Sunday, February 13, 2022

नक़ाब के ज़माने में हिज़ाब का हल्ला | व्यंग्य | डॉ (सुश्री) शरद सिंह | नवभारत

मित्रो, प्रस्तुत है आज "नवभारत" के रविवारीय परिशिष्ट "सृजन" में प्रकाशित मेरा व्यंग्य लेख "नक़ाब के ज़माने में हिज़ाब का हल्ला" ...😀😊😛
---------------
व्यंग्य 
नक़ाब के ज़माने में हिज़ाब का हल्ला
- डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह
     क़सम से! कोरोना वायरस को किसी ने यदि उकसाया है तो वह है वायरल करने की हमारी प्रवृत्ति ने। कोई सेलीब्रिटी छींक भी दे तो वह पोस्ट वायरल हो जाती है। इंटरनेट में वायरल होना एक जुनून है। इसीलिए जब कोरोना वायरस ने देखा और सोचा कि ‘‘इंसानों को वायरल होने का शौक़ चढ़ा हुआ है तो ज़रा अपुन भी वायरल हो कर दिखा दें। अपुन तो वायरस हैं ही।’’ मजे की बात तो ये है कि वायरल होने की इस दौड़ में कोरोना थक कर अपना बोरियर-बिसतर समेटने की तैयारी में लग गया है लेकिन इंसान नहीं थके हैं। आजकल जिधर देखो ‘‘हैशटैग हिज़ाब’’ ही दिखाई देता है। इन दिनों ‘‘हैशटैग हिज़ाब’’ इतना ट्रेंड कर रहा है कि अगर यह शेयर बाज़ार के सेंसेक्स के कांटे पर खड़ा हो जाए तो एक ‘‘बूम’’ के साथ कांटा टूट जाए। खैर, बहती गंगा में सभी हाथ धोते हैं। मुझे लगा कि भैयाजी इस मामले में पीछे थोड़े ही रह सकते हैं, उन्होंने भी शाम-सवेरे ‘‘हैशटैग हिज़ाब’’ पर एक न एक पोस्ट डालने का मोर्चा सम्हाल रखा होगा।
‘‘भैयाजी! कैसा चल रहा है आपका हैशटैग हिज़ाब?’’ भैयाजी जैसे ही मिले, वैसे ही मैंने एक टीवी रिपोर्टर की भांति उन पर प्रश्न का गोला दाग़ दिया।
‘‘काहे का हैशटैग हिज़ाब? इस पल्टी मारती ठंड में खिज़ाब लगाना तक तो मुश्क़िल हो रहा है और आप पूछ रही हैं हिज़ाब के बारे में!’’ भैयाजी अपने सफ़ेद हो चले बालों पर हाथ फेरते हुए बोले।
‘‘अरे वाह, ये कैसी बात कर रहे हैं आप? आप तो हर ट्रेंड करते मुद्दे के साथ गलबहियां डाल कर खड़े रहते हैं, फिर इस बार यह अनमनापन क्यों?’’ मुझे जिज्ञासा हुई। कहीं कोई जेंडर डिस्कोर्स का मामला तो नहीं है? वैसे भैयाजी स्त्री-अधिकारों के पक्के समर्थक हैं। अतः उनसे ऐसी उम्मींद तो नहीं है। फिर भी मैंने पूछ लिया-‘‘क्यों भैयाजी, ये महिलाओं का मुद्दा है, इसलिए आप हिचक रहे हैं क्या?’’
‘‘कैसी बात कर रही हैं आप? आप तो जानती हैं कि महिलाएं पीछे रह जाएं पर मैं उनके हक में पहले खड़ा मिलता हूं। मगर इस मुद्दे में दो पेंच हैं।’’ भैयाजी ने चिंतन की मुद्रा में कहा।
यह सुन कर मैं खुश हुई कि मेरा तीर सही निशाने पर लगा। अब हिज़ाब मामले में भैयाजी की उदासीनता के असली कारण का पता चलेगा। 
‘‘तो अब बता भी दीजिए कि आपकी चुप्पी का कारण क्या है? अभी पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के चुनाव पर तो आपने ऐसे कूद-कूद कर टिप्पणियां पोस्ट कीं जैसे चुनाव उत्तर प्रदेश में नहीं वरन अपने मध्यप्रदेश में हो रहे हों। जबकि हिज़ाब के मामले में तो अपने मध्यप्रदेश में भी बोल-बच्चन हो रहा है और आप चुप हैं। उस पर आप कह रहे हैं कि इस मुद्दे में दो पेंच हैं?’’ मैंने भैयाजी को ज़रा और उकसाया।
‘‘बिलकुल! इसमें दो पेंच हैं। पहला पेंच तो ये कि अपने पढ़ाई-लिखाई की उम्र में विद्यार्थियों को ऐसे विवाद में पड़ना ही नहीं चाहिए। उस पर दूसरा और सबसे बड़ा पेंच ये है कि अभी नक़ाब यानी मास्क के दिन लदे नहीं हैं कि हिज़ाब की चिंता में लोग दुबले होने लगे। पिछले डेढ़-दो साल से हर मौसम में नक़ाब लगा-लगा कर चेहरे की रंगत ही दो रंगी हो गई है। पिछली गर्मियों का सनबर्न अभी तक ठीक नहीं हुआ है। मास्क न लगाओ तो भी ऐसा दिखता है कि मास्क लगा हुआ है। ये देखो, मास्क वाला हिस्सा गोरा है जबकि बाकी काला पड़ गया है। देखो, ठीक से देखो!’’ भैयाजी ने अपना चेहरा मेरे आगे कर दिया। उनकी बात सही थी। उनका बदरंगा चेहरा देख कर मुझे भी अपने चेहरे पर दया आने लगी। मेरे चेहरे की दशा भी उनसे अलग नहीं है। 
‘‘आपने सही कहा।’’ मैंने उनकी बात का दिल से समर्थन किया। 
‘‘आई एम आॅलवेज़ राईट!’’ भैयाजी को शान आ गई। वे सोशल मीडिया के क्रंातिकारी नेता की तरह बोल उठे,‘‘अरे, सिर-चेहरा ढंाकने का जो मुद्दा उठाना था उसके लिए थोड़ी प्रतीक्षा की जानी चाहिए थी। अभी तो नक़ाब से ही पीछा नहीं छूटा है। और आप बुरा मत मानिएगा शरद जी, इस नका़ब यानी मास्क के पहले भी तो बालिकाएं चेहरे पर लंबा दुपट्टा बांध कर अरेबियन बनी घूमती थीं। जैसे उन्हें अक्षय कुमार के ‘बुर्ज़ ख़लीफा’ पर अपना हवाईजहाज लैण्ड करना हो। अब आप ही बताइए कि धूप से और कभी-कभी अपने घर वालों से छिपने के लिए ही सही लेकिन रहती तो पर्दे में ही थीं। तो फिर अब हंगामा क्यों? फिर वो वाला पर्दा धर्म निरपेक्ष था। वह हर धर्म की बालिकाओं के चेहरे पर होता था।’’ भैयाजी की भावनाएं वायरल होने की दिशा में बहकने लगीं। सो, मैंने उन्हें टोका।
‘‘बस-बस, भैयाजी! आप अब धर्म-वर्म की बातें मत करो। ये कोई चुनाव क्षेत्र नहीं है और न आप किसी राजनीतिक पार्टी से हो। आपको ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं। आप तो इस मुद्दे पर ही अपना पक्ष तय नहीं कर पा रहे हो कि स्कूलों में छात्राएं हिज़ाब लगा सकती हैं या नहीं?’’ मैंने उन्हें आगाह किया।
‘‘ठीक है, अभी मैंने अपना पक्ष तय नहीं किया है। जिधर का पलड़ा भारी दिखेगा, उधर का रुख कर लूंगा।’’ भैयाजी बोले।
‘‘यानी अवसरवादिता!’’
‘‘जी हां, अवसरवादिता ही तो है जो हारी हुई पार्टी के होनहारों को विजयी पार्टी के पाले में पहुंचने की प्रेरणा देती है और उन्हें कैबिनेट मिनिस्टर तक बनवा देती है। फिर मैं भी अवसरवादी क्यों न बनूं? बाकी, इसलिए तो मुझे बालिकाओं की नासमझी पर दुख हो रहा है कि नक़ाब के ज़माने में हिज़ाब का किस्सा छेड़ कर उन्होंने ज़ल्दबाज़ी से काम लिया है। अरे, कोरोना वायरस को पूरी तरह से टाटा-टाटा, बाय-बाय तो कर लेने देतीं।’’ भैयाजी ने ऐसा उदासा मुंह बना कर कहा कि मुझे हंसी आ गई।
‘‘हंस लीजिए, हंस लीजिए! आपकी हंसी भर सुनाई दे रही है, हंसता हुआ मुंह तो दिख नहीं रहा है।’’ भैयाजी भी चिढ़ाते हुए बोले,‘‘इस जमाने में तो नक़ाब और हिज़ाब सब बराबर हैं, सिर्फ़ दिखता है तो खि़ज़ाब!’’
जी हां, भैयाजी की बात में दम तो है। है न!  
                  -------------------------
(नवभारत, 13.02.2022)
#व्यंग्य #हिंदीव्यंग्य  #हिंदीसाहित्य  #डॉसुश्रीशरदसिंह  #नवभारत #नक़ाब #हिज़ाब #खिज़ाब #Satire

Wednesday, February 9, 2022

चर्चा प्लस | ‘इंडिया’ क्यों? सिर्फ़ भारत क्यों नहीं ? | डाॅ (सुश्री) शरद सिंह

चर्चा प्लस  
‘इंडिया’ क्यों? सिर्फ़ भारत क्यों नहीं ?
 - डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह                                                                                        
      दुनिया में क्या कोई और देश है जिसके तीन नाम हों? मेरी जानकारी में तो नहीं हैं। एक हमारा देश ही है जो जिसके तीन नाम हैं- भारत, इंडिया और हिन्दुस्तान। इनमें ‘इंडिया’ सबसे अधिक प्रचलित। तीन नामों पर हम गर्व कर सकते थे यदि ‘इंडिया’ अंग्रेजों की देन न होता। वस्तुतः यह तो गुलामी की निशानी है। तो फिर ‘इंडिया’ सिर्फ़ भारत क्यों नहीं हो सकता है। एक देश, एक नाम, एक पहचान - यह जरूरी है देश के वैश्विक गौरव के लिए और भावी पीढ़ी के लिए।
मेरी सहेली की बेटी हैदराबाद से छुट्टियों में सागर आई हुई थी इसलिए उसने मुझे दोपहर के खाने पर आमंत्रित किया था। ताकि मैं उसकी बेटी से भी मिल लूं क्योंकि उसकी बेटी मुझसे भारतीय इतिहास के बारे में कुछ चर्चा करना चाहती थी। दोपहर के खाने में मेरी सहेली ने दाल-बाटी बनवाई थी। खाते समय मैंने उससे कहा कि पिज्जा, बर्गर चाहे जितना भी खा लो लेकिन अपने भारतीय व्यंजन, विशेषकर बुंदेली व्यंजन की तो बात ही अलग है। जो स्वाद दाल-बाटी में है वह पिज्जा बर्गर में नहीं। यह सुनकर उसकी बेटी बोल उठी, ‘‘यू मीन इंडियन डिशेज?’’ मैंने कहा, ‘‘हां, इंडियन डिशेज यानी भारतीय व्यंजन।’’ वह बोली, ‘‘तो आप इंडिया क्यों नहीं कहतीं, भारत क्यों कहती है? दुनिया में सभी जगह इस देश का नाम इंडिया जाना जाता है, तो आप लोग भारत क्यों बोलते हैं?’’ मुझे उसकी बात सुनकर बड़ा अटपटा लगा। ऐसा लगा कि वह भारतीय बेटी नहीं है बल्कि  किसी और देश की बेटी है जो भारत के बारे में इस अजीब ढंग से बात कर रही है। फिर मैंने गहराई से सोचा तो मुझे लगा कि इसमें दोष उसका नहीं है। वह तो खुद तय नहीं कर पाती होगी कि वह खुद को भारत की बेटी कहे या इंडियन डॉटर? स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद 21वीं सदी के दूसरे दशक तक आ गए फिर भी हम अपने देश का एक नाम तय नहीं कर पाए - भारत, इंडिया या हिन्दुस्तान? तो नई पीढ़ी हमें उलाहना देगी ही।
भारत या इंडिया, क्या नाम है इस देश का? हिन्दुस्तान सिर्फ बोलचाल में है अथवा पुराने अभिलेखों में, किन्तु ‘इंडिया’ और ‘भारत’ आज भी समान रूप से प्रयोग में लाया जा रहा है। सन् 2012 में लखनऊ की सामाजिक कार्यकर्ता उर्वशी शर्मा ने केंद्र सरकार से यह प्रश्न किया था। सूचना के अधिकार के अंतर्गत उर्वशी शर्मा ने पूछा था कि सरकारी तौर पर भारत का नाम क्या है? उन्होंने अपने प्रश्न पूछे जाने का कारण बताते हुए उल्लेख किया था कि “इस बारे में हमारे बीच काफी असमंजस है। बच्चे पूछते हैं कि जापान का एक नाम है, चीन का एक नाम है लेकिन अपने देश के दो नाम क्यूं हैं।“ इसीलिए वे यह जानना चाहती हैं कि वे बच्चों को सही-सही उत्तर दे सकें और आने वाली पीढ़ी के बीच इस बारे में कोई संदेह न रहे। उर्वशी ने कहा कि  “हमें सुबूत चाहिए कि किसने और कब इस देश का नाम भारत या इंडिया रखा? कब ये फैसला लिया गया?“
उर्वशी का तर्क था कि यह एक भ्रम की स्थिति है जो सरकारी स्तर पर भी देश के दो नामों का प्रयोग किया जाता है। इसी आधार पर उन्होंने कहा कि ‘‘मैं केवल ये जानना चाहती हूं कि भारत का सरकारी नाम भारत है या इंडिया क्योंकि सरकारी तौर पर भी दोनों नाम इस्तेमाल किए जाते हैं।“ उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना में लिखा है- ’इंडिया दैट इज भारत’। अर्थात् देश के दो नाम हैं। सरकारी कामकाज में ’गवर्नमेंट ऑफ इंडिया’ और ’भारत सरकार’ दोनों का प्रयोग किया जाता है। अंग्रेजी में भारत और इंडिया दोनों का इस्तेमाल किया जाता है जबकि हिंदी में भी इंडिया कहा जाता है। उर्वशी ने कहा था कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लेती हैं क्योंकि ये देश की पहचान का सवाल है। उर्वशी को प्रधानमंत्री कार्यालय से जवाब मिला जिसमें कहा गया कि उनके आवेदन को गृह मंत्रालय के पास भेजा गया हैं। किन्तु गृह मंत्रालय में इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं था। इसलिए इसे संस्कृति विभाग और फिर वहां से राष्ट्रीय अभिलेखागार भेजा गया, जहां जानकारी की ढूंढ-खोज शुरू हुई। राष्ट्रीय अभिलेखागार 300 वर्षों के सरकारी दस्तावेजों का खजाना है। आज भी उर्वशी को अपने प्रश्न के उत्तर की प्रतीक्षा है।
देश के नामों को ले कर उच्चतम न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर करके मांग की जा चुकी हैै कि ‘इंडिया’ का नाम बदल कर भारत किया जाना चाहिए। याचिका में कहा गया था कि महाराजा परीक्षित, कुरु वंश के अंतिम दुर्जेय सम्राट की मृत्यु तक, पूरी दुनिया भारतवर्ष के रूप में जाना जाता था। इसके अलावा दुनिया के एक महान सम्राट का शासन था । भारत ऋग्वेद में उल्लेख किया है। इस पर उच्चतम न्यायालय ने केंद्र और राज्यों से जवाब मांगा। यह याचिका को महाराष्ट्र के सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन भटवाल ने दायर की थी। मुख्य न्यायाधीश एच एल दत्तू और न्यायाधीश अरूण मिश्रा की पीठ ने सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को इस जनहित याचिका पर नोटिस भी जारी किया। इस याचिका में केंद्र को किसी सरकारी उद्देश्य के लिए और आधिकारिक पत्रों में इंडिया नाम का उपयोग करने से रोकने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता निरंजन भटवाल ने आग्रह किया कि न केवल सरकारी अपितु गैर सरकारी संगठनों और कॉरपोरेट्स को भी सभी आधिकारिक और अनाधिकारिक उद्देश्यों के लिए देश का नाम ‘भारत’ का उपयोग करने का निर्देश दिया जाना चाहिए।  दुर्भाग्यवश लगभग छह माह बाद भी याचिकाकर्ता को कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।
भारत का इतिहास सदियों से काफी गौरवशाली रहा है। भारत का नाम प्राचीन वर्षों में ‘भारतवर्ष’ था। इसके पूर्व भारत नाम जम्बूदीप था। देश का नाम भारत होने के संबंध में एक सर्वमान्यकथा प्रचलित है कि कुरूवंशीय राजा दुष्यंत और शकुंतला के प्रतापी पुत्र भरत के नाम पर ही देश का नाम भारतवर्ष पड़ा। यद्यपि कई आधुनिक विद्वान इस इस कथा को प्रमाण के अभाव में खारिज करते हैं किन्तु पुराणों में ‘भारतवर्ष’ नाम का उल्लेख नकारा नहीं जा सकता है। ‘वायु पुराण’ में इस बात की पुष्टि होती है कि देश का नाम भारतवर्ष क्यों पड़ा। इस संदर्भ में ‘वायु पुराण’ का यह श्लोक ध्यान देने योग्य है जिसमें कहा गया है कि हिमालय पर्वत से दक्षिण का वर्ष अर्थात क्षेत्र भारतवर्ष है-
 हिमालयं दक्षिणं वर्षं भरताय न्यवेदयत।
 तस्मात्तद्भारतं वर्ष तस्य नाम्ना बिदुर्बुधाः।

इंडिया नाम तो अंग्रेजों की गुलामी के साथ आया जबकि पुराणों में भारत के प्राचीन नाम जम्बूद्वीप का भी उल्लेख मिलता है। जम्बूदीप का अर्थ है समग्र द्वीप। भारत के प्राचीन धर्म ग्रंथों में हर जगह जम्बूदीप का उल्लेख आता है। उस समय भू-भाग एक विस्तृत द्वीप था जिसे आगे चल कर भारतीय उपमहाद्वीप कहा गया। ‘वायु पुराण’ में ही दी गई एक अन्य कथा के अनुसार त्रेता युग में देश का नाम भारतवर्ष पड़ा। ‘वायु पुराण’ के अनुसार त्रेता युग के प्रारंभ में स्वंयभू मनु के पौत्र और प्रियव्रत के पुत्र ने भरत खंड को बसाया था। लेकिन राजा प्रियव्रत के कोई भी पुत्र नहीं था इसलिए उन्होंने अपनी पुत्री के पुत्र अग्नींध्र को गोद ले लिया था जिसका पुत्र नाभि था। नाभि की एक पत्नी मेरू देवी से जो पुत्र पैदा हुआ उसका नाम ऋषभ था और ऋषभ के पुत्र का नाम भरत था और भरत के नाम पर ही देश का नाम भारतवर्ष पड़ा था।
विश्व का सबसे बड़ा गणतंत्र का दर्जा रखने वाला देश - भारत, हिन्दुस्तान या इंडिया। एक देश जिसके तीन नाम। आधिकारिक तौर पर दो नाम हैं-इंडिया और भारत। बार-बार इस बात की मांग उठती रही है कि देश का एक नाम रहे-‘भारत’। लगभग साल भर पहले जैन संत आचार्य विद्यासागर जी ने ‘इंडिया’ शब्द की व्याख्या करते हुए देश का नाम ‘भारत’ रखे जाने पर तार्किक पक्ष रखे थे और ‘भारत बोलो’ मुहिम का आह्वान किया था। विचारणीय है कि जब कम्बोडिया अपना नाम बदल कर मौलिक नाम कम्पूचिया कर सकता है, सिलोन अपने मौलिक नाम श्रीलंका को अपना सकता है तो इंडिया सिर्फ भारत क्यों नहीं हो सकता है। एक देश, एक नाम, एक पहचान - यह जरूरी है देश के वैश्विक गौरव के लिए।              
         ------------------------------
#शरदसिंह  #DrSharadSingh #चर्चाप्लस #दैनिक #सागर_दिनकर #भारत  #इंडिया  #भारतगौरव #Bharat #india #Bharatgaurav

Tuesday, February 8, 2022

पुस्तक समीक्षा | एकांकी विधा को समृद्ध करती एकांकियां | डॉ (सुश्री) शरद सिंह | आचरण

प्रस्तुत है आज 08.02.2022 को #आचरण में प्रकाशित मेरे द्वारा की गई दमोह के लेखक डॉ. नाथूराम राठौर के एकांकी संग्रह "संकल्पों के पंख" की समीक्षा...
आभार दैनिक "आचरण" 🙏
---------------------------------------


पुस्तक समीक्षा
एकांकी विधा को समृद्ध करती एकांकियां
समीक्षक - डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह
---------------------------------------
एकांकी संग्रह - संकल्पों के पंख
लेखक - डॉ. नाथूराम राठौर
प्रकाशक- अयन प्रकाशन, 1/20, महरौली, नई दिल्ली - 110030
मूल्य   - 220 रुपए
-------------------------------------
नाटक एक ऐसी विधा है जो मंचन के दौरान दृश्य और श्रव्य दोनों का आनंद देती है। यह एक विस्तृत विधा है। इसीलिए यह नाटककार से अतिरिक्त श्रम की मांग करती है। चाहे वृहद नाटक हो या लघु नाटक अथवा एकांकी सभी के तत्व लगभग एक समान होते हैं। वृहद नाटक एवं एकांकी में मात्र इतना अंतर रहता है कि नाटक में एक से अधिक घटनाएं, दृश्य एवं अंतर्कथाएं उपस्थित रहती हैं। जबकि एकांकी में एक घटना ही होती है तथा लगभग एक ही स्थान के दृश्य का चयन किया जाता है। यद्यपि कभी-कभी कथानक के अनुसार एक से अधिक दृश्य हो सकते हैं किंतु विशेष परिस्थितियों में। वस्तुतः ‘एकांकी’ का अर्थ ‘‘एक अंक वाला’’ है अर्थात लेखक जिसमें एक अंक के अन्दर ही अपनी परिकल्पना को समावेशित करता है। वर्तमान में नाट्य लेखन के प्रति रचनाकारों का रुझान सीमित हो गया है। साहित्य की विविध विधाएं जैसे कविता, कहानी, उपन्यास आदि के प्रति अधिक लगाव देखा जाता है किंतु नाटक के प्रति कम देखने को मिलता है। इसका एक कारण यह भी है कि छोटे शहरों में मंचन की पर्याप्त सुविधा नहीं है।  दूसरा कारण जो मैंने पहले उद्धृत किया कि नाट्य लेखन श्रमसाध्य सृजन है जिसमें विविध पक्षों का ध्यान रखना पड़ता है जैसे ध्वनि प्रभाव, मंच सज्जा, पात्रों का चयन, पात्रों की उपस्थिति का क्रम आदि। इसके साथ ही रेडियो, मंच और टेलीविजन तीनों के नाट्यलेखन में भी अंतर होता है। चूंकि मैंने तीनों माध्यमों के लिए नाट्य लेखन किया है अतः मैं अनुभव के आधार पर अधिकारपूर्वक इस तथ्य की चर्चा कर सकती हूं।
   इस बार जिस पुस्तक की समीक्षा कर रही हूं उसका नाम है ‘‘संकल्पों के पंख’’। यह लेखक डॉ. नाथूराम राठौर का एकांकी संग्रह है। इसमें कुल 7 एकांकियां संग्रहीत हैं। नाट्य लेखन के प्रति अपने रुझान के आरंभ के संबंध में लेखक डॉ. राठौर ने भूमिका में लिखा है कि ‘‘नाटकों से मेरा परिचय रामलीला और रासलीला के नियमित दर्शन से हुआ। गांवों में पचास-साठ के दशक में दूरागत रामलीलाएं अपना प्रदर्शन करती थीं। सतना से लेकर प्रयाग और वृंदावन तक की मंडलियां गांवों में महीनों डेरा डालती थीं। गांव का गांव मध्य रात्रि तक इन लीलाओं में खोया रहता था। मैं भी छह-छह घंटे अभिनेताओं, पर्दों, मुकुटों और चेहरों को देखता रहता था। हाव-भाव, अंग संचालन और कथनों के उतार-चढ़ाव सब पर मेरी दृष्टि होती थी। मन-मस्तिष्क पर महीनों रामलीला का दृश्य बना रहता था।’’
इसके बाद लेखक ने अपने विद्यालयीन जीवन में एकांकी विधा को जाना और समझा तथा नाटकों में अभिनय भी किया। उनकी यही रुचि और विकसित हुई तथा आगे चल कर लेखक ने स्वयं एकांकियों का सृजन किया। जिनमें से सात एकांकियां इस संग्रह में रखी गई हैं। पहली एकांकी है ‘‘दहेज की आग’’। नाम से ही स्पष्ट है कि इस एकांकी का मूल विषय उस कुरीति को सामने लाना है जो समाज में दहेज के रूप में जानी जाती है और जिसके कारण न केवल लड़की का जीवन वरन दांपत्य जीवन भी तहस-नहस हो जाता है। इस एकांकी में पांच प्रमुख पात्र हैं- नरेश वह युवक जिसका विवाह होता है। नमिता नरेश की पत्नी। यशोदा नरेश की मां। उमा नरेश की बहन तथा महेश उमा का प्रेमी। इनके अतिरिक्त 2-3 पड़ोसी जिनमें एक स्त्री पात्र भी है रखे गए हैं। यह एक संदेशपरक एकांकी है, जिसमें दहेज न लेने का संदेश दिया गया है।
दूसरी एकांकी का नाम है ‘‘दूसरी बेटी’’। इसमें कुल 9 पात्र हैं। यह एकांकी बेटी के जन्म को अभिशाप मानने की कुत्सित विचारधारा का खंडन करती है तथा इस बात की पैरवी करती है की बेटियां भी बेटों के समान सक्षम होती है। इस एकांकी में यह भी दृश्य प्रस्तुत किया गया है कि बेटों के प्रति अतिरिक्त लाड़-प्यार उन्हें बिगाड़ देता है और वे अपराध में प्रवृत्त होने लगते हैं। यदि अच्छी शिक्षा दी जाए तो चाहे बेटा हो या बेटी, दोनों ही परिवार के लिए गौरव का विषय होते हैं।
तीसरी एकांकी है ‘‘एक ही संकल्प’’। इसमें कुल 8 पात्र हैं जिनमें से सात पुरुष पात्र हैं तथा एक स्त्री पात्र। इस एकांकी में कर्मचारी नेता, विद्यार्थी नेता तथा मजदूर नेता के माध्यम से उन विसंगतियों एवं भ्रष्टाचार को सामने रखा गया है जो समाज के विभिन्न स्तरों पर व्याप्त हैं।
चौथी एकांकी ‘‘फाइटर’’ में कुल 3 पात्र हैं - कॉलेज में अध्ययनरत छात्रा अनीता, अनीता की सहेली मनीषा और अनीता की मां सुमित्रा। एकांकी का कथानक अत्यंत संवेदनशील है। एकांकी की नायिका अनीता की अभिन्न सहेली के साथ बलात्कार एवं हत्या की अमानवीय घटना घटती है जिसका गहरा प्रभाव अनीता के मन मस्तिष्क पर पड़ता है। अंततः वह तय करती है कि वह बॉक्सिंग सीखेगी यानी आत्मरक्षा के गुर सीखेगी ताकि समय पड़ने पर वह कमजोर न साबित हो।
पांचवी एकांकी है ‘‘अनचाही’’। इसमें कुल 5 पात्र हैं। यह एक ऐसी बेटी के जीवन का कथानक है जिसका जन्म माता-पिता की इच्छा के अनुरूप नहीं हुआ। माता-पिता बेटा चाहते थे किंतु बेटी होने पर वह उनके लिए अनचाही संतान बन कर रह गई और उस बेटी के प्रति इतना तिरस्कार बरता गया कि उसका नाम ही ‘अनचाही’ रख दिया गया। इस नामकरण के पीछे समाज में प्रचलित उस तर्क का उल्लेख लेखक ने किया है जिसमें अनचाही बेटी का नाम ‘‘अनचाही’’ रख देने से उसके बाद जन्म लेने वाली संतान बेटा ही होता है, यह धारणा है। जबकि यह कोई वैज्ञानिक तथ्य नहीं है बल्कि एक कुरीति है और इस कुरीति की पीड़ा बेटियों को जीवन भर झेलनी पड़ती है। इस कुरीति को लेकर एकांकी में समाज के साथ ही मनोवैज्ञानिक पक्ष को भी सामने रखा गया है।
छठी एकांकी है ‘‘मातृभाषा का आंगन’’। इसमें कुल 9 पात्र हैं। यह एकांकी इस बात को तार्किक ढंग से सामने रखती है कि मातृभाषा में शिक्षा दिए जाने पर बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा दिलाने की माता-पिता की अंधी दौड़ पर कटाक्ष करते हुए यह कथानक मातृभाषा की महत्ता को स्थापित करता है। यद्यपि इस एकांकी का शीर्षक एकांकी से अधिक किसी निबंध का शीर्षक प्रतीत होता है।
संग्रह की सातवीं और अंतिम एकांकी है ‘‘वृक्षप्रिया’’। यह अन्य एकांकियों से अधिक विस्तृत है। इसमें कुल छह पुरुष पात्र तथा तीन स्त्री पात्र हैं। इसका संपूर्ण कथानक एवं घटनाक्रम सात दृश्यों में विभक्त है। यह दुष्यंत और शकुंतला की कथा पर आधारित है। इसमें पुत्र-जन्म तथा दुष्यंत और शकुंतला के पुनर्मिलाप तक की कथा पिरोई गई है। पौराणिक कथा पर आधारित होने के कारण इस एकांकी की भाषा संस्कृतनिष्ठ एवं परिमार्जित है, जो देशकाल को स्पष्ट रेखांकित करती है।
‘‘संकल्पों के पंख’’ एकांकी संग्रह के रूप में लेखक डॉ. नाथूराम राठौर ने एकांकी विधा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके एकांकी लेखन में संवादों की सुघड़ता एवं चुटीलापन है। सभी एकांकियां संदेशपरक हैं। यद्यपि कुछ एकांकियों में अधिक दृश्य परिवर्तन उनके मंचन में दुरुहता उत्पन्न कर सकते हैं। इस ओर संकेत करते हुए अपनी भूमिका में साहित्यकार डॉ रमेश चंद्र खरे ने भी उल्लेख किया है कि ‘‘एकांकियों में कई बार दृश्य परिवर्तन हैं। समीक्षकों के अनुसार इनमें देशकाल और कार्य व्यवहार का ‘संकलन त्रय’ अनिवार्य होता है।’’
फिर भी इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह एकांकी संग्रह रोचक है तथा मंचन किए जाने योग्य है जैसा कि संग्रह की भूमिका में ‘युवा नाट्य मंच’ के निर्देशक राजीव अयाची ने लिखा है- ‘‘संकल्पों के पंख - नवोदित रंग कर्मियों के लिए नाट्य शिल्प, भाषा विकास, कल्पनाशीलता, अभिनय परिमार्जन एवं विषय परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कृति है। नाट्य निर्देशक संगीत संयोजन, प्रकाश आकलन एवं वस्त्र विन्यास पर सार्थक कार्य करें तो यह एक उत्कृष्ट प्रस्तुति होगी।’’
चाहे नाटक हो या एकांकी, उनमें प्रभाव उत्पन्न करने के लिए दृश्य एवं ध्वनि संकेतों का बहुत महत्व होता है। मुझे याद है कि जब 2008 में मैं यूनीसेफ के लखनऊ में आयोजित नाट्यलेखन वर्कशाप में शामिल हुई थी। साहित्य और रंगमंच से जुड़े दस लेखक आमंत्रित थे। मध्यप्रदेश से मैं थी। मैंने नाटक लिखा किन्तु उसका आरम्भ मुझे प्रभावी नहीं लग रहा था और समझ में भी नहीं आ रहा था कि उसमें प्रभाव कैसे पैदा करूं? दृश्य था कि एक महिला सफाईकर्मी सुबह सड़क पर झाडू लगा रही है। मेरे ग्रुप में लखनऊ रंगमंच के प्रतिष्ठित निदेशक एवं लेखक ललित पोखरिया भी थे। मैंने उनसे सलाह ली। उन्होंने ध्यानपूर्वक मेरे नाटक के आरम्भिक अंश को पढ़ा और बोले-‘‘बस, इसमें यह लिख दीजिए कि झाड़ू लगाए जाने की छर्र-छर्र की आवाज़ आ रही थी और उड़ती धूल से सूरज की किरणें धुंधली पड़ गई थीं।’’ मैं चकित रह गई कि दृश्य तो मैंने ही लिखा लेकिन यह दृश्यात्मकता मुझे क्यों नहीं सूझी? यह दृश्यात्मकता सुबह के दृश्य के साथ ही उस पात्र के कार्य को भी प्रभावी ढंग से स्पष्ट कर रही थी। उसके बाद मैंने अपने हर नाटक में दृश्यात्मकता पर विशेष ध्यान दिया। यही तो वह तत्व है जो मंचन के समय प्रस्तुति में जान डाल देता है। रंगमंचीयता की दृष्टि से डॉ. राठौर ने मंच सज्जा, आवरण का उठाव और गिराव का विवरण दिया है। इनमें प्रकाश एवं ध्वनि का संकेत भी दिया गया होता तो नवोदित नाट्य निर्देशकों के लिए अधिक सुविधाजनक हो जाता। यद्यपि कथ्य, शिल्प और दृश्यात्मकता की दृष्टि से डॉ. राठौर की एकांकियों को निःसंदेह बेहतरीन एकांकियां कहा जा सकता है जो ‘‘संकल्पों के पंख’’ को एक सार्थक एकांकी संग्रह साबित करता है।
           ----------------------------         
#पुस्तकसमीक्षा #डॉशरदसिंह #डॉसुश्रीशरदसिंह #BookReview #DrSharadSingh #miss_sharad #आचरण

Sunday, February 6, 2022

श्रद्धांजलि | आज ज्योति कलश नहीं, छलक रहे हैं आंसू | डॉ (सुश्री) शरद सिंह

स्वर साम्रज्ञी लता मंगेशकर जी को मे री विनम्र श्रद्धांजलि "युवा प्रवर्तक" पर...
https://yuvapravartak.com/?p=60557
श्रद्धांजलि
आज ज्योति कलश नहीं, छलक रहे हैं आंसू
- डॉ (सुश्री) शरद सिंह
      "यदि लता जी को सुरों की अपदस्थ अप्सरा कहा जाए तो ग़लत नहीं होगा। वे स्वरों की वह अप्सरा थीं जिन्हें स्वर्ग से पृथ्वी पर भेज दिया गया था ताकि वे पृथ्वीवासियों विशेष रूप से भारतवासियों को सुरों से परिचित करा सकें।"

यह अतिशयोक्ति नहीं है कि हर भारतीय को संगीत के संस्कार अगर किसी से मिले हैं तो उनमें अग्रणी नाम है  लता मंगेशकरजी का । लता जी के स्वर के द्वारा सबने जाना कि संगीत की मधुरता और संगीत का उतार-चढ़ाव क्या होता है। बिना संगीत शिक्षा लिए भी हर भारतीय ने संगीत का ज्ञान अर्जित किया और उसका श्रेय महिला स्वरों में लता मंगेशकर जी को ही दिया जा सकता है। मैंने भी अपने बचपन से ही लता जी के गाने सुने, उन्हें दोहराने  का प्रयास किया और उस पर अपने नन्हे पैरों से थिरकी भी| 
    मुझे याद है कि हमारे महिला समिति शिशुमंदिर स्कूल में वार्षिकोत्सव होने वाला था। मैं उस समय तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। मेरी शिक्षिका ने मुझे लता जी के गाने - 
"राधा न बोले, न बोले, न बोले रे, 
घूंघट के पट ना खोले रे 
राधा ना बोले, ना बोले, ना बोले रे ..."
पर नृत्य अभ्यास कराया। जबकि वर्षा दीदी ने लता जी का क्लासिकल गाने "ज्योति कलश छलके" का अभ्यास किया। मेरी दीदी वर्षा सिंह जी का स्वर बहुत मधुर था। उन्होंने संगीत की विधिवत शिक्षा नहीं ली थी लेकिन लता जी के गाने गा-गा कर उन्हें स्वरों के उतार-चढ़ाव का अच्छा ज्ञान हो गया था। मंच पर नृत्य प्रस्तुत करते समय मैं तो एकाध स्टेप भूल गई थी लेकिन वर्षा दीदी ने बिना भूलचूक गाना गाया और प्रथम स्थान पाया। आज वर्षा दीदी होतीं तो उनकी आंखों से भी आंसू छलक पड़ते।
     मैंने भी अपने कच्चे स्वर से लता मंगेशकर जी के न जाने कितने गाने गाए और गुनगुनाए हैं, हर भारतीय की तरह। उनके स्वर के बिना कभी बॉलीवुड के संगीत संसार की कल्पना ही नहीं की। समय के साथ फ़िल्म संगीत की दुनिया में नए स्वर जुड़ते गए लेकिन लता जी का स्थान अक्षुण्ण रहा, फ़िल्म संगीत संसार में भी और दिलों में भी। लता जी ने कभी कोई गाना सिर्फ़ गले से नहीं गाया वरन दिल से गाया। तभी तो जब आज यह गाना सुनाई देता है -"ये दिल तुम बिन कहीं लगता नहीं, हम क्या करें..", तो दिल में हूक-सी उठती है और आंखें भर आती हैं। इस गाने को उन्होंने मोहम्मद रफ़ी साहब के साथ गाया था और अपने स्वर से इसमें इतनी संवेदना भर दी कि आज भी यह मन को आंदोलित करने की क्षमता रखता है।
      लता मंगेशकर जी की यह खूबी थी कि वे गीत के मर्म और नायिका की आयु के साथ बेहतरीन तालमेल बिठा लेती थीं। उनके गानों को जब आशा पारेख या वहीदा रहमान पर फिल्माया जाता था तो ऐसा लगता था जैसे आशा पारेख या वहीदा रहमान गा रही होंं, वहीं जब उन्होंने अपनी किशोर आयु की भांजी पद्मिनी कोल्हापुरे के लिए "ये गलियां ये चौबारा, यहां आना ना दोबारा' गाना गाया तो ऐसा लगा कि जैसे पद्मिनी कोल्हापुरे ही गा रही हो। यानी स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर जी के लिए "जेनरेशन गैप" जैसा कुछ नहीं था, वे अपने स्वरों को नायिका के उम्र के अनुरूप ढालने की अद्भुत क्षमता रखती थीं। ऐसी विलक्षण क्षमता प्रायः देखने को नहीं मिलती है। यदि लता जी को सुरों की अपदस्थ अप्सरा कहा जाए तो ग़लत नहीं होगा। वे स्वरों की वह अप्सरा थीं जिन्हें स्वर्ग से पृथ्वी पर भेज दिया गया था ताकि वे पृथ्वीवासियों विशेष रूप से भारतवासियों को सुरों से परिचित करा सकें।
       आज 06 जनवरी 2022 को लता मंगेशकर जी ने हमने विदा ले ली और स्वर्ग लौट गईं लेकिन वे अपने स्वर के रूप में हमारे साथ, हमारे दिलों में रहेंगी। विदा लता जी !!!
        ---------------------

Thursday, February 3, 2022

व्यक्ति मृत्यु को प्राप्त होता है लेकिन विचार कभी नहीं मरते हैं। विचार शाश्वत रहते हैं - डॉ (सुश्री) शरद सिंह

"हम व्यक्ति की अनुपस्थिति में भी उसकी उपस्थिति का अनुभव कर सकते हैं उसके विचारों के रूप में... क्योंकि व्यक्ति मृत्यु को प्राप्त होता है लेकिन विचार कभी नहीं मरते हैं। विचार शाश्वत रहते हैं... और विचारों के रूप में वह व्यक्ति सदा हमारे साथ रहता है। आदरणीय महेंद्र फुसकेले जी भी अपने विचारों के रूप में सदा हमारे साथ हैं और रहेंगे।" आयोजन की अध्यक्षता करते हुए मैंने अपने यह उद्गगार सम्मुख रखे। मैंने यह भी कहा कि "महेंद्र फुसकेले जी ने सदा उन महिलाओं के बारे में चिंता की, जो घर, परिवार और समाज में दलित अवस्था में हैं। उनकी यह चिंता और चिंतन उनके साहित्य में भी स्पष्ट देखा जा सकता है।"
       अवसर था "महेंद्र फुसकेले की वैचारिकता" पर प्रगतिशील लेखक संघ सागर इकाई का आयोजन जो 02 फरवरी को कामरेड,लेखक और उपन्यासकार स्व. महेन्द्र फुसकेले के जन्म दिवस पर आयोजित किया गया था।  कार्यक्रम की अध्यक्षता मैंने यानी डॉ. (सुश्री) शरद सिंह ने की। महेन्द्र फुसकेले के व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए इकाई अध्यक्ष टीकाराम त्रिपाठी रूद्र बताया कि फुसकेले जी मानव सेवा को समर्पित रहे मजदूर, विवशताओ घिरे लोगो की सहायता वा साहित्य समाज से उनका लगातार जुड़ाव रहा। वे जीवन पर्यन्त कम्युनिस्ट विचार धारा को समर्पित रहे। कैलाश तिवारी विकल ने महेन्द्र फुसकेले के लिखे गये आलेख वा उनके विचारो के आलेखो का वाचन किया।सदस्यों डा गजाधर सागर,दीपा भट्ट, नम्रता फुसकेले,डा एम के खरे,मुकेश तिवारी,कैलाश तिवारी विकल,वृंदावन राय सरल, सतीश पाण्डे,वीरेंद्र प्रधान, डा अनिल जैन, डा नलिन जैन, पैट्रिस फुसकेले,डा दिनेश साहू  ने उन पर परिचर्चा की,अपने अनुभव वा उनके उपन्यासों ,कविताओं और श्रम सेवी साहित्य पर सराहनीय चर्चा की एवं कविताएं सुनायी। महेन्द्र फुसकेले जी ने जीवनभर श्रमिक वर्ग के लोगो के लिए संघर्ष किया, सागर मे बीडी मजदूरो की  दशा सुधारने कई आंदोलन किये, साहित्यक समारोहो का आयोजन सागर में उनके समय लगातार होते रहे,सेक्स वर्कर्स को जागरूक कर उन्हें उस दशा से बाहर निकालने कार्य किये,उन्होंने समाज की सामूहिकता वा संगठन की जरूरत पर जीवन भर बल दिया। सचिव पी आर मलैया जी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
      आयोजन में स्व. महेंद्र फुसकेले जी की अर्द्धांगिनी श्रीमती फुसकेले की  उपस्थिति उल्लेखनीय एवं भावुक कर देने वाली रही क्योंकि वे अस्वस्थता के बावज़ूद उपस्थित हुईं। उनके पुत्र पेट्रिस फुसकेले तथा पुत्रवधू नमृता फुसकेले आयोजन में आधारभूत योगदान दिया।
#महेंद्रफुसकेले
#प्रलेस
#प्रगतिशीललेखकसंघ
#प्रगतिशीललेखकसंघसागर

Wednesday, February 2, 2022

चर्चा प्लस | गौ माता और हमारी संवेदनाएं | डाॅ (सुश्री) शरद सिंह

चर्चा प्लस  
गौ माता और हमारी संवेदनाएं
- डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह                                                                         
     गायों की मौत पर जांच होगी। तथ्य सामने आएंगे। दोषियों को सज़ा मिलेगी। राजनीतिक चश्में आंखों पर लगा कर भी बहसें हो रही हैं। लेकिन इन सबके बीच हमें अपने गिरेबां में भी झांक लेना चाहिए कि अपनी गौमाता की हम कितनी चिंता करते हैं? हमें स्वयं से प्रश्न पूछना चाहिए कि क्या गौमाता पालतू पशु है या आवारा पशु है? यदि पालतू पशु है तो वह सड़कों, चौराहों, गलियों में क्यों घूमती दिखती है? कौन हैं उनके पालक जिन्होंने उन्हें अनुपयोगी जानकर सड़कों पर छोड़ दिया? हमने गौमाता को एक ऐसा भिखारी बना दिया है जो हमारे घर के दरवाज़े पर रोटी मांगने आती है। हम उसे रोटी एक-दो रोटी बासी खिला कर पुण्य कमाने के आनंद में डूबे रहते हैं।     
माता रुद्राणां दुहिता वसूनां स्वसादित्यानाममृतस्य नाभिः।
प्रनु वोचं चिकितुषे जनाय मा गामनागामादितिं  विधिष्ट ।।

गाय रुद्रों की माता, वसुओं की पुत्री, अदितिपुत्रों की बहन और घृत रूप अमृत का भंडार है। अतः प्रत्येक विचारशील पुरुष को समझना चाहिए कि निरपराध एवं अवध्य गौ का वध न करें। यही तो कहा गया है वेदों में। हम संस्कृति के पुजारी हैं, पालक हैं और संवाहक हैं फिर गायों को ले कर कहां चला जाता है हमारा दायित्व बोध? हमारे मानस में छवि है उस कृष्ण की जो गौपालक थे। बाल्यावस्था से ही गाय चराते थे। उनके साथ जंगल में जाते थे और उन्हें सुख पहुंचाने के लिए बांसुरी बजाते थे। कवि सूरदास ने अपने कवित्त में इस दृश्य का सुंदर वर्णन किया है- 
धनि यह बृंदावन की रेनु।
नंदकिसोर चरावत गैयां मुखहिं बजावत बेनु।।
मनमोहन को ध्यान धरै जिय अति सुख पावत चैनु।
चलत कहां मन बस पुरातन जहां कछु लेन न देनु।।
इहां रहहु जहं जूठन पावहु ब्रज बासिनि के ऐनु।
सूरदास ह्यां की सरवरि नहिं कल्पबृच्छ सुरधेनु।।

किंतु हमारे सांस्कृतिक मूल्य और गायों के प्रति हमारे दायित्वबोध की उस समय धज्जियां उड़ गईं जब यह घटना सामने आई कि भोपाल के बैरसिया के बसई गांव की गौसेवा भारती गौशाला में 100 से अधिक गायों की दर्दनाक ढंग से मौत हो गई है। जब पत्रकारों की एक टीम गौशाला पहुंची तो वहां उन्होंने 500 से अधिक गायों को ठंड में कंपकंपाते पाया। इन सभी को खुले आसमान के नीचे छोड़ दिया गया था। उनके लिए शेड तक की व्यवस्था नहीं थीं। गायों के खाने के लिए भूसा और पानी तक की व्यवस्था नहीं थी। जिस जगह चारा डाला जाता है, वहां मिट्टी जमी हुई थी। रात करीब डेढ़ बजे एक गाय उस पत्रकार दल के सामने ही लड़खड़ाकर गिर गई। करीब 10 मिनट बाद उसने दम तोड़ दिया। यह दृश्य देख कर पत्रकार दल भी सकते में आ गया। गौशाला के सूखे कुए में अनेक गायों के शव मिले। ट्रॉली भरकर गायों की हड्डियां गौशाला से निकाली गईं। 
भोपाल के बैरसिया में भाजपा नेता निर्मला देवी शांडिल्य की गौशाला में रविवार को कुएं में 20 गायों के शव, वहीं मैदान में 80 से ज्यादा गायों के शव और कंकाल पड़े मिले थे। इसके बाद पुलिस ने गौशाला संचालक निर्मला देवी पर केस दर्ज किया। वहीं प्रशासन ने गौशाला का संचालन अपने हाथ में ले लिया। निर्मला देवी 20 साल से गौशाला का संचालन कर रही हैं। बैरसिया की यह गौशाला सरकारी जमीन पर है। करीब 10 एकड़ जमीन पर कब्जा किया गया है। यहां तार फेंसिंग कर बाड़ा बनाया गया है। आसपास के गांवों के किसान मवेशियों को गौशाला में छोड़ जाते हैं। मवेशी की सेवा के लिए किसान 100-200 रुपए का अनुदान देते हैं। पत्रकारों के पूछने पर एक गैरजिम्मेदाराना बयान गौशाला की संचालक निर्मला देवी के द्वारा दिया गया कि ‘‘एक गाय की सेवा के लिए प्रशासन से डेढ़ रुपए मिलता है। वह भी दो-तीन साल में। ऐसे में इतने कम पैसे में गाय की सेवा करना मुमकिन नहीं। फिर भी मैं अपने स्तर पर गायों की सेवा कर रही हूं।’’ वहीं रात में गायों को खुले आसमान के नीचे रखने पर उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन ने गायों को बाहर रखा है। मैंने गायों के लिए पन्नी लगाकर उनके रहने की व्यवस्था बनाई थी, जिसे प्रशासन ने निकाल दिया।’’
गौशाला में गायों के लिए खाना नहीं होने पर उन्होंने कहा कि वे हर रोज भूसा मंगाती हैं। निर्मला देवी ने हंसते हुए पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘मैं भाजपा की नेता हूं। 30 साल से सक्रिय कार्यकर्ता रही हूं। भाजपा से ब्लॉक अध्यक्ष रही हूं। मंडी सदस्य भी रही हूं। पहले मंडी वाली और अब गौशाला वाली मैडम के नाम से जानी जाती हूं। ठंड के कारण 3-4 गायें मर गई हैं। हम कितना ध्यान दें। पन्नी (पॉलीथिन) के कारण मौत हो जाती हैं। मैं बुजुर्ग महिला हूं। मुझे परेशान किया जा रहा है। जो आरोप लगा रहे हैं, वो हमारे विरोधी हैं। हमारे पास 400 गायें हैं। अधिकतर गायें किसानों की हैं।’’
ठंड और भूख से सौ गायों की मौत पर कोई गौशाला की संचालक कैसे हंस कर बात कर सकता है? संचालक निर्मला देवी का हंसता हुआ वीडियो वायरल हो गया। जिसने भी देखा वह इस असंवेदना पर चकित रह गया। उधर सिलसिला यहीं नहीं थमा। गायों की मौत के बाद प्रशासन ने गौशाला का अधिकार अपने हाथ में ले लिया, लेकिन देख-रेख के लिए तुरंत अमला तैनात नहीं किया। गायें भूख-प्यास से तड़पती रहीं। उन्हें देखने वाला कोई नहीं था। कई गायें भोजन के लिए गौशाला से निकलकर तालाब की तरफ घूमती रहीं। इस दौरान उन्हें रोकने वाला भी कोई नहीं था। इधर कुत्तों के झुंड ने गायों पर हमला भी कर दिया। गौशाला की सुरक्षा में तैनात पुलिस बल ने पत्रकारों को बताया कि रात करीब 10 बजे प्रशासन ने गायों के लिए 1 ट्रक भूसा भेजा, लेकिन वह गायों को दिया ही नहीं गया। भूसा ट्रक पर ही लदा रहा, क्योंकि प्रशासन ने गायों की देखरेख के लिए किसी की ड्यूटी नहीं लगाई थी। यानी गायें भूख से छटपटा रही थीं, भूखा ट्रक में मौजूद था और किसी की ड्यूटी लगाए जाने की प्रतीक्षा की जा रही थी।
बात सरकारी व्यवस्थाओं की जाए तो मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री गौसेवा योजना शुरू की और इस योजना में 960 गौशालाओं का निर्माण किया जा चुका है। इस पर कुल 256.77 करोड़ रुपए खर्च किए गए। प्रदेश सरकार प्रति गाय 20 रुपए खर्च कर रही है. चालू साल 2021-22 में कुल 81 करोड़ खर्च किए गए। वैसे मध्यप्रदेश में 2200 गौशालाएं सक्रिय हैं। इनमें से 1587 गौशालाएं सरकार चलाती है। इन गौशालाओं में 2 लाख 55 हजार गौवंश पल रहा है। प्राइवेट संस्थाएं 627 गौशाला चला रही हैं। इनमें 1,73,874 गौवंश का पालन किया जा रहा है। 
गौशाला में गायों की मौत पर कई सवाल उठने ही थे कि शासन बैरसिया की इस गौशाला के लिए कितना पैसा दे रही थी और उस पैसे का उपयोग गायों की जीवन रक्षा के लिए क्यों नहीं किया गया? ऐसे बहुत से प्रश्न हैं जिनकी जांच होगी। तथ्य सामने आएंगे। दोषियों को सज़ा मिलेगी। राजनीतिक चश्में आंखों पर लगा कर भी बहसें हो रही हैं और होती रहेंगी। लेकिन इन सबके बीच हमें अपने गिरेबां में भी झांक लेना चाहिए कि अपनी गौमाता की हम कितनी चिंता करते हैं? हमें स्वयं से प्रश्न पूछना चाहिए कि क्या गौमाता पालतू पशु है या आवारा पशु है? यदि पालतू पशु है तो वह सड़कों, चौराहों, गलियों में क्यों घूमती दिखती है? कौन हैं उनके पालक जिन्होंने उन्हें अनुपयोगी जानकर सड़कों पर छोड़ दिया? हमने गौमाता को एक ऐसा भिखारी बना दिया है जो हमारे घर के दरवाज़े पर रोटी मांगने आती है। हम उसे एक-दो रोटी बासी खिला कर पुण्य कमाने के आनंद में डूबे रहते हैं। क्या मात्र इतना ही दायित्व है हमारा, हमारी गौमाता के प्रति कि वह तो हमें हमारे मरने के बाद वैतरणी पार कराने की व्यवस्था कर दे लेकिन हम उसे जीते जी भरपेट खाना और रहने को शेड भी न दें? वस्तुतः इस घटना के बाद शासन, प्रशासन से साथ हम नागरिकों को भी आत्मावलोकन करने की ज़रूरत है। यदि हम गौमाता को ले कर वास्तविकता में संवेदनशील रहें तो ऐसी घटनाएं आकार ही नहीं ले सकेंगी।
  ----------------------------- 
#शरदसिंह  #DrSharadSingh #चर्चाप्लस #दैनिक #सागर_दिनकर #गौशाला #गौमाता #गौरक्षा #गौवंश

Tuesday, February 1, 2022

पुस्तक समीक्षा | बुंदेली लोक परंपराओं पर महत्वपूर्ण शोधात्मक संग्रह | डॉ (सुश्री) शरद सिंह | आचरण

प्रस्तुत है आज 01.02.2022 को #आचरण में प्रकाशित मेरे द्वारा की गई लेखिका श्रीमती जयंती सिंह लोधी की पुस्तक "हमाओ सागर" की समीक्षा... 
आभार दैनिक "आचरण" 🙏
---------------------------------------
पुस्तक समीक्षा
बुंदेली लोक परंपराओं पर महत्वपूर्ण शोधात्मक संग्रह
समीक्षक - डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह
-------------------------------------
पुस्तक - हमाओ सागर : बुंदेली रीति रिवाज और गायकी
लेखिका - जयंती सिंह लोधी
प्रकाशक- जिज्ञासा प्रकाशन, ई-86, स्वर्ण जयंतीपुरम,  गाजियाबाद,  (उप्र) - 201013
मूल्य   - 100 रुपए 
-------------------------------------
लोक संस्कृति हमारी परंपराओं जातीय स्मृतियों तथा रीति-रिवाजों की संवाहक होती है। लोक संस्कृति विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में विस्तारित रहती हैं जिस क्षेत्र की जो संस्कृति होती है वह उस क्षेत्र के नाम से ही जानी जाती है। जैसे बुंदेलखंड की संस्कृति बुंदेली संस्कृत कहलाती है। बुंदेली संस्कृति की अपनी एक अलग पहचान, मौलिक अस्मिता और विशेषताएं हैं। संस्कृति का प्रतिबिंब प्रस्तुत करने के लिए किसी एक दर्पण के रूप में एक शहर, एक जिला या एक संभाग की चुना जा सकता है। समीक्ष्य पुस्तक में सागर के रूप में बुंदेली संस्कृति की छवि का आकलन संयोजन एवं प्रस्तुतीकरण देखा जा सकता है। इसीलिए इस पुस्तक का नाम है ‘‘हमाओ सागर: बुंदेली रीत रिवाज और गायकी’’ जिसकी लेखिका है जयंती सिंह लोधी।
सागर जिले के देवरी कला ग्राम में जन्मी जयंती सिंह लोधी सागर शहर की निवासी है तथा वे गद्य एवं पद्य दोनों विधाओं में लिखती हैं। ‘‘हमाओ सागर’’ का सम्पूर्ण कलेवर कुल दस शीर्षकों में विभक्त है- जन्म समय के रीति रिवाज, विवाह के समय के रीति रिवाज, बरात प्रस्थान, चढ़ाव चढ़ाने का गीत, तीज त्योहार और लोकगीत, श्रावण माह का महत्व और गीत, कार्तिक माह का महत्व और गीत, बुंदेली नृत्य और बुंदेली कलाएं, बुंदेली जेवनार और व्यंजन तथा अंतिम अध्याय सारांश के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस प्रकार लेखिका ने पुस्तक में बुंदेली संस्कारों एवं तीज त्योहार से जुड़ी परंपराओं तथा लोकगीतों को सहेजा है। ख्यातिलब्ध समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर ने पुस्तक की भूमिका लिखते हुए टिप्पणी की है कि ‘‘श्रीमती जयंती सिंह ने बुंदेली यानी बुंदेलखंड की परंपराओं को उनके मौलिक रूप में अपनी पुस्तक में संजोया है तथा उनके साथ ही संदर्भ लोकगीतों को संग्रहित किया है। परंपराएं किसी भी समाज के विकास व स्थिति की प्रमाणिक गवाह होती है। इन परंपराओं में तार्किकता और वैज्ञानिकता और तत्कालीन समाज की चिंताएं भी होती है। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संरक्षण, स्वास्थ्य और समाज के मूल्यों को संरक्षित करने वाली शिक्षिका और मार्गदर्शकाएं भी होती हैं।’’
लेखिका जयंती सिंह लोधी ने ‘‘हमाओ सागर’’ में बुंदेली रीति-रिवाजों और परंपराओं के क्रम को जन्म से जुड़े हुए संस्कारों से आरंभ किया है। जैसा कि पहला अध्याय है ‘‘जन्म समय के रीति रिवाज एवं लोकगीत’’। इस अध्याय में लेखिका ने सोहर गीतों का चयन किया है। जो वस्तुतः गर्भावस्था के दौरान एक स्वस्थ सुंदर संतान के जन्म की सुंदर कल्पना के रूप में गाया जाता है। सोहर लोकगीतों में गर्भवती को बधाइयां दी जाती हैं तथा आने वाली संतान के सुखद भविष्य की कल्पना की जाती है। किंतु  वर्तमान समय में स्थितियां अत्याधुनिक की ओर करवट लेने लगी हैं जिससे इस प्रकार के संस्कार प्रायः पारंपरिक घरों में ही देखने को मिलते हैं। ऐसी स्थिति में लेखिका द्वारा इन सोहर गीतों का संदर्भ सहित संचयन एक महत्वपूर्ण कार्य है। लेखिका द्वारा सहेजे गए सोहर गीत का एक उदाहरण देखें जिसमें सपना देखने के रूप में गर्भावस्था की सूचना दी जा रही है- 
पहले पहर को सपनों सुनो हो
मोरी सास जू महाराज 
चंदा और सूरज मोरे 
अंगना में उग रहे महाराज 
दूजे पहर को सपनों सुनो हो
जिठानी जू महाराज 
गंगा और जमुना दोऊ बहनें
आंगन मोरे बह रही महाराज

इस गीत में चारों पहर के सपने सुनाए गए हैं। इस गीत की विशेषता यह है कि वह चंदा और सूरज जैसे बालकों का सपना देख रही है तो दूसरे पहर में गंगा और जमुना जैसी बालिकाओं का सपना देख रही है, यानी इस लोकगीत में बालक और बालिकाओं में से किसी एक की आकांक्षा न करते हुए दोनों की आकांक्षा की गई है। इस तरह एक बहुत ही सुंदर संदेश इस लोकगीत में निहित है। साथ ही इस बात का द्योतक है कि बुंदेलखंड में परंपरागत रूप से बालिकाओं के प्रति उपेक्षा का भाव नहीं रखा जाता था। इस गीत का चयन प्रथम अध्याय की सार्थकता को बढ़ाता है।      
दूसरा अध्याय है ‘‘विवाह के समय के रीत रिवाज, गीत और उनका महत्व’’। मानव जीवन में गीत का अपना विशेष स्थान है। गीत वह भावनात्मक अभिव्यक्ति है जो सुख, दुख और श्रम सभी स्थितियों से जुड़ी रहती है। जब व्यक्ति प्रसन्न होता है तथा उत्सव और उमंग का अनुभव करता है, तब वह झूम-झूम कर गीत गाने लगता है। जब वह दुखी होता है तो दुख से भरे हुए गीत उसके मन में उमड़ने  लगते हैं। फिर विवाह तो एक ऐसा संस्कार है जिसमें रीति-रिवाजों के अनेक चरण जुड़े रहते हैं जैसे सगाई होने से लेकर और विदाई होने तक। इन सभी संस्कारों में गीत गायन का महत्वपूर्ण स्थान है। जैसे सगाई की रस्म जिससे बुंदेलखंड में ‘‘ओली भराई’’ कहां जाता है, लड़की को वर पक्ष को दिखाने के लिए सजाया जाता है और यह सात सज्जा करते समय जो गीत गाया जाता है उसकी चंद पंक्तियां देखिए-
पहले गणेश मनाओ, मनाओ मोरी बन्नी। 
माथे बन्नी के बैंदी सोहे, 
वेणी में इतर लगाओ, लगाओ मोरी बन्नी। 
कानों में बन्नी के झुमकी सोहे
हां झुमकी सोहे 
आंखों में कजरा लगाओ, लगाओ मोरी बन्नी।

तीसरे अध्याय में बारात प्रस्थान से जुड़ी रस्मों और गीतों की जानकारी है तथा चौथे अध्याय में चढ़ावा चढ़ाने से संबंधित गीतों को सहेजा गया है। इन गीतों में उन गारियों को भी एकत्र किया गया है जिनमें बारातियों से क्यों हल किया जाता है तथा हंसी ठिठोली करते हुए उन पर ताने कसे जाते हैं। इसका उदाहरण देखिए-
कौन गांव से समधी आए 
केबे के हैं रईस मोरी भोंर कली 
बेंदी नईयां हसली नईयां 
टकार लोलक नैया, मोरी भोंर कली।

पांचवें अध्याय में तीज त्योहार और लोकगीत, छठे अध्याय में श्रावण माह का महत्व और गीत, सातवें अध्याय में कार्तिक माह का महत्व और गीत को रखा गया है। आठवें अध्याय में बुंदेली नृत्य और बुंदेली कलाओं को स्थान दिया गया है तथा नवें अध्याय में बुंदेली जेवनार और व्यंजन का विवरण प्रस्तुत है। पुस्तक के अंत में चित्रावली है, जिसमें बुंदेलखंड में आंगन और भित्तियों पर बनाए जाने वाले पारंपरिक चित्रों तथा विभिन्न प्रदर्शनकारी कलाओं से संबंधित छायाचित्र प्रस्तुत किए गए हैं। साथ ही सागर जिले का मानचित्र भी दिया गया है जो इस बात का द्योतक है कि सागर जिले को केंद्र में रखकर बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विशेषताओं को इस पुस्तक में प्रस्तुत किया गया है।
वैश्वीकरण और आज के मशीनी युग में जब मनुष्य भी यांत्रिकता ढलता जा रहा है और अपनी रीति-रिवाजों से दूर होता जा रहा है। ऐसे दुरूह समय में कलाओं का संरक्षण दस्तावेज के रूप में ही किया जा सकता है। इस दिशा में जयंती सिंह लोधी कि यह पुस्तक ‘‘हमाओ सागर’’ एक महत्वपूर्ण कृति कही जा सकती है क्योंकि इसे पढ़कर कोई भी व्यक्ति बुंदेली संस्कृति, बुंदेली जनजीवन, उसके रीति रिवाज तथा उसकी कलाओं के बारे में विस्तार से जान सकता है। 
पुस्तक का कव्हर आकर्षक है किंतु शब्दों की अशुद्धियां खटकती हैं, जैसे ‘‘श्रीमती’’ के स्थान पर ‘‘श्रीमति’’, ‘‘मूड’’ की जगह ‘‘मूड़’’, एक ही पैरा में एक बार ‘‘कोरोना’’ शब्द तो दूसरी बार में ‘‘कुरोना’’ शब्द है। लेखिका के परिचय में भी दो भाषाओं के अंकों का प्रयोग किया गया है। कुल मिला कर पुस्तक में प्रूफ रीडिंग और अच्छे संयोजन की भी कमी है। लेखिका द्वारा प्रस्तुत किए गए श्रम साध्य कलेवर के साथ यह दोष खीर में कंकड़ के समान खटकता है किन्तु विषय सामग्री की दृष्टि से यह पुस्तक निःसंदेह महत्वपूर्ण है। लेखिका में संस्कृति एवं स्वस्थ पारंपरिक मूल्यों के प्रति असीम उत्साह है जो उनके द्वारा संकलित किए गए लोकगीतों से स्पष्ट है। इस पुस्तक के रूप में  लेखिका ने बुंदेली परंपराओं को दस्तावेजी रूप में सहेजने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। यह पुस्तक पठनीय होने के साथ ही संग्रहणीय भी है। वस्तुतः यह एक शोधात्मक पुस्तक है। संग्रहीत की गई सामग्री से ही इस बात का अनुमान लगाया जा सकता है की लेखिका ने इसे लिखने में बहुत श्रम किया है तथा विश्वसनीय पारंपरिक सामग्री जुटाने का सराहनीय कार्य किया है और इस हेतु वे प्रशंसा के पात्र हैं।   
           ----------------------
#पुस्तकसमीक्षा #डॉशरदसिंह #डॉसुश्रीशरदसिंह #BookReview #DrSharadSingh #miss_sharad #आचरण