय उपन्यास हैं। 
           ----------------------------          
#पुस्तकसमीक्षा #डॉशरदसिंह #डॉसुश्रीशरदसिंह #BookReview #DrSharadSingh #miss_sharad #आचरण

Monday, February 28, 2022

उपन्यास लेखन की भी अपनी निजी चुनौतियां होती हैं। एक कथानक को संतुलित विस्तार देना और विविध पात्रों को उनका उचित स्पेस देते हुए रोचक तत्वों को समाहित करना सुगम नहीं होता है। - डॉ (सुश्री) शरद सिंह

"प्रदीप पांडेय का उपन्यास  'पक्षद्रोह' सटायर न होकर एक गंभीर उपन्यास है जो भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे पर गंभीरता से सोचने का तीव्र आग्रह करता है। यह उपन्यास निश्चित रूप से पाठकों को पसंद आएगा और उन्हें चिंतन मनन के लिए विवश करेगा। एक समूचा कथानक रिश्वतखोरी के विरुद्ध आवाज़ उठाता है, यह भी अपने-आप में विशिष्टतापूर्ण है। वैसे उपन्यास लेखन की भी अपनी निजी चुनौतियां होती हैं। एक कथानक को संतुलित विस्तार देना और विविध पात्रों को उनका उचित स्पेस देते हुए रोचक तत्वों को समाहित करना सुगम नहीं होता है। कई बार अतिरेक में बह जाने का भय होता है लेकिन उपन्यास लेखन के क्षेत्र में पहलकदमी करते हुए प्रदीप पांडेय ने संतुलन बनाए रखा है जिससे उपन्यास  की रोचकता आद्योपांत बनी रहती है।" - अतिथि समीक्षक के रूप में मैंने अर्थात डॉ (सुश्री) शरद सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा।
     📙अवसर था आज, 28.02.2022 को होटल वरदान के सभागार में सागर के युवा लेखक श्री प्रदीप पांडेय के प्रथम उपन्यास "पक्षद्रोह" का विमोचन समारोह। जिसके मुख्य अतिथि थे डॉ हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय संस्कृत विभाग के अध्यक्ष एवं साहित्यकार डॉ आनंद प्रकाश त्रिपाठी, प्रसिद्ध व्यंग्यकार डॉ सुरेश आचार्य, विशिष्ट अतिथि थे सागर विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता श्री नेवी जैन, अतिथि समीक्षक थी मैं डॉ (सुश्री) शरद सिंह।  उपन्यास पर विस्तृत चर्चा की अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं कवि डॉ मनीष झा ने तथा कार्यक्रम का संचालन किया श्री आशीष ज्योतिषी ने।
         📙 श्यामलम संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में श्री उमाकांत मिश्र एवं संस्था के सदस्यों श्री हरीसिंह ठाकुर, श्री कुंदन पाराशर, श्री मुकेश तिवारी, श्री रमाकांत शास्त्री, श्री कपिल बैसाखिया, श्री शिवरतन यादव ने जहां लेखक का शाल श्रीफल एवं सम्मान पत्र द्वारा सम्मान किया गया वहीं अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर के साहित्यकारों की बड़ी संख्या में उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

#डॉसुश्रीशरदसिंह #पुस्तकविमोचन #BookLaunch #DrMissSharadSingh

Sunday, February 27, 2022

पोट्रेट आर्ट में व्यक्ति और व्यक्तित्व को उसके वास्तविक रूप में प्रस्तुत करने की पूर्ण क्षमता होती है। - डॉ (सुश्री) शरद सिंह

"पोट्रेट आर्ट में व्यक्ति और व्यक्तित्व को उसके वास्तविक रूप में प्रस्तुत करने की पूर्ण क्षमता होती है।  रंग के साथी ग्रुप के कलाकारों ने जनजातीय जननायकों के पोट्रेट बनाने का जो महत्वपूर्ण कार्य  वरिष्ठ चित्रकार असरार अहमद के निर्देशन में जो साकार किया है वह प्रशंसनीय है। क्योंकि पोट्रेट एक ऐसी कला विधा है जो व्यक्ति और उसके व्यक्तित्व से दर्शक को सीधे जोड़ती है। पोट्रेट की भाव-भंगिमा देखकर व्यक्ति के व्यक्तित्व का सहज परिचय हो जाता है। पोट्रेट आर्ट में लाइट और शेड का बहुत महत्व होता है जिसका सटीक चित्रांकन यहां कलाकारों के द्वारा बनाए गए सभी 12 पोट्रेट में देखे जा सकते हैं। पोट्रेट बनाने की कला में रंग के साथी के कलाकारों ने जो अपनी कला क्षमता का प्रदर्शन किया है, वह नयनाभिराम है और इतिहास के गौरवपूर्ण पक्ष को प्रस्तुत करने में पूर्ण सक्षम है। भाई असरार अहमद इसके लिए धन्यवाद के पात्र हैं कि उन्होंने सागर में चित्रकला की अलख को जगाए रखा है।" - यह कहा मैंने ( डॉ.सुश्री शरद सिंह ने ) विशिष्ट अतिथि के रूप में।
        ❗️कल अपराह्न यानी 26.02.2022 को रवीन्द्र भवन परिसर मे नगर की चित्रकला संस्था 'रंग के साथी' ग्रुप के 10दिवसीय चित्रकला वर्कशॉप के समापन के अवसर पर उन 12 चित्रों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जो वर्कशॉप में ग्रुप के कलाकारों द्वारा बनाए गए। ये सभी पोट्रेट थे क्योंकि स्वराज संस्थान संचालनालय मध्य प्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा प्रदत्त विषय  जनजातीय जननायकों फर आधारित थे।
        ❗️आयोजन के मुख्य अतिथि थे सागर संभाग के कमिश्नर श्री मुकेश शुक्ल IAS, अध्यक्षता की डॉ हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के हिन्दी के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ सुरेश आचार्य, विशिष्ट अतिथि थे सरस्वती वाचनालय एवं पुस्तकालय के अध्यक्ष श्री शुकदेव तिवारी एवं बतौर कलासमीक्षक विशिष्ट अतिथि थी मैं शरद सिंह, आपकी यह मित्र। कुशल संचालन किया था डॉ अंजना चतुर्वेदी तिवारी ने।
        ❗️श्री उमाकांत मिश्र, श्री मुकेश तिवारी, डॉ लक्ष्मी पांडेय,डॉ चंचला दवे, डॉ अमर जैन, डॉ आर के तिवारी, श्री आशीष ज्योतिषी,  श्री कुंदन पाराशर आदि नगर के अनेक कलाप्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही ।
       ❗️वस्तुतः यह वर्कशॉप और यह सम्पूर्ण आयोजन रंग के साथी ग्रुप की निदेशक चित्रकार श्रीमती अंशिता बजाज वर्मा एवं ग्रुप के सेक्रेटरी चित्रकार श्री असरार अहमद के अथक श्रम का सुपरिणाम था।
       ❗️ रंग के साथी ग्रुप, Asrar Ahmad जी और Anshita Bajaj Verma जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं 🌷
#डॉसुश्रीशरदसिंह
#drmisssharadsingh